आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
तमिलनाडु सदन में किसने किसकी शर्ट फाड़ी!
तमिलनाडु विधानसभा में पिछले 30 सालों में पहली बार हुए विश्वासमत के दौरान चढ़े सियासी पारे में कई शर्टें फटीं.
समाचार ऐजेंसी पीटीआी ने ट्वीट किया कि सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर पी धनपाल की शर्ट पर किसी ने हाथ मार डाला और वो फट गई.
शनिवार को तमिलनाडु विधानसभा में पलनीसामी को बहुमत साबित करना था. उन्हें गुरूवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी.
डीएमके के कार्यकारी अध्यक्ष एमके स्टालिन भी फटी शर्ट के साथ दिखे. हालांकि उन्होंने कहा कि स्पीकर ने अपनी शर्ट ख़ुद ही फाड़ी है और वह डीएमके विधायकों पर इलज़ाम लगा रहे हैं.
विश्वास मत के दौरान कुर्सियां भी तोड़ी गईं और किसी ने स्पीकर की माइक पर भी हाथ साफ़ किया.
स्पीकर ने कहा कि उन्हें विधानसभा में अपमानित किया गया.
स्टालिन ने कहा कि उनकी मांग स्पीकर मान लेते तो विधानसभा में हंगामा बिल्कुल नहीं होता. स्टालिन ने विश्वासमत के दौरान गोपनीय वोटिंग की मांग की थी जिसे स्पीकर ने ख़ारिज कर दिया था.
दो बार विधानसभा स्थगित होने के बाद जब हंगामा नहीं थमा तो विधानसभा अध्यक्ष ने मार्शल बुलाने का आदेश दिया और डीएमके विधायकों को सदन से बाहर किया गया. इसके बाद कांग्रेस सदन से वॉकआउट कर गई. विपक्ष की ग़ैरमौजूदगी में पलनीसामी ने विधानसभा में ध्वनिमत से बहुमत हासिल किया.
डीएमके विधायकों के साथ स्टालिन मरीना बीच पर महात्मा गांधी की मूर्ति के पास धरने पर बैठ गए हैं. स्टालिन का कहना है कि उनके साथ हाथापाई की गई. इस बीच पीटीआई ने ट्वीट किया है कि पुलिस ने डीएमके नेता स्टालिन को हिरासत में ले लिया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)