आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
क्या LIC का IPO सब पर भारी पड़ेगा- प्रेस रिव्यू
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को आम बजट पेश किया और बजट पेश करने के साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार एलआईसी यानी भारतीय जीवन बीमा निगम में अपनी हिस्सेदारी बेचेगी.
सरकार ने विनिवेश कार्यक्रम के तहत देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम में अपनी कुछ हिस्सेदारी आईपीओ के ज़रिए बेचने की घोषणा की है. नवभारत टाइम्स की ख़बर के मुताबिक़, इससे 2.10 लाख करोड़ का विनिवेश टारगेट पाने का लक्ष्य है.
अख़बार के अनुसार आईपीओ के बाद एलआईसी देश की सबसे बड़ी कंपनी बन सकती है. इसका बाज़ार वैल्यू आठ से दस लाख करोड़ रुपए तक हो सकता है. यह दशक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है और भारतीय बाज़ारों के लिए सऊदी आरामको को सूचीबद्ध कराने जैसा होगा.
हालांकि एलआईसी में हिस्सेदारी बेचने की सरकार की योजना का कर्मचारी संघ विरोध कर रहे हैं. बिज़नेस स्टैंडर्ड के मुताबिक़, एलआईसी कर्मचारी संघों ने आईपीओ के माध्यम से सरकारी बीमा निगम में केंद्र के हिस्सा बेचेने की योजना का विरोध किया है. उनका मानना है कि यह फ़ैसला देश हित के ख़िलाफ़ है.
बिज़नेस स्टैंडर्ड ने कर्मचारी संघ के प्रवक्ता के हवाले से लिखा है कि एलआईसी में सरकार का हिस्सा बेचने का फ़ैसला देश हित में नहीं है. एलआईसी की स्थापना 1956 में हुई थी.
निर्भया गैंगरेप के दोषियों की फांसी पर सुनवाई
निर्भया गैंगरेप के दोषियों की सज़ा पर फ़िलहाल लगी रोक के ख़िलाफ़ केंद्र ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है. इस मामले की सुनवाई विशेष परिस्थितियों के तहत आज यानी रविवार को भी की जाएगी.
न्यायमूर्ति सुरेश कैत की पीठ ने केंद्र की याचिका पर चारों दोषियों और तिहाड़ जेल प्रशासन को नोटिस जारी किया है. पीठ ने उनसे जवाब देने को कहा है.
इस ख़बर को दैनिक हिंन्दुस्तान ने प्रकाशित किया है. केंद्र की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि दोषी जानबूझकर एक के बाद एक याचिका दे रहे हैं और निर्णय में देर कर रहे हैं.
इसी मामले में दोषी अक्षय सिंह ने राष्ट्रपति के समक्ष दया याचिका दायर की है. इसी केस के चार दोषियों में से एक विनय कुमार की दया याचिका राष्ट्रपति पहले ही ख़ारिज कर चुके हैं.
पत्नी का कटा सिर लेकर पुलिस थाने पहुंचा पति
बाराबंकी में एक हत्या का एक बेहद क्रूर मामला सामने आया है. एक शख़्स ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और उसके बाद उसका कटा हुआ सिर लेकर पुलिस स्टेशन पहुंच गया.
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की ख़बर के अनुसार, यह घटना शनिवार की है. यह शख़्स हाथ में पत्नी का कटा सिर लेकर पांच किलोमीटर चलकर पुलिस स्टेशन पहुंचा और वहां आत्मसमर्पण कर दिया.
इस शख़्स की पहचान अखिलेश रावत के तौर पर की गई है. वहीं रावत के ससुरालवालों ने उन पर और उनके परिवार वालों पर दहेज के प्रलोभन में हत्या का आरोप लगाया है.
जामिया मिल्लिया इस्लामिया में प्रदर्शन पर रोक
जामिया मिल्लिया इस्लामिया ने शनिवार को एक नोटिस जारी करके छात्रों को कैंपस के भीतर किसी भी तरह का प्रदर्शन ना करने को कहा है.
इस ख़बर को द हिंदू ने प्रकाशित किया है.
अधिकारियों का कहना है कि विश्वविद्यालय के भीतर शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए यह नोटिस जारी किया गया है. इसके साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति के बिना अनुमति के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है.
पाकिस्तान में राष्ट्रीय आपदा
पाकिस्तान ने पंजाब प्रांत में फसलों को बर्बाद कर रहे टिड्डों की समस्या को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर दिया है.
यह ख़बर जनसत्ता ने प्रकाशित की है.
यह प्रांत देश में कृषि उपज के लिहाज़ से बेहद महत्वपूर्ण है. पाकिस्तान बीते दशकों में सबसे बुरे कीट हमले का सामना कर रहा है. यह फ़ैसला पीएम इमरान ख़ान की अध्यक्षता में लिया गया.
इस समस्या से निपटने के लिए 7.3 अरब रुपयों का बजट रखा गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)