आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
CBSE दसवीं परीक्षाः ऑल इंडिया में चार टॉपर, 1.31 लाख को 90% से ज्यादा अंक
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानि सीबीएसई ने इस साल हुई दसवीं के इम्तिहान का रिजल्ट जारी कर दिया है.
दिलचस्प बात ये है कि इस बार देश भर में चार छात्रों ने 500 में 499 अंक लेकर पहले स्थान हासिल किया है.
डीपीएस गुड़गांव के प्रखर मित्तल, आरपी पब्लिक स्कूल बिजनौर की रिमझिम अग्रवाल, शामली के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल की नंदिनी गर्ग और कोचिन के भवन्स विद्यालय की श्रीलेखा जी इस साल की टॉपर हैं.
चार टॉपरों में से तीन लड़कियां हैं.
16.24 लाख बच्चे परीक्षा में हुए थे शामिल
मानव संसाधन मंत्रालय के सचिव अनिल स्वरूप ने बच्चों रिजल्ट देखकर को परेशान न होने की सलाह दी है.
उन्होंने ट्वीट किया है, "रिजल्ट आ चुका है. अब आप कुछ नहीं कर सकते हैं. आपने जो बोया है ये उसी का फल है. आपको जो मिला है उसमें संतुष्ट रहें और अपना भविष्य बनाएं."
पांच मार्च से चार अप्रैल के बीच में हुई इस परीक्षा में देशभर के 17,567 स्कूलों के 16.24 लाख बच्चे शामिल हुए थे.
परीक्षा में कुल 86.70 प्रतिशत बच्चे सफल रहे. लड़के के मुकाबले लड़कियों ने इस साल भी बेहतर प्रदर्शन किया है.
इस साल 88.67 प्रतिशत लड़कियां परीक्षा में सफल हुईं. वहीं, 85.32 प्रतिशत लड़के सफल रहें.
परीक्षा में 95 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले छात्रों की संख्या 27,476 है. वहीं, 90 फ़ीसदी से अधिक अंक लाने वालों का यह आंकड़ा 1.31 लाख है.
क्षेत्र के हिसाब से देखें तो तिरुवनंतपुरम के छात्र सबसे आगे रहे.
इस क्षेत्र में पास होने का प्रतिशत 99.60 रहा. इसके बाद चेन्नई रीजन का सफलता प्रतिशत 94.37 रहा. तीसरे स्थान पर अजमेर रीजन रहा. यहां के 91.86 प्रतिशत छात्र सफल रहें.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)