आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
चप्पल से 'पीटने' पर शिवसेना सांसद के खिलाफ केस
एक एयर इंडिया कर्मचारी के साथ कथित तौर पर मारपीट करने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के कारण शिवसेना के सांसद रवींद्र गायकवाड़ के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई है.
यह वारदात कथित तौर पर पुणे-दिल्ली उड़ान में हुई. गायकवाड़ उस्मानाबाद से लोकसभा सांसद हैं.
कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि उनकी एनक तोड़ी गई और उन्हें भला बुरा कहा गया, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी.
सांसद ने एक मीडिया हाउस के पत्रकार से बातचीत में माना कि उन्होंने चप्पल से कर्मचारी को 25 बार मारा और उन्होंने इसका कारण उनकी शिकायत पर विमान कर्मचारियों की ओर से कार्रवाई न होना बताया.
नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजु ने संसद परिसर में पत्रकारों को बताया कि किसी नागरिक को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए.
उन्होंने कहा, "किसी तरह की हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया जा सकता. इसकी निंदा की जाएगी. ऐसी घटना कभी नहीं होनी चाहिए."