आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
केवल महिला क्रू वाले विमान ने लगाया दुनिया का चक्कर
भारत की सरकारी एयरलाइन कंपनी 'एयर इंडिया' ने कहा है कि पूरी तरह से महिला चालक दल वाले उसके एक यात्री विमान ने दुनिया का चक्कर लगाया है.
एयर इंडिया की इस फ़्लाइट ने सोमवार को नई दिल्ली से अमरीका के सैन फ्रांसिस्को के लिए उड़ान भरी थी. यह शुक्रवार को वापस लौटकर भारत आई.
बोइंग 777 विमान अमरीका जाते हुए प्रशांत महासागर और भारत वापसी के समय अटलांटिक महासागर के ऊपर से उड़कर आया. कंपनी के मुताबिक इस तरह से दुनिया का चक्कर पूरा हुआ.
एयर इंडिया ने कहा है कि उसने गिनीज़ बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया है.
कंपनी ने कहा है कि इस उड़ान के लिए चेक इन और ग्राउंड स्टाफ़, उड़ान को फ़िटनेस सर्टि़फ़िकेट देने वाली इंजीनियर और विमान को नई दिल्ली से उड़ने और वापसी में उतरने की इजाज़त देने वाली एयर ट्रैफ़िक कंट्रोलर भी महिलाएं ही थीं.
एयर इंडिया ने कहा है कि हर साल आठ मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में वह पूरी तरह महिला टीमों वाली उड़ानों का संचालन करेगी.
पुरुष द्वारा अपनी महिला सहयात्रियों को छूने की शिकायत के बाद एयर इंडिया ने इस साल जनवरी से महिलाओं के लिए अलग से सीटें देना शुरू किया था.