आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
मदरसों में 15 अगस्त को राष्ट्रगान और झंडारोहण की वीडियोग्राफ़ी के आदेश
- Author, समीरात्मज मिश्र
- पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
उत्तर प्रदेश सरकार ने 15 अगस्त को प्रदेश के सभी मदरसों में राष्ट्रगान गाने, तिरंगा लहराने और इनके समेत दूसरे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी करने के आदेश दिए हैं.
उत्तर प्रदेश मदरसा बोर्ड की ओर से तीन अगस्त को ज़िलों के अल्पसंख्यक अधिकारियों को भेजे पत्र में स्वतंत्रता दिवस पर इन कार्यक्रमों की समय सारणी भी तय की गई है.
राज्य मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार राहुल गुप्ता की ओर से भेजे गए इस पत्र में कहा गया है कि सुबह आठ बजे झंडारोहण और राष्ट्रगान होगा, सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, उसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे.
पत्र के अंत में ये भी लिखा है कि इन सभी कार्यक्रमों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराकर ज़िले के अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को सौंपा जाए.
जानकारों के मुताबिक ऐसा पहली बार हो रहा है कि ख़ासतौर पर मदरसों के लिए इस तरह का फ़रमान आया हो. उत्तर प्रदेश में क़रीब आठ हज़ार मदरसे हैं जिन्हें राज्य मदरसा बोर्ड संचालित करता है. इनमें से क़रीब दो तिहाई ऐसे हैं जो पूरी तरह से सराकरी वित्तीय सहायता पर चलते हैं.
राज्य सरकार के इस फ़ैसले पर कुछ मुस्लिम संगठनों ने ऐतराज़ जताया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)