आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
महेश भट्ट को 'जबरन वसूली' के लिए धमकी
फ़िल्मकार महेश भट्ट को कथित तौर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने 'जबरन वसूली' के लिए धमकी दी है. उसने उनकी बेटी आलिया भट्ट को भी मारने की धमकी दी.
समाचार एजंसी पीटीआई के अनुसार इस बारे में मुंबई पुलिस की फिरौती-विरोधी शाखा में शिकायत दर्ज की गई है और उनकी अपराध शाखा जाँच कर रही है.
एजेंसी के अनुसार मुंबई पुलिस के डीसीपी अशोक दुधे ने बताया कि उत्तर प्रदेश के एक अज्ञात व्यक्ति ने हाल ही में महेश भट्ट को फ़ोन किया और व्हाट्सऐप पर 50 लाख रूपए की फिरौती की माँग की. उसने साथ ही आलिया भट्ट को भी नुक़सान पहुँचाने की धमकी दी.
महेश भट्ट ने इस बारे में ट्वीट कर पुलिस का आभार जताया है.
उन्होंने लिखा - "फिरौती और मेरे परिवार को जबरन वसूली के लिए दी गई धमकी ने चौंका दिया था जिसे महाराष्ट्र और मुंबई पुलिस ने अपने तालमेल से शुरूआत में ही नियंत्रित कर लिया. उनका आभार."
बीते साल महाराष्ट्र नव निर्माण सेना ने महेश भट्ट से कहा था कि उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ फ़िल्म बनाई तो वे उन्हें 'पीटेंगे'.
संगठन ने फ़िल्म निर्देशक करण जौहर को भी धमकी दी थी.