आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना

जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.

सारांश

  • नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
  • पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
  • अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
  • चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
  • पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.

लाइव कवरेज

दीपक मंडल

  1. पुलिस की सख़्ती के ख़िलाफ़ दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर पर महिला संगठनों का प्रदर्शन

    चुनाव आयोग को लेकर हुए प्रदर्शनों में पुलिस की सख़्ती के ख़िलाफ़ कई महिला संगठनों ने मार्च निकालते हुए दिल्ली पुलिस हेडक्वार्टर पर विरोध प्रदर्शन किया.

    प्रदर्शनकारियों ने हाल के दिनों में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर हुए प्रदर्शनों के दौरान महिलाओं के साथ कथित यौन हिंसा और पुलिस की सख्ती के ख़िलाफ़ विरोध जताया.

    साथ ही प्रदर्शनकारियों ने दोषी अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की.

    इस मार्च में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक विमेन्स एसोसिएशन (एआईडीडब्ल्यूए), नेशनल फ़ेडरेशन ऑफ़ इंडियन विमेन (एनएफ़आईडब्ल्यू), ऑल इंडिया प्रोग्रेसिव विमेन्स एसोसिएशन (एआईपीडब्ल्यूए) और अलीफ़ा समेत कई महिला संगठन शामिल हुए.

    समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की नेता एनी राजा ने कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार के ख़िलाफ़ यह प्रदर्शन एसआईआर के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग से भी जुड़ा है.

    उन्होंने कहा, “हम इस प्रदर्शन में इसलिए शामिल हैं क्योंकि कई मायनों में वोट चोरी महिलाओं पर सबसे बड़ा हमला है. हम हर दिन यहां प्रदर्शन कर रहे थे और एसआईआर को रद्द करने के साथ-साथ मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफ़े की मांग कर रहे थे.”

    एनी राजा ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों में शामिल महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि उन्हें चुप कराया जा सके और सार्वजनिक जगहों पर अपनी बात रखने से रोका जा सके.

  2. प्रेम वत्स : आठ डॉलर लेकर घर छोड़ने वाले शख़्स ने 52 हजार करोड़ में कैसे ख़रीदा आईडीबीआई बैंक

  3. अजय देवगन के बंगले पर बीएमसी की कार्रवाई, अवैध निर्माण का हिस्सा तोड़ा, बीबीसी मराठी

    बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुंबई के जुहू में अभिनेता अजय देवगन के बंगले में अंदर की तरफ़ गए निर्माण के एक हिस्से को तोड़ दिया है.

    यह कार्रवाई कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी स्थित बंगले में बिना अनुमति के अंदरूनी बदलाव किए जाने के आरोपों के बाद की गई.

    बीएमसी की ओर से काम रोकने का नोटिस जारी किए जाने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने और ज़रूरी मंज़ूरी पेश नहीं किए जाने के कारण यह कदम उठाया गया.

    बीएमसी ने इस संबंध में 10 सितंबर 2026 को नोटिस जारी किया था, जिसमें काम रोकने या आवश्यक अनुमति पेश करने का निर्देश दिया था.

    साथ ही, निर्देशों का पालन नहीं करने पर बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के निर्माण वाला हिस्सा तोड़ने और कार्रवाई पर आने वाला ख़र्च मालिक से वसूलने की चेतावनी भी दी गई थी.

    अजय देवगन ने नोटिस का जवाब देने के लिए चार सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था.

    हालांकि, बीएमसी को उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला. इस बीच, बंगले में अंदर की दीवारों, खिड़कियों और अन्य हिस्सों में बदलाव का काम जारी रहा.

  4. अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

  5. पाकिस्तान: हथियारबंद लोगों ने 20 पुलिसकर्मियों को अगवा किया, मुहम्मद काज़िम, बीबीसी उर्दू क्वेटा

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने 20 पुलिसकर्मियों का अपहरण कर लिया.

    पुलिसकर्मी कलात से नोशकी जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें अगवा कर लिया गया. एक अन्य घटना में क़िला अब्दुल्ला ज़िले में एक खाली पुलिस चौकी पर भी हमला किया गया.

    सरकारी अधिकारियों के मुताबिक़, अगवा किए गए सभी पुलिसकर्मी रुख़शान डिवीज़न के चार ज़िलों वाशुक, चागाई, खारान और नोशकी के रहने वाले हैं. वे कलात पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे थे और छुट्टी लेकर निजी वैन से नोशकी जा रहे थे.

    एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पुलिसकर्मियों ने कलात से नोशकी जाने के लिए सरबंद मार्ग चुना था. यह दोनों ज़िलों के बीच का छोटा रास्ता है. इसी दौरान कलात ज़िले में हथियारबंद लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया और पुलिसकर्मियों को अगवा कर लिया.

    अधिकारी के अनुसार, हमलावर पुलिसकर्मियों को पहले अपने साथ मस्तुंग ज़िले की सीमा तक ले गए और फिर किसी अज्ञात स्थान पर लेकर चले गए. हमलावरों ने वैन के चालक और दो से तीन अन्य यात्रियों को कुछ दूरी पर छोड़ दिया, जबकि पुलिसकर्मियों को अपने साथ ले गए.

    सरकारी अधिकारियों ने बताया कि अगवा किए गए पुलिसकर्मियों की सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं. हालांकि, अब तक किसी भी संगठन ने इस घटना की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

  6. ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ इस मामले में अदालत ने जारी किया वॉरंट

    दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को यूट्यूबर ध्रुव राठी के ख़िलाफ़ 2018 के मानहानि मामले में ज़मानती वॉरंट जारी किया.

    लाइव लॉ के मुताबिक़, साकेत कोर्ट में साउथ-ईस्ट ज़िले के जूडिशल मजिस्ट्रेट फ़र्स्ट क्लास राहुल जैन ने यह आदेश जारी किया.

    अदालत को बताया गया कि ध्रुव राठी को नोटिस तामील कराने की कोशिश की गई, लेकिन संबंधित परिसर बंद मिला. इसके बाद अदालत ने उनके ख़िलाफ़ ज़मानती वॉरंट जारी कर दिया.

    दरअसल, यह मामला विकास सांकृत्यायन की ओर से दायर शिकायत से जुड़ा है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि ध्रुव राठी ने ‘बीजेपी आईटी सेल पार्ट-2’ शीर्षक से एक वीडियो अपलोड कर उसमें उनके ख़िलाफ़ कई झूठे आरोप लगाए थे.

    इस मामले की सुनवाई पहले 20 नवंबर को होनी थी, लेकिन शिकायतकर्ता ने इसे पहले कराने की मांग की थी.

    शिकायतकर्ता ने यह भी दावा किया था कि उन्हें हरियाणा में ध्रुव राठी के आवास की जानकारी है, जिससे समन की तामील की प्रक्रिया में तेज़ी लाई जा सकती है.

    इस मामले में अब अगली सुनवाई 31 अक्तूबर को होगी.

  7. माँ का सरनेम, कई हिट फ़िल्में, गुमनामी, डिप्रेशन और बॉलीवुड में वापसी की कोशिश... जानिए इमरान ख़ान की पूरी कहानी

  8. जामिया में छात्रसंघ बहाली की मांग कर रहे स्टूडेंट्स को जबरन कैंपस से निकाला गया: सीपीआई-एमएल

    भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी-लेनिनवादी (सीपीआई-एमएल) ने बताया है कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे स्टूडेंट्स को कैंपस से जबरन बाहर निकाल दिया गया.

    सीपीआई-एमएल के मुताबिक़, चीफ़ प्रॉक्टर के निर्देश पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह कार्रवाई की.

    पार्टी के आधिकारिक हैंडल से एक वीडियो में पोस्ट किया गया है, जिसमें दिख रहा है कि स्टूडेंट्स को वहां से हटाया जा रहा है.

    सीपीआई-एमएल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया, "आज सुबह क़रीब 5:30 बजे, चीफ़ प्रॉक्टर के निर्देश पर जामिया प्रशासन ने छात्र संघ को फिर से बहाल करने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे स्टूडेंट्स को जबरन हटाया और उन्हें कैंपस से बाहर निकाल दिया."

    "कैंपस की लाइटें बंद कर दी गईं, स्टूडेंट्स को पीटा गया, उनके साथ धक्का-मुक्की और बदसलूकी की गई. उन्हें घसीटकर बाहर निकाला गया और फिर दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया. हिरासत में लिए गए सभी छात्रों को बाद में रिहा कर दिया गया है."

    सीपीआई-एमएल ने कहा, "अपने लोकतांत्रिक अधिकार के तहत विरोध कर रहे छात्रों पर किए गए इस क्रूर हमले की हम कड़ी निंदा करते हैं."

    पार्टी ने कहा कि प्रशासन को स्टूडेंट्स पर दमन तुरंत बंद करना चाहिए और छात्र संघ को बहाल करना चाहिए.

    कांग्रेस के स्टूडेंट विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ़ इंडिया (एनएसयूआई) ने भी इस कार्रवाई की आलोचना की है

  9. लालकृष्ण आडवाणी हॉस्पिटल में भर्ती, हालत स्थिर

  10. पाकिस्तान 73 साल बाद बना आईएमएफ़ और वर्ल्ड बैंक के बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स का अध्यक्ष

    पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि 2027 में पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ़) और वर्ल्ड बैंक ग्रुप (डब्ल्यूबीजी) के बोर्ड ऑफ़ गवर्नर्स की अध्यक्षता संभालेगा.

    पाकिस्तान को 1953 के बाद यानी 73 साल बाद इसकी चेयरमैनशिप मिली है.

    पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्री और विश्व बैंक में पाकिस्तान के गवर्नर अहद खान चीमा को बैंकॉक में आयोजित डब्ल्यूबीजी-आईएमएफ़ वार्षिक बैठक के दौरान औपचारिक रूप से बोर्ड का आगामी अध्यक्ष घोषित किया गया.

    आईएमएफ़ और विश्व बैंक की वार्षिक बैठकें 12 से 18 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही हैं. इसमें 191 देशों के 15 हज़ार से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

    बैठक में केंद्रीय बैंकों के गवर्नर, आर्थिक नीति निर्माता और कारोबारी जगत के प्रमुख शामिल हैं. इस दौरान वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जा रही है.

  11. नेहा बोरा हिरासत से आईं बाहर, बताया अपना अनुभव

  12. सोनम वांगचुक बोले- हमें तो अपनों ने लूटा, ग़ैरों में कहां दम था

    जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने लद्दाख को लेकर चीन के बयान और केंद्र सरकार के साथ लद्दाख के नेताओं की बातचीत पर नाराज़गी जताई है.

    वांगचुक ने कहा कि एक तरफ़ चीन लद्दाख को लेकर बयान दे रहा है, वहीं दूसरी तरफ़ अपने ही देश की सरकार के साथ बातचीत में लद्दाख के लोगों को निराशा हाथ लगी है.

    उन्होंने सोशल मीडिया जारी एक वीडियो में चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग के उस बयान की कड़ी आलोचना की, जिसमें लद्दाख को मान्यता नहीं देने की बात कही गई थी.

    दरअसल, चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने मंगलवार को कहा कि चीन भारत के एकतरफा और अवैध रूप से स्थापित किए गए तथाकथित "केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख" को कभी मान्यता नहीं देता.

    इस पर सोनम वांगचुक ने कहा, "दो दिन पहले चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने अजीब-सा बयान दिया. उन्होंने कहा था कि वो लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश को मान्यता ही नहीं देते हैं. मैं हमेशा कहता रहा हूं कि चीन का लद्दाख के बारे में टिप्पणी करने कोई अधिकार नहीं है, बल्कि उन्हें हम कहेंगे कि हम मान्यता नहीं देते हैं. हमारा पड़ोसी देश तो तिब्बत है, चीन नहीं. ये बताएं कि वो तिब्बत खाली कब कर रहे हैं."

    "लद्दाख के लोग भारत में हमेशा से ख़ुश रहे हैं और आगे भी रहेंगे. हैरानी की बात यह है कि उसके बाद हमारे अपने देश के गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ लद्दाख के नेताओं की वार्ता थी. चीन तो दुश्मन देश रहा. अपने देश ने उस बैठक में जो कहा, उसे देखकर तो यही मुंह से निकलता है- हमें तो अपनों ने लूटा, ग़ैरों में कहां दम था; मेरी कश्ती वहां डूबी, जहां पानी कम था."

    उन्होंने कहा, "आपको पता होगा कि 2019 में लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश बना और आश्वासन दिलाया गया कि आगे चलकर लोकतंत्र भी बहाल किया जाएगा और लद्दाख को संरक्षण संविधान के 6वीं अनुसूची में दी जाएगी. इस पर दो इलेक्शन भी जीते और फिर इस वादे से पूरी तरह मुकर गए."

    दूसरी ओर, भारत ने चीनी विदेश मंत्रालय के बयान का जवाब दिया था.

    भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख भारत का अभिन्न अंग है और चीन का कोई भी दावा इस तथ्य को नहीं बदल सकता.

  13. मार्को रुबियो के भारत दौरे में दिल्ली न आने और जयशंकर के मुंबई जाकर मिलने पर क्यों उठ रहे हैं सवाल

  14. राजस्थान: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से नाले में गिरी टेम्पो ट्रैवलर, आठ की मौत, मोहर सिंह मीणा बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लिए

    राजस्थान के कोटा में शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक टेम्पो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नीचे नाले में गिर गई. हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं.

    घायलों का इलाज़ कोटा के अस्पतालों में चल रहा है. टेम्पो ट्रैवलर में सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के रहने वाले थे. हादसे में गाड़ी के ड्राइवर की भी मौत हो गई है.

    हादसे की सूचना मिलने के बाद कोटा के ज़िला कलेक्टर पीयूष सामरिया ज़िला अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि दुर्घटना सुबह क़रीब साढ़े छह से सात बजे के बीच हुई.

    कलेक्टर सामरिया ने कहा, “सुबह क़रीब साढ़े छह से सात बजे के बीच ट्रैवलर कोटा में सिमलिया के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से नीचे नाले में गिर गई. इसमें अभी तक आठ लोगों की मौत हुई है.”

    उन्होंने बताया कि 26 सीटर टेम्पो ट्रैवलर में सवार घायलों को कोटा के ज़िला अस्पताल और न्यू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज़ चल रहा है.

    हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शव कोटा के ज़िला अस्पताल में रखवाए गए हैं.

  15. गर्भनिरोधक का प्रचार और यौन शिक्षा: रघुनाथ धोंडो कर्वे 'अश्लीलता' को यूं करते थे ख़ारिज

  16. डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सचिव केटी ज़ैकराया ने पद छोड़ने पर क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रेस सचिव केटी ज़ैकराया व्हाइट हाउस में अपना पद छोड़ने वाली हैं.

    ज़ैकराया की पहली प्रेस ब्रीफिंग को लेकर हुई आलोचना के बाद उनके पद छोड़ने की अटकलें तेज़ हो गई थीं.

    केटी ज़ैकराया ने एक्स पर लिखा, "राष्ट्रपति ट्रंप एक दयालु, शानदार, विनम्र, दूसरों का ख्याल रखने वाले, जोश से भरे और मेहनती इंसान हैं. काश और ज़्यादा अमेरिकी उनकी कद्र करते. कोई भी अमेरिका को वैसा महान नहीं बना पाएगा, जैसा उन्होंने बनाया है और आज भी बना रहे हैं. उनके लिए काम करना मेरे लिए सम्मान की बात थी."

    ज़ैकराया ने मंगलवार को व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के रूप में अपनी पहली प्रेस ब्रीफिंग की थी. यह ब्रीफिंग 15 मिनट से भी कम समय तक चली थी, जिसमें पत्रकारों ने केवल तीन सवाल पूछे थे. इसके बाद उन्हें अपनी योग्यता और इस पद के लिए तैयारियों को लेकर मीडिया के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा.

    शुक्रवार को पद छोड़ने की ख़बर सामने आने से कुछ घंटे पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इसको लेकर संकेत दिए थे.

    ट्रंप ने कहा था, "मैंने उनसे कहा कि कैटी क्या यह काम आपके लिए है? क्योंकि सच कहूं तो आपको इसकी ज़रूरत नहीं है."

    उन्होंने आगे कहा कि ज़ैकराया को इस तरह का व्यवहार सहने की ज़रूरत नहीं है. ट्रंप के मुताबिक़, मीडिया ने उनके साथ काफ़ी कठोर और अप्रिय व्यवहार किया है.

    केटी ज़ैकराया की कानूनी योग्यता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. ट्रंप ने नियुक्ति के समय उन्हें वकील बताया था और ज़ैकराया भी ख़ुद को लॉयर कहती रही हैं.

    ज़ैकराया ने 2011 में कैलिफ़ोर्निया की पेपरडाइन यूनिवर्सिटी से क़ानून की पढ़ाई की थी. लेकिन अमेरिका में लॉ की डिग्री अपने आप वकालत करने का लाइसेंस नहीं देती. वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक़, ज़ैकराया ने कैलिफ़ोर्निया बार परीक्षा दी थी, लेकिन पास नहीं कर पाई थीं.

  17. अमेरिका के छह सांसदों ने एसआईआर पर उठाया सवाल, कॉकरोच जनता पार्टी पर क्या कहा

    अमेरिका के छह डेमोक्रेटिक सांसदों ने भारत में हो रहे प्रदर्शनों के दौरान मानवाधिकारों के कथित उल्लंघनों को लेकर चिंता जताई है.

    सांसदों ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से आग्रह किया है कि वह अपनी आगामी भारत यात्रा के दौरान भारतीय अधिकारियों के साथ इन मुद्दों को उठाएं.

    दरअसल, रुबियो भारत आने वाले हैं और मुंबई में विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाक़ात करेंगे.

    शुक्रवार को रुबियो को लिखे पत्र में सांसदों ने कहा, "दिल्ली समेत भारत के अन्य हिस्सों में छात्र प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की ओर से अत्यधिक बल प्रयोग, ग़लत तरीक़े से हिरासत में लेने और दमन की घटनाएं सामने आई हैं."

    पत्र पर प्रमिला जयपाल, इल्हान उमर, जिम मैकगवर्न, रशीदा तलीब, एलेनोर होम्स नॉर्टन और जीसस गार्सिया ने हस्ताक्षर किए हैं. सांसदों ने अमेरिकी शहरों में भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावासों पर आरोप लगाया कि उन्होंने प्रदर्शनों में शामिल लोगों की निगरानी के लिए फ़ोटोग्राफ़रों को तैनात किया.

    अमेरिकी सांसदों ने रुबियो से भारत सरकार पर मानवाधिकार उल्लंघनों की पारदर्शी और स्वतंत्र जांच शुरू करने के लिए दबाव बनाने की अपील की है.

    अपने पत्र में सांसदों ने कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शनों का ज़िक्र किया, जो उस समय के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के ख़िलाफ़ किए गए थे.

    उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शनों का भी ज़िक्र किया. सांसदों ने इन दोनों मामलों को प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ पर ज़रूरत से ज़्यादा बल इस्तेमाल किए जाने के उदाहरण बताया.

    उन्होंने उन लोगों को रिहा करने की भी मांग की, जिन्हें हिरासत में लिया गया था.

    एसआईआर का ज़िक्र करते हुए प्रमिला जयपाल ने भारत 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर चिंता जताई. उन्होंने इसे मतदाताओं को सूची से “बाहर करने” की कार्रवाई बताया और कॉकरोच जनता पार्टी के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया.

    इससे पहले अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने प्रमिला जयपाल की टिप्पणियों की आलोचना की थी. उन्होंने उनकी टिप्पणियों को भारत के आंतरिक मामलों में 'अस्वीकार्य हस्तक्षेप' क़रार दिया था.

  18. ट्रंप के फ़ैसले से डेडलाइन के ठीक पहले भारत को बड़ी राहत, अमेरिका में बढ़ सकता है विरोध

  19. अभिजीत दीपके की कोर्ट में होगी पेशी, सीजेपी ने दिया ये अपडेट

    कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की लीगल हेड रत्ना सिंह ने बताया है कि अभिजीत दीपके को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि दीपके को एसईएम कोर्ट में पेश किया जाएगा.

    रत्ना सिंह के मुताबिक़, अभिजीत दीपके को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी अब तक नहीं दी गई है. उन्होंने यह भी दावा किया कि वकीलों को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है.

    दिल्ली पुलिस ने 16 अक्तूबर को तिरंगा मार्च के दौरान अभिजीत दीपके को हिरासत में लिया था.

    बार एंड बेंच के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने बताया था कि दीपके को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126/170 के तहत हिरासत में लिया गया था.

    पिछले छह दिनों में दीपके को दूसरी बार हिरासत में लिया गया है. इससे पहले, 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले उन्हें विमान से हिरासत में लिया गया था. हालांकि, अगले दिन उन्हें छोड़ दिया गया था.

    वहीं, सीजेपी से जुड़े आशुतोष रांका और सौरव दास तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में हैं. दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था.

    उन्हें 13 अक्तूबर की सुबह जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिया गया था.

  20. 'नौ लोगों का मर्डर करवाया' वाले बयान पर अनंत सिंह ने दी सफ़ाई

    बिहार के मोकामा से जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विधायक अनंत सिंह ने 'नौ लोगों का मर्डर करवाया' वाले बयान पर सफ़ाई दी है.

    अनंत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि उनके बयान को ग़लत तरीक़े से चलाया गया, जबकि उन्होंने कहा था कि उनके लोग मारे गए थे.

    अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मेरे बयान को उल्टे तरीक़े से चलाया गया, लोगों ने समझा कि नीतीश जी के लिए नौ लोगों को मर्डर किया, जबकि मेरे नौ लोग मारे गए थे."

    उन्होंने कहा, "मैंने नीरज कुमार को जवाब दिया है कि मैंने कितनी क़ुर्बानी दी है. जब लालू यादव की सरकार थी तब हमारे नौ लोग मरवा दिए गए और मुझे गोली लगी. हम नीतीश कुमार के साथ हुए इसलिए लालू यादव ने मरवा दिए. हमारी इतनी क्षति हुई है. मेरे पिता की भी दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई."

    गौरतलब है कि अनंत सिंह ने हाल के दिनों में जनसुराज पार्टी के समर्थन में भी कुछ बयान दिए हैं, जिसके बाद वो चर्चा में हैं.