आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
रजनी चांडी: 69 साल की महिला की तस्वीरों को 'सेक्सी' कह कर किया जा रहा है ट्रोल
- Author, गीता पांडेय
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
मलयाली अभिनेत्री रजनी चांडी सोशल मीडिया पर अपने ग्लैमरस फ़ोटो के चलते सुर्ख़ियों में हैं. इसकी वजह है 69 साल की उम्र में ग्लैमरस कपड़ों में उनकी तस्वीरें जो पहले तो वायरल हुईं और उसके बाद सोशल मीडिया के ट्रोल्स उनके पीछे पड़ गए.
हाउसवाइफ़ से अभिनेत्री बनीं रजनी चांडी आमतौर पर साड़ियां पहनती हैं लेकिन इस फ़ोटोशूट के लिए उन्होंने फ़ैशनबल जींस, शॉर्ट डेनिम, जंपशूट और लाँग ड्रेस का इस्तेमाल किया है. कुछ तस्वीरों में वे अपने बग़ीचे के ताज़े सफ़ेद गुलाब से बने ताज में भी दिखाई देती हैं.
केरल में आम तौर पर महिलाएं साड़ी और लंबे स्कर्ट पहनती हैं, ऐसे में रजनी चांडी की इन तस्वीरों के बाद दक्षिण भारतीय मीडिया ने उन्हें बोल्ड एंड ब्यूटीफूल कहा है. वैसे इस फ़ोटोशूट का विचार उनका नहीं था. बीबीसी से बातचीत में रजनी ने बताया कि फ़ोटोशूट का आइडिया 29 साल की फोटोग्राफ़र अथिरा जॉय का था, जो कुछ अलग हटकर काम कर रही हैं.
अथिरा जॉय ने इस आइडिया के बारे में बताया कि रजनी चांडी उनकी मां से बिलकुल अलग दिखती हैं, लिहाज़ा उन्हें फ़ोटोशूट का आइडिया आया. अथिरा जॉय ने बताया, "भारतीय महिलाएं अपना जीवन विवाह और परिवार पालने के बंधन में बिताती हैं. 60 साल के बाद उनकी अपनी इच्छाएं नहीं रह जाती हैं. वे अपने बच्चों के बच्चों की नानी, परनानी बन चुकी होती हैं."
अथिरा की मां 65 साल की हैं, उनकी उनकी मां एक आम भारतीय महिला की तरह हैं जो 60 साल की उम्र पार करते ही स्वास्थ्य समस्याओं की चपेट में आ जाती हैं.
अथिरा ने कहा, "लेकिन रजनी एकदम अलग हैं. वे अपना ख़्याल रखती हैं. वे पूरी तरह फ़िट, बिंदास, सुंदर और फैशनबल हैं. उनकी उम्र भले 69 साल की हो रही हो लेकिन वे मन से वह मेरी तरह 29 साल की ही हैं."
जीवन का आनंद उठाने की प्रेरणा
केरल के परंपरागत समाज में रजनी चांडी हमेशा से अलग दिखती रही हैं. दशकों मुंबई में रहने के बाद वह 1995 में केरल रहने आयीं. उनके पति मुंबई में विदेशी बैंक में काम करते थे. उन दिनों में जब रजनी जींस पहनकर या लिपस्टिक लगाकर निकलती थीं, तो लोग उन्हें अचरज से देखते थे. उन्होंने बताया कि उस दौर में एक बार स्लीवलेस ब्लाउज पहनने के लिए लोगों के ताने भी सुनने पड़े थे.
लेकिन पिछले कुछ सालों में उन्होंने अपने गैरपरंपरागत कामों के लिए सुर्ख़ियां बनाई हैं. 2016 में 65 साल की उम्र में उन्होंने एक मलायली कॉमेडी ड्रामा 'उरू मुथासी गदा' से अभिनय की दुनिया में क़दम रखा. इसके बाद से वह दो फ़िल्मों में काम कर चुकी हैं. इसके अलावा पिछले साल वे बिग बॉस के मलयाली संस्करण में भी नज़र आ चुकी हैं.
रजनी के मुताबिक़ उन्होंने ये फ़ोटोशूट इसलिए भी कराया ताकि बुर्ज़ुगों को जीवन का आनंद उठाने की प्रेरणा मिल सके.
रजनी चांडी ने बताया, "ज़्यादातर युवा जोड़े अपने बच्चों को पालने में जवानी बिता देते हैं. वे अपनी इच्छाओं को तरजीह नहीं देते हैं. बाद में उन्हें एहसास होता है कि सपनों के पीछा करने की अब उम्र नहीं रही, क्योंकि उन्हें यही लगता है कि समाज के लोग क्या कहेंगे. मेरा मानना है कि जब तक आप किसी को नुक़सान नहीं पहुँचाते तब तक आपको अपनी इच्छा के मुताबिक़ काम करना चाहिए."
रजनी ने बताया कि अब जो भी करती हैं फ़न के लिए करती हैं. उन्होंने कहा, "मैंने परिवार और समाज की ज़िम्मेदारियों को पूरा कर लिया है. अब मैं वही करती हूं जिसमें मुझे आनंद मिले. मैं ड्रम बजाना सीख रही हूं. परफ़ेक्ट ड्रमर बनना लक्ष्य नहीं है. मैं केवल आनंद के लिए सीख रही हूं."
उन्होंने ये फ़ोटोशूट भी आनंद के लिए किया. उन्होंने बताया, "दिसंबर महीने में अथिरा ने मुझसे फ़ोटोशूट के बारे में पूछा था. ये भी पूछा था कि वेस्टर्न कपड़ों को पहनने में कोई हिचक तो नहीं होगी. मैंने कहा कि नहीं क्योंकि युवावस्था में मैं हमेशा वैसे ही कपड़े पहनती थी. मैंने ये भी बताया कि स्विमशूट में भी मैंने तस्वीर खिंचवाई थी."
रजनी चांडी को अथिरा का प्रस्ताव दिलचस्प लगा, क्योंकि विदेश यात्राओं के समय में उन्हें बुज़ुर्ग महिलाएं भी काफ़ी आकर्षक लगती थीं. रजनी ने बताया, "मैंने अथिरा को बताया कि मैं फ़ोटोशूट तभी करूंगी जब मेरे पति को मंज़ूर होगा. अथिरा ने मेरे पति से भी पूछा तो उन्होंने कहा कि ये उसका जीवन है, अगर वह करना चाहती हैं तो मुझे कोई आपत्ति नहीं है."
लेकिन एक स्थानीय बूटीक से अथिरा जब कपड़े लेकर आयीं तो रजनी हैरान रह गईं. रजनी ने कहा, "ग्लैमरस अंदाज़ वाले कपड़े पहने कई साल हो चुके थे, लेकिन जब मैंने पहना तो जल्द ही सहज हो गई."
प्रशंसा और आलोचना दोनों
पिछले महीने कोच्चि में रजनी के शानदार घर में अथिरा ने 20 फोटोग्राफ्स लिए. ये तस्वीरें बीते सप्ताह फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आयीं और उसके स्थानीय मीडिया की नजर इन तस्वीरों पर गईं. तब से रजनी को प्रशंसा और आलोचना दोनों मिल रहे हैं.
हज़ारों लोगों ने रजनी की प्रशंसा करने वाले कमेंट्स दिए हैं. लोगों ने लिखा है, "आपने साबित कर दिया कि उम्र महज़ एक नंबर है', कईयों ने बोल्ड बताया तो कईयों ने ब्यूटीफूल बताया. कई हक्के बक्के रह गए तो कईयों को रजनी हॉट नज़र आयीं. कईयों ने उनकी आत्मविश्वास के लिए बधाई दी. कईयों को रजनी चांडी का मोबाइल नंबर भी मिला गया और लोगों ने व्हाट्सऐप पर उन्हें लिखा, "आंटी आप बहुत अच्छी दिख रही हैं."
लेकिन जल्दी ही आलोचनाओं का दौर शुरू हो गया. रजनी ने बताया, "लोगों ने मुझे फूहड़ बताया, किसी ने कहा कि तुम अभी तक मरी नहीं हो. एक ने मुझे सलाह दी कि घर बैठकर मुझे बाइबिल पढ़ना चाहिए. किसी ने कहा कि ये उम्र पूजा पाठ करने की है, देह दिखाने की नहीं. एक शख़्स ने कहा कि मैं पुराने ऑटो रिक्शा की तरह हूं जिसमें रंग देने पर वह नया नहीं हो जाता."
