आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
राम रहीम ने समर्थकों से फिर की शांति की अपील
बलात्कार के आरोप के मामले में फ़ैसला आने से पहले चंडीगढ़ में उमड़ी समर्थकों की भीड़ से गुरमीत राम रहीम सिंह ने शांति बनाए रखने की अपील की है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, डेरा सच्चा सौदा प्रमुख ने एक वीडियो जारी कर समर्थकों से वापस लौट जाने की अपील की है.
अपने संदेश में उन्होंने कहा है, "मैंने पहले भी शांति बनाए रखने की अपील की थी और समर्थकों से पंचकूला न जाने को कहा था. जो लोग पंचकूला पहुंच गए हैं उन्हें अपने घरों को लौट जाना चाहिए."
शुक्रवार को पंचकूला की सीबीआई अदालत इस मामले पर अपना फ़ैसला सुनाने वाली है.
पंचकूला पहुंचे डेरा समर्थकों को हटाना सुरक्षा बलों के लिए मुश्किल बन गया है. वे अपने गुरु की एक झलक देखने के लिए इकठ्ठा हुए हैं.
एक अनुमान के अनुसार, सीबीआई कोर्ट के आसपास क़रीब डेढ़ लाख लोग जमा हैं जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राम रहीम समर्थकों की भारी संख्या की वजह से पंचकूला में आपात स्थिति जैसे हालात बन गए हैं.
समर्थकों को काबू में रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए जाने के अलावा प्रशासन ने सेना से भी मदद मांगी है.
स्थिति बेकाबू होने की आशंका के चलते, हरियाणा में तीन दिनों के लिए सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं और सिरसा के आस-पास कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
वीडियो संदेश में गुरमीत राम रहीम ने अपने समर्थकों से पंचकूला जाने से मना किया है और कहा है कि फ़ैसला उन्हें सुनना है इसलिए वो अदालत जाएंगे.
इससे पहले वो सोशल मीडिया के माध्यम से भी समर्थकों से शांति की अपील कर चुके हैं.
फ़ैसले के मद्देनज़र एहतियात के तौर पर हरियाणा और पंजाब में इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
हाईकोर्ट ने दिए थे निर्देश
गुरुवार को सुबह पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने डेरा प्रमुख से समर्थकों को समझाने को कहा था ताकि वो अपने घरों को लौट जाएं.
कोर्ट ने हरियाणा सरकार को भी इस बात के लिए फटकार लगाई कि प्रतिबंध के आदेश के बावजूद उसने क्यों डेरा समर्थकों को इतनी बड़ी संख्या में पंचकूला आने दिया.
विवादों के साथ रिश्ता
गुरमीत राम रहीम अपनी फ़िल्म एमएसजी (मैंसेंजर ऑफ गॉड) और अपने आश्रम की निजी सेना को प्रशिक्षण देने के मुद्दे को लेकर भी चर्चा में रहे हैं.
राम रहीम पर इसके अलावा भी कई विवाद रहे हैं. उनपर सीबीआई ने दो हत्याओं में आरोप पत्र दाखिल किया था.
उनपर अदालत में हत्या, बलात्कार और जबरन नसबंदी कराने का मामला चल रहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)