आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रजनीकांत: बस कंडक्टर से सुपरस्टार तक
प्रकाशित
दक्षिण भारत के सुपरस्टार रजनीकांत ने राजनीति में आने की घोषणा कर दी है. रजनीकांत के प्रति लोगों की दीवानगी पागलपन के हद तक जाती है. 2021 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में रजनीकांत की नई पार्टी भी मैदान में होगी.
अब वक़्त बताएगा कि लोग उनमें केवल अभिनेता देखते हैं या नेता भी. हम आपको यहां उनके जीवन की 15 ख़ास बातें बता रहे हैं-
- जीजाबाई और रामोजी राव की चार संतानों में शिवाजी राव गायकवाड़ सबसे छोटे थे. जीजाबाई ने 12 दिसंबर 1950 को बेंगलुरु में शिवाजी राव गायकवाड़ को जन्म दिया था. यही शिवाजी राव आगे चलकर रजनीकांत बने.
- रजनीकांत पांच साल के थे तभी उनकी मां का निधन हो गया. मां के निधन के बाद इस परिवार के लिए घर चलाना इतना आसान नहीं था. रजनीकांत ने घर चलाने के लिए कूली तक का काम किया. सुपरस्टार बनने से पहले रजनीकांत बस कंडक्टर थे.
- रजनीकांत के दोस्त राज बहादुर ने उनके अभिनेता बनने के सपने को ज़िंदा रखा. बहादुर ने ही रजनीकांत को मद्रास फ़िल्म इंस्टिट्यूट में दाखिला लेने के लिए कहा था. दोनों में अब भी दोस्ती है.
- रजनीकांत ने तमिल फ़िल्म इंडस्ट्री में एंट्री बालचंद्र की फ़िल्म 'अपूर्वा रागनगाल' से मारी थी. इस फ़िल्म में कमल हासन और श्रीविद्या भी थीं.
- रजनीकांत ने अपने अभिनय की शुरुआत कन्नड़ नाटकों से की थी. दुर्योधन की भूमिका में रजनीकांत काफ़ी लोकप्रिय हुए थे.
- कई नकारात्मक किरदारों का अभिनय करने के बाद रजनीकांत पहली बार नायक के रूप में एसपी मुथुरमन की फ़िल्म भुवन ओरु केल्विकुरी में दिखे थे. इस फ़िल्म के बाद मुथुरमम और रजनीकांत की जोड़ी ख़ूब जमी और इन्होंने 25 फ़िल्मों में काम किया.
- रजनीकांत को पहली व्यावसायिक सफलता बिल्ला फ़िल्म में मिली. 1978 में अमिताभ बच्चन अभिनित फ़िल्म डॉन बिल्ला की ही रीमेक थी.
- रजनीकांत ने पहली बार मुंदरू मूगम में तिहरा रोल किया था. इस फ़िल्म के लिए उन्हें तमिलनाडु सरकार से बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला था.
- रजनीकांत एक कन्नड़ नाटक में अभिनय कर रहे थे तभी उन्हें फ़िल्म निर्देशक के बालचंद्र ने नोटिस किया था. नाटक देखने के बाद बालचंद्र ने रजनीकांत से तमिल सीखने के लिए कहा था.
- टी रामा राव की फ़िल्म अंधा क़ानून रजनीकांत की पहली हिन्दी फ़िल्म थी. इस फ़िल्म में अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी और रीना रॉय भी थीं.
- 1985 में सुपरस्टार रजनीकांत ने 100 फ़िल्में पूरी कीं. श्री राघवेंद्र रजनीकांत की 100वीं फ़िल्म थी और इसमें उन्होंने हिंदू संत राघवेंद्र स्वामी का रोल किया था.
- 1988 में रजनीकांत ने ब्लडस्टोन में इंग्लिश ऐक्शन से आग़ाज़ किया था.
- रजनीकांत की फ़िल्म राजा चाइना रोजा पहली तमिल फ़िल्म थी जिसमें एनिमेशन भी शामिल किया गया था.
- 1995 में बनी फ़िल्म आतंक ही आतंक में रजनीकांत आमिर ख़ान और जूही चावला के साथ दिखे.
- तमिल, हिन्दी, मलयालम, कन्नड़ और तेलुगू के साथ रजनीकांत ने भाग्य देबता नाम की एक बांग्ला फ़िल्म में भी अभिनय किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं)