आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
एनडीए सरकार का हिस्सा नहीं होंगे अरुण जेटली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखी चिट्ठी
नरेंद्र मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में वित्तमंत्री रहे वरिष्ठ बीजेपी नेता अरुण जेटली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया है कि उन्हें नए मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया जाए.
अरुण जेटली ने मोदी के शपथ ग्रहण से एक दिन पहले ट्वीट कर बताया कि उन्होंने अपनी सेहत का हवाला देकर प्रधानमंत्री को एक चिट्ठी लिखी है.
जेटली ने इस पत्र में लिखा है, "पिछले डेढ़ साल से मैं सेहत की गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा हूँ. डॉक्टरों की मदद से मैं अधिकतर बीमारियों से उबर चुका हूँ. चुनाव अभियान के बाद मैंने आपको मौखिक रूप से बता दिया था चुनाव अभियान के दौरान अपना दायित्व निभाने के बावजूद, भविष्य में अपने आपको किसी भी तरह की ज़िम्मेदारी से अलग रखना चाहूँगा."
"मैं आपसे अब औपचारिक रूप से आग्रह कर रहा हूँ कि मुझे अपने लिए, अपने इलाज के लिए, अपने स्वास्थ्य के लिए समय देने और अभी, नई सरकार में शामिल नहीं होने की अनुमति दी जाए."
उल्लेखनीय है कि इलाज के लिए अमरीका जाने की वजह से जेटली इस वर्ष मोदी सरकार का अंतिम बजट पेश नहीं कर पाए थे.
इस साल एक फ़रवरी को मोदी सरकार का अंतिम बजट रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पेश किया था.
इससे पूर्व पिछले साल अप्रैल में वित्त मंत्री अरुण जेटली किडनी की समस्या के कारण दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती हुए थे. उन्होंने तब ट्विटर पर स्वयं अपने किडनी ट्रांसप्लांट की जानकारी दी थी.
लोकसभा चुनावों में जीत के बाद नरेंद्र मोदी गुरुवार 30 मई को लगातार दूसरी बार अपने मंत्रियों के साथ प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे.
जेटली ने ट्वीट किया, "मैंने माननीय प्रधानमंत्री को आज चिट्ठी लिखी है, उसकी एक कॉपी मैं रिलीज कर रहा हूं."
जेटली ने खुद ट्वीट कर बताया था कि वो किडनी की बीमारी और संक्रमण से जूझ रहे हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)