आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
ELECTION SPECIAL: अमेठी के इस गांव के लोग नहीं कर रहे हैं वोटिंग
- Author, समीरात्मज मिश्र
- पदनाम, अमेठी से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
- प्रकाशित
अमेठी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले परसौली गांव के लोग मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं.
गांव के क़रीब दो हज़ार मतदाता इस बात से नाराज़ हैं कि उनके यहां तीन दशक पुरानी सड़क की आज तक मरम्मत भी नहीं की गई है, नई सड़क बनाने का मुद्दा तो दूर की बात है.
गांव के एक व्यक्ति दीप नारायण कहते हैं, "उनके गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली सड़क संजय गांधी ने तब बनवाई थी जब वो यहां से सांसद थे."
लेकिन उसके बाद से इस टूटी सड़क की कभी मरम्मत भी नहीं की गई.
गांव के लोगों का कहना है कि उन्होंने तीन महीने पहले से ही मतदान के बहिष्कार की घोषणा की थी और गांव के बाहर बैनर भी लगा दिया था.
कई अधिकारी आए भी लेकिन उन्होंने किसी तरह का कोई आश्वासन नहीं दिया.
अमेठी सीट में इस बार समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी में त्रिकोणीय लड़ाई है.
समाजवादी पार्टी से मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति उम्मीदवार हैं जबकि कांग्रेस और बीजेपी से संजय सिंह की दोनों पत्नियां चुनाव लड़ रही हैं.
गांव के एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि गायत्री प्रजापति ने धमकी दी थी कि वो इस गांव की सड़क नहीं बनने देंगे क्योंकि यहां के लोगों ने उन्हें वोट नहीं दिया था.
कई आला अधिकारी और पुलिस अधिकारी लोगों को मतदाने के लिए मनाने में लगे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)