आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मोदी के 'मन की बात' में भी भेद-भाव: डिंपल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग थमती नहीं दिख रही है.
जौनपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव ने प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा.
डिंपल यादव ने कहा कि जो तीन सालों से मन की बात कर रहे हैं उनकी बात में जाति-धर्म, दिवाली-रमज़ान और श्मशान-क़ब्रिस्तान में भेदभाव दिखता है.
इससे पहले, मोदी ने अखिलेश सरकार पर धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया था. मोदी ने कहा था कि प्रदेश सरकार क़ब्रिस्तान और श्मशान में भेदभाव करती है.
जौनपुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसभा क्षेत्र बनारस के पास है. यहां आख़िरी चरण में मतदान होना है. डिंपल ने रैली में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि एक बार प्रदेश ने ग़लती कर दी है अब वो ग़लती दोहराई नहीं जानी चाहिए.
बीजेपी को 2014 के आम चुनाव में यूपी की कुल 80 लोकसभा सीटों में से 71 सीटों पर जीत मिली थी.
डिंपल ने कहा कि अब तीन साल बाद प्रधानमंत्री फिर से किसानों के क़र्ज़ माफी की बात कर रहे हैं. डिंपल ने पूछा कि पीएम तीन सालों तक कहां थे. उन्होंने लोगों से कहा कि एक बार फिर से प्रधानमंत्री आपको फंसाने की कोशिश कर रहे हैं और इसे लेकर सतर्क रहना चाहिए.
डिंपल ने पीएम पर निशाना साधते हुए कहा, ''इनके विचार ठीक नहीं है. ये अपने स्वार्थ के लिए लोगों को आपस में ही लड़ाते हैं. 3 साल मन की बात करते करते कब हमारी बहनों, माताओं का सिलेंडर 400 रुपए से 700 रुपए हो गया, आपको पता चला?''
उत्तर प्रदेश के 11 जिलों की 51 सीटों पर पांचवें चरण में सोमवार को मतदान है.