आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
आज की पांच बड़ी खबरें: अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच अमरनाथ यात्रा शुरू
अभूतपूर्व सुरक्षा के बीच वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए पहला जत्था रवाना हो गया है.
इस वर्ष की यात्रा के लिए पहली बार ख़ुफिया अधिकारी सादी वर्दी में चौकसी करेंगे.
पहली बार रेडियो फ्रिक्वेंसी लगे यात्रा वाहन, ड्रोन के ज़रिए निगरानी और कमांडो के मोटरसाइकिल दस्ते यात्रा मार्ग पर तैनात सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिसकर्मियों की मदद के लिए तैनात किए जा रहे हैं.
वार्षिक यात्रा का प्रबंधन करने वाले अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने इस वर्ष प्रत्येक मार्ग से हर रोज 7,500 यात्रियों को ही जाने देने का निर्णय लिया है. हालांकि इसमें हेलीकॉप्टर से गुफा तक पहुंचने वाले यात्री शामिल नहीं होंगे.
समुद्र से 12,756 फुट की ऊंचाई पर अमरनाथ गुफा में बर्फ का प्राकृतिक शिवलिंग बनता है, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु हर साल वहां उमड़ते हैं.
राष्ट्रपति करेंगे 'सौर चरखा मिशन' का शुभारंभ
संयुक्त राष्ट्र एमएसएमई दिवस के अवसर पर 'उद्यम संगम' का आयोजन किया जा रहा है. इस दौरान राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द 'सौर चरखा मिशन' का शुभारंभ करेंगे.
सूक्ष्म, लघु एवं मझौले उपक्रम (एमएसएमई) मंत्रालय का कहना है कि इसमें 50 क्लस्टर को कवर किया जाएगा और हर क्लस्टर में 400 से 2000 कारीगरों की नियुक्ति की जाएगी.
इस मिशन के लिए एमएसएमई मंत्रालय कारीगारों को 550 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी देगा.
निकी हेली तीन दिवसीय भारत दौरे पर
संयुक्त राष्ट्र में अमरीका की दूत निकी हेली तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं.
निकी हेली अमरीकी प्रशासन में अब तक सर्वोच्च पद पर पहुंची भारतीय मूल की व्यक्ति हैं. निकी हेली अमरीकी सिख परिवार से हैं जो भारत के अंबाला से अमरीका पहुंचा था.
46 वर्षीय निकी हेली के भारत दौरे के एजेंडे के बारे में बहुत अधिक जानकारी नहीं दी गई है लेकिन माना जा रहा है कि वो सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ताएं करेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उनकी मुलाक़ात हो सकती है.
अमरीका के विदेश मंत्रालय ने भी निकी हेली की भारत यात्रा के उद्देश्य और एजेंडे के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है.
ईपीएफओ का फ़ैसला, एक महीने बेरोजगार रहने पर निकाल सकेंगे 75 फ़ीसदी पैसे
श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने मंगलवार को ईपीएफओ के ट्रस्टी की बैठक के बाद जानकारी दी की कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के सदस्य के पास अब एक महीने तक बेरोजगार रहने की स्थिति में 75% तक राशि निकालने का विकल्प होगा.
इस तरह वह अपने खाते को भी बरकरार रख सकते हैं.
देश में कहीं से भी मोबाइल से करें पासपोर्ट के लिए आवेदन
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार को एक नई सेवा के साथ एमपासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप लॉन्च की. इस ऐप के माध्यम से आवेदक देश के किसी भी कोने से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते है.
यह एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध है और इसके ज़रिए आवेदक आवेदन, भुगतान और पासपोर्ट सेवा के लिए मुलाकात का समय सुनिश्चित कर सकता है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)