रजनी चांडी को ट्रोल करने वाले दो तस्वीरों को लेकर ज़्यादा भड़के दिखे- एक तस्वीर में रजनी कटी-फटी (रग्ड) जींस में पांव फैलाकर बैठी हैं, उनका क्लीवेज भी थोड़ा दिख रहा है. जबकि दूसरी तस्वीर में उन्होंने शॉर्ट डेनिम पहना हुआ है.
रजनी ने बताया, "शॉर्ट डेनिम वाली ड्रेस इस मायने में बेकार थी क्योंकि उसमें मेरे पांव दिखाई दे रहे थे. लेकिन मेरे पांव अच्छे हैं लिहाज़ा मुझे इसकी कोई चिंता नहीं हुई."
हालांकि उन्होंने माना कि लगातार ट्रोलिंग और नकारात्मक कमेंट्स का उन पर असर पड़ा और ज़्यादातर भद्दे कमेंट्स महिलाओं की तरफ से आए थे.
रजनी चांडी ने बताया, "बहुत से युवा पुरुष बड़ी उम्र की महिलाओं की कामुकता को परेशानी के तौर पर देखते हैं. वे बड़ी उम्र की महिलाओं को पाने की लालसा के रूप में नहीं देखते. लेकिन ज़्यादा निगेटिव कमेंट्स महिलाओं के थे, ये देखकर हैरानी हुई."
"मुझे लगता है कि यह जलन के चलते हुआ होगा, 40 से 50 साल की वे महिलाएं जो अपना ख्याल नहीं रख पायीं उन्हें यह किसी बुजुर्ग महिला का अच्छा दिखना कैसे बर्दाश्त होगा."
'सभी महिलाएं फ़ेमिनिस्ट नहीं होती'
समाचार वेबसाइट आर्टिकल 14 की जेंडर एडिटर नमिता भंडारे ने महिलाओं के निगेटिव कमेंट्स पर कहा, "हो सकता है कि ईष्यावश ही हो लेकिन यह यह नहीं भूलना चाहिए कि सभी महिलाएं फ़ेमिनिस्ट नहीं होती हैं. हमारी मांएं और दादी-नानी पितृसत्तामक व्यवस्था की महान वाहक रही हैं."
दुनिया भर में जब महिलाओं की उम्र बढ़ती हैं तो उन्हें उम्र और सेक्स दोनों मोर्चों पर मार झेलनी पड़ती है लेकिन पश्चिमी देशों की तरह भारत में बुजुर्ग महिलाओं को हमला नहीं झेलना होता है.
नमिता भंडारे ने कहा, "मेरा मानना है कि भारत में उम्र बढ़ने पर महिलाओं को थोड़ा फ़ायदा मिलता है. हमारी दादी और हमारी नानी को परिवार में ख़ास दर्जा मिल जाता है. हम उन्हें आदर सम्मान देने लगते हैं क्योंकि वे रूढ़ियों से बंध जाती हैं. अगर वे विधवा होती हैं तो सफ़ेद कपड़े पहनती हैं और उन्हें सेक्सुअलाइज करके नहीं देखा जाता है. ऐसे में जब कोई दादी-नानी अपने क्लीवेज दिखाएंगी और अपने पांव दिखाएंगी तो वह रूढ़िवाद को बदल रही हैं. वह दायरे से बाहर निकल रही हैं ऐसे में उन्हें आलोचना तो झेलनी होगी."
रजनी चांडी ने कभी सोचा नहीं था कि उनकी तस्वीरें वायरल होंगी और उन्हें ट्रोल किया जाएगा. रजनी चांडी ने बताया, "वास्तव में, मैं काफ़ी मुखर हूं. इसलिए शायद लोग मुझे पसंद नहीं करते. लेकिन मैं लोगों को कहा कि मुझ पर समय बेकार करने के बजाए वे अपना समय देश, दुनिया या फिर पृथ्वी को बेहतर बनाने के लिए क्यों नहीं करते?"
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)