आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अखिलेश यादव से ख़फ़ा अमर सिंह मोदी पर फ़िदा
- Author, वात्सल्य राय
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
समाजवादी पार्टी से निष्कासित राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने उत्तर प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तीखी आलोचना की है और उन्हें घमंडी क़रार दिया है.
इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जम कर तारीफ़ करते हुए उम्मीद जताई कि भ्रष्टाचार में शामिल उत्तर प्रदेश के लोगों को जेल भेजा जाएगा.
बीबीसी से ख़ास बात करते हुए अमर सिंह ने कहा, "अखिलेश इतने घमंडी हैं कि अपनी हार और पराभव भी शालीनता से स्वीकार नहीं कर रहे हैं यहां तक कि उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अपने अंतिम प्रेस कांफ्रेंस में भी मोदी पर तंज किए."
वे अखिलेश के बारे में कहते हैं, "रस्सी जल गई, ऐंठन नहीं गई है."
'सपा समाप्त'
अमर सिंह मानते हैं कि अखिलेश के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी मर चुकी है, क्योंकि पार्टी की आत्मा मुलायम सिंह और उसकी रीढ़ शिवपाल सिंह हैं और दोनों को बुरी तरह से अपमानित किया गया है.
वे कहते हैं, "अखिलेश ने शिवपाल सिंह को हराने की खुले आम अपील की. पर शिवपाल ने संघर्ष की राजनीति की है. नतीजतन, वे मोदी की सुनामी में भी 53,000 वोटों से जीत दर्ज करने में कामयाब रहे."
समाजवादी पार्टी के पूर्व नेता और किसी समय अखिलेश के नज़दीक रहने वाले अमर सिंह ने सपा के नेताओं और सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए.
उन्होंने कहा, "बीते 15 साल में सपा और बसपा की सरकारों के दौरान भ्रष्टाचार की गंगा कलकल छलछल बहती रही है. मुझे उम्मीद है कि मोदी तमाम भ्रष्टाचारियों को जेल भेजेंगे."
समाजवादी पार्टी और अखिलेश की इतनी ज़बरदस्त आलोचना करने वाले अमर सिंह नरेंद्र मोदी की तारीफ़ करते नजर आए.
अमर सिंह इस बात से बेहद नाराज़ दिखते हैं कि मोदी के ख़िलाफ़ ग़लत भाषा का प्रयोग किया गया.
उन्होंने कहा, "आदरणीय मोदी जी को रावण और गधा कहा गया, लालू जी के ज़रिए उन्हें चील और गिद्ध कहा गया."
वे कहते हैं, "यादवों को छोड़ उत्तर प्रदेश के तमाम लोग मोदी जी के नेतृत्व में एकजुट हो गए. मैंने पहले ही कहा था कि भाजपा को उत्तर प्रदेश में 300 से ज़्यादा सीटें मिलेंगी. ऐसा ही हुआ."
अमर सिंह यह भी जोड़ते हैं कि वे "मोदी की चापलूसी नहीं कर रहे हैं."
अपने पुराने रिश्तों की दुहाई देते हुए अमर सिंह कहते हैं कि अखिलेश उनके भतीजे हैं और हमेशा रहेंगे, पर वे अब कभी समाजवादी पार्टी नहीं लौटेंगे.