आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सिद्धार्थ शुक्ला का हुआ अंतिम संस्कार, शहनाज़ का बुरा हाल
अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला का अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर बाद मुंबई में कर दिया गया. गुरुवार को सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया था.
उन्हें गुरुवार को जब अस्पताल ले जाया गया, तब उनकी मौत हो चुकी थी. अभी उनकी मौत की वजह का पता नहीं चल पाया है.
शुक्रवार दोपहर बाद उनका शव मुंबई के कूपर अस्पताल से सीधे ओशिवारा श्मशान घाट ले जाया गया, जहाँ उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ.
उनके अंतिम संस्कार में उनकी माँ, बहनों और चाहने वालों के अलावा उनकी ख़ास दोस्त शहनाज़ गिल भी मौजूद थी. उनके कई साथी कलाकार भी वहाँ पहुंचे थे.
हालाँकि इस दौरान तेज़ बारिश भी हुई. लेकिन इन सबके बीच बड़ी संख्या में लोग वहाँ मौजूद थे.
चर्चित टीवी सीरियल बालिका बधु के अलावा बिग बॉस सीज़न-13 के कारण सिद्धार्थ शुक्ला को काफ़ी लोकप्रियता मिली थी.
सिद्धार्थ शुक्ला बिग बॉस के साथ-साथ खतरों के खिलाड़ी के भी विजेता बने थे.
मॉडलिंग से अपना करियर शुरू करने वाले सिद्धार्थ शुक्ला के घर में उनकी माँ और दो बहनें हैं. दोनों बहनों की शादी हो चुकी है.
सिद्धार्थ शुक्ला के पिता का निधन बहुत पहले ही हो चुका था, उस समय सिद्धार्थ अपने करियर को लेकर संघर्ष कर रहे थे.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ सिद्धार्थ शुक्ला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कहा गया है कि उन्हें कोई अंदरूनी या बाहरी चोट नहीं थी, लेकिन मौत के कारणों के लिए अब विसरा की जाँच होगी.
सिद्धार्थ शुक्ला की पीआर टीम ने उनके परिजनों की ओर से बयान जारी करके मीडिया से अनुरोध किया है कि परिजनों और प्रियजनों की निजता का सम्मान किया जाए.
बयान में कहा गया है- हम सभी पीड़ा में हैं. जैसे आप सदमे में हैं, हम सब भी सदमे में हैं. हम सभी जानते हैं कि सिद्धार्थ प्राइवेसी पसंद करते थे, इसलिए प्लीज़ आप भी उनकी और उनके परिवार की प्राइवेसी का सम्मान कीजिए और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कीजिए.
शहनाज़ गिल
बिग बॉस के दौरान सिद्धार्थ और शहनाज़ गिल की दोस्ती काफ़ी चर्चित रही. बिग बॉस शो ख़त्म होने के बाद भी वे दोनों अक्सर साथ देखे जाते थे. हालाँकि उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने रिश्ते के बारे में कभी भी खुलकर नहीं कहा.
बिग बॉस के दौरान दोनों की जोड़ी इतनी लोकप्रिय हो गई थी कि हैशटैग सिडनाज़ काफ़ी लोकप्रिय हुआ था. आज भी सिडनाज़ से ही उनके फ़ैंस उन्हें पुकारते हैं.
सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज़ गिल कई वीडियो में भी साथ नज़र आए. हाल ही में बिग बॉस ओटीटी में भी वे दोनों साथ नज़र आए थे.
सिद्धार्थ शुक्ला के घर पर होने वाली हर पार्टी में शहनाज़ साथ नज़र आती थीं.
शहनाज़ के पिता ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि सिद्धार्थ के निधन से शहनाज़ का बुरा हाल है. अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुँची शहनाज़ की पीड़ा साफ़ दिख रही थी.
बिग बॉस के बाद शहनाज़ गिल को भी काफ़ी काम मिल रहा था. कई म्यूज़िक वीडियो के साथ उन्हें कुछ फ़िल्में भी मिली थीं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)