आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
पंजाबी गायक को गोली मारी, फ़ेसबुक पर डाली फ़ोटो
- Author, सरबजीत सिंह धालीवाल
- पदनाम, बीबीसी पंजाबी सेवा
- प्रकाशित
लोकप्रिय पंजाबी गायक और ऐक्टर परमिश वर्मा पर पंजाब के मोहाली में जानलेवा हमला हुआ है. बताया जा रहा है कि वो गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
शुक्रवार को करीब 12 बजे कुछ अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
परमिश पंजाब में काफी चर्चित हैं और उनका गाना 'गाल नहीं किडनी' पंजाबी बोलने वालों में बहुत पसंद किया जाता है.
मोहाली के एसएसपी कुलदीप चहल ने बीबीसी पंजाबी को बताया की गोली परमिश के पैर में लगी है. उन्होंने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है.
दिलप्रीत सिंह धहन नाम के एक गैंगस्टर ने फ़ेसबुक पर ख़ुद को इस हमले के पीछे ज़िम्मेदार बताया है.
उन्होंने पिछली रात फ़ेसबुक पर दो तस्वीरें पोस्ट कीं जिनमें से एक में वो हाथ में पिस्तौल लिए नज़र आ रहे हैं.
दिलप्रीत ने फ़ेसबुक पर लिखा है, "वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फ़तह. मैं सबको बताना चाहता हूं कि मैंने परमिश को गोली मार दी है.''
उन्होंने आगे लिखा है, ''परमिश, तुमने मुझे चैंलेंज किया था कि मैं जब, जहां चाहूं तुम्हारे सामने आ जाऊं. अब मैं तुम्हारे सामने आ गया हूं तो तुम भागे-भागे फिर रहे हो. तुम्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था. तुम्हें मेरी बात मान लेनी चाहिए थी. मुझे मालूम नहीं कि ये जंग कहां ख़त्म होगी..."
दिलप्रीत की इस पोस्ट को तक़रीबन 1,946 शेयर किया गया है. लोगों ने उनकी पोस्ट पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं.
किसी ने लिखा है कि परमिश जहां भी पहुंचे हैं अपनी मेहनत से पहुंचे हैं. दिलप्रीत को ऐसा नहीं करना चाहिए था.
हालांकि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि वाक़ई दिलप्रीत ने ही परमिश को गोली मारी है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उनके इस दावे में कोई सच्चाई है या नहीं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)