आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
अहमदाबाद से बिहार लौटी महिला की स्टेशन पर मौत, बच्चे की कोशिश देखिए
- Author, सीटू तिवारी
- पदनाम, पटना से, बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 2 मिनट
मुज़फ़्फ़रपुर रेलवे स्टेशन का एक वीडियो बुधवार को दिन भर वायरल रहा.
वीडियो में एक मृत महिला का शव पड़ा दिख रहा है और दो साल का बच्चा उस मृत शरीर पर पड़ा कपड़ा हटा कर उससे खेल रहा है.
इसके बाद सोशल मीडिया पर यह वीडियो पूरे दिन कई बार शेयर किया गया और लोगों के कमेंट्स आते रहे.
श्रमिक स्पेशल ट्रेनों में श्रमिकों की होती मौत के बीच वायरल होते इस वीडियो पर कयास लगाए जाते रहे कि महिला की मौत भूख से हुई होगी.
इस बीच बीबीसी भी इस महिला से जुड़े तथ्यों की तस्दीक करने की कोशिश में जुटा रहा.
बीबीसी ने मृत महिला के रिश्तेदार वज़ीर आजम जो उनके साथ ट्रेन में यात्रा कर रहे थे, उनसे बात की.
वज़ीर आजम ने बताया कि ट्रेन में खाने पीने की कोई दिक्कत नहीं थी. ट्रेन में खाना सिर्फ़ एक वक्त मिला था लेकिन पानी, बिस्कुट और चिप्स बार बार मिले. हालांकि पानी इतना गर्म था कि उन्होंने दो तीन बार पानी की बोतल ख़रीद कर पी.
वज़ीर के साथ उनकी साली यानी 23 साल की मृतका अबरीना ख़ातून, वज़ीर की पत्नी कोहिनूर, अबरीना के दो बच्चे ( दो और पांच साल के अरमान और रहमत) और वज़ीर- कोहिनूर का एक बच्चा यात्रा कर रहे थे.
अहमदाबाद में मज़दूरी करने वाले वज़ीर ने बीबीसी को बताया कि अबरीना और उनके पति इसराम का एक साल पहले तलाक़ हो चुका है.
उन्होंने ही बताया कि अबरीना की मौत तो ट्रेन में ही हो गई थी.
वहीं मुज़फ़्फ़रपुर के डीपीआरओ कमल सिंह ने बीबीसी को बताया कि महिला की मौत के बाद उनके शव को एम्बुलेंस से कटिहार भेज दिया गया था. हालांकि महिला के पोस्टमार्टम के सवाल पर उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की ज़रूरत नहीं थी क्योंकि महिला की बीमारी से मौत हुई थी.
पूर्व मध्य रेलवे ने ट्वीट किया कि 09395 श्रमिक स्पेशल ट्रेन 23 मई को अहमदाबाद से कटिहार के लिए चली थी. इसमें 23 साल की अरबीना ख़ातून की मौत बीमार रहने के कारण यात्रा के दौरान हो गई. अरबीना अपनी बहन कोहिनूर खातून और कोहिनूर के पति वज़ीर आजम के साथ यात्रा कर रही थीं.
हालांकि मुज़फ़्फ़रपुर जंक्शन पर स्थानीय पत्रकारों को वीडियो इंटरव्यू देते हुए अरबीना की बहन के पति वज़ीर आजम ने कहा कि उसे कोई बीमारी नहीं थी. वो अचानक मर गई.
कटिहार के आज़मनगर थाने की महेशपुर पंचायत के वज़ीर आजम ने बीबीसी से भी यही कहा कि, "उसको कोई बीमारी नहीं थी, वो अचानक मर गई."
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना महामारीः क्या है रोगियों में दिख रहे रैशेज़ का रहस्य
- कोरोना वायरसः वो शहर जिसने दुनिया को क्वारंटीन का रास्ता दिखाया
- कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच इतनी मुश्किल क्यों है?
- कोरोना संकट: गूगल, फ़ेसबुक, ऐपल और एमेज़ॉन का धंधा कैसे चमका
- कोरोना वायरसः वो छह वैक्सीन जो दुनिया को कोविड-19 से बचा सकती हैं
- कोरोना वायरस: संक्रमण से बचने के लिए इन बातों को गाँठ बांध लीजिए
- कोरोना वायरस: सरकार का आरोग्य सेतु ऐप कितना सुरक्षित
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)