ब्रेकिंग न्यूज़, आईआरजीसी का दावा, होर्मुज़ स्ट्रेट में बारूदी सुरंग से टकराने के बाद दो तेल टैंकरों में लगी आग
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) का कहना है कि होर्मुज़ स्ट्रेट में कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दो तेल टैंकर बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गए.
आईआरजीसी ने कहा कि इसके बाद उन्हें रुकना पड़ा.
आईआरजीसी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट के दक्षिण में एक "ग़ैरक़ानूनी रास्ते" से गुजर रहे थे. इसी दौरान वे उसकी नौसेना की ओर से बिछाई गई बारूदी सुरंगों से टकरा गए, जिससे उनमें आग लग गई.
रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना ने चेतावनी दी है कि "बारूदी सुरंगों से भरे रास्ते से गुजरना ग़ैरक़ानूनी है और इसका नतीजा उल्लंघन करने वालों की संपत्ति के जलने के अलावा कुछ नहीं होगा."
हालांकि, जहाज़ों की सुरक्षा पर नज़र रखने वाली ब्रिटेन की मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) जैसी एजेंसियों ने इन धमाकों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.
दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच संघर्ष तेज़ होने और होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमलों के कारण तेल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है.
मंगलवार को कारोबार की शुरुआत में ब्रेंट क्रूड की क़ीमत पांच महीने में पहली बार 111 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई.