आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , ईरान के साथ समझौते की ज़रूरत नहीं: ट्रंप

अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को डेमोक्रेटिक पार्टी के शासन वाले राज्यों में कथित भ्रष्टाचार पर ध्यान देने का निर्देश दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, शुभम गर्ग

  1. यमन के अदन में हूतियों ने सेना के कैंप पर किया हमला

    यमन में सऊदी समर्थित सरकार के सुरक्षा सूत्रों ने बुधवार को अदन पर हूती विद्रोहियों के हमलों की जानकारी दी है. अदन से ही यह सरकार काम करती है.

    सूत्रों के मुताबिक़, हमलों में सरकार की सेनाओं से जुड़े शिविरों को निशाना बनाया गया.

    इससे पहले हूतियों के नियंत्रण वाली राजधानी सना में दर्जनों लोगों के अंतिम संस्कार के लिए बड़ी भीड़ जुटी थी. ये लोग पिछले सप्ताह हुए उन हमलों में मारे गए थे, जिन्हें “सऊदी हमले” बताया गया है.

    यमन में 2014 से युद्ध जारी है. उसी साल हूतियों ने सना पर क़ब्ज़ा कर लिया था. एक साल बाद सऊदी अरब की अगुवाई वाला गठबंधन यमन की सरकार के समर्थन में युद्ध में शामिल हुआ.

    2022 में हुआ नाज़ुक युद्धविराम जुलाई में टूट गया था. उसके बाद से सऊदी अरब और हूतियों के बीच संघर्ष जारी है.

    इस दौरान हूतियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा से जुड़े ठिकानों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है.

  2. एनवीडिया के शेयरों में गिरावट के बीच प्रतिद्वंद्वी एएमडी को कितना फ़ायदा?

    जेन्सेन हुआंग से जुड़ा विवाद सामने आने के बाद एनवीडिया के शेयरों में तेज़ गिरावट आई है. वहीं, उसकी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी चिप कंपनियों में शामिल एएमडी के शेयरों में बढ़त देखने को मिली है.

    कैलिफ़ोर्निया की कंपनी एएमडी के शेयर पिछले पांच दिनों में 21 फ़ीसदी से ज़्यादा चढ़े हैं.

    एनवीडिया को लेकर बनी अनिश्चितता से बचने के लिए निवेशक दूसरी टेक कंपनियों के शेयरों का रुख़ कर रहे हैं.

    एएमडी, ग्राफ़िक्स प्रोसेसर और बड़े डेटा सेंटरों में इस्तेमाल होने वाली एआई चिप के बाज़ार में एनवीडिया से मुक़ाबला करती है.

    ये डेटा सेंटर एआई के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं. हालांकि, एएमडी अब भी एनवीडिया के मुक़ाबले काफ़ी छोटी कंपनी है.

    एएमडी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी लीसा सू और जेन्सेन हुआंग दूर के रिश्तेदार हैं. दोनों का जन्म ताइवान में हुआ था.

  3. विवादों में घिरे एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग को एलन मस्क ने दिया ये ऑफर

    एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग के भविष्य पर चर्चा के बीच एलन मस्क ने कहा है कि उन्हें नौकरी देना “सम्मान की बात होगी.”

    मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर वित्तीय ख़बरें साझा करने वाले ज़ीरोहेज की एक पोस्ट के जवाब में यह लिखा.

    एक दूसरी पोस्ट में एआई निवेशक गेविन बेकर ने कहा था कि एनवीडिया के बोर्ड को हुआंग को हटाने से पहले स्वतंत्र जांच के नतीजों का इंतज़ार करना चाहिए. मस्क ने इस पर “100” वाला इमोजी पोस्ट किया.

    हुआंग की अगुवाई में एनवीडिया ने 2025 के आख़िर में मस्क की एआई कंपनी एक्सएआई में दो अरब डॉलर तक निवेश करने पर सहमति दी थी.

    अक्तूबर 2025 में सीएनबीसी से बातचीत में हुआंग ने कहा था, “मुझे सिर्फ़ इस बात का अफ़सोस है कि मैंने उन्हें और पैसे नहीं दिए.”

    उन्होंने कहा था, “एलन जिन चीज़ों से जुड़े हैं, उनमें से लगभग हर चीज़ का आप भी हिस्सा बनना चाहेंगे.”

  4. न्यूयॉर्क में ढह गई तीन मंज़िला इमारत, कम से कम 10 लोग घायल

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में बुधवार को तीन मंज़िला रिहायशी इमारत गिरने से कम से कम दो व्यक्तियों की मौत हो गई और कम से कम 10 लोग घायल हुए हैं.

    न्यूयॉर्क सिटी फ़ायर डिपार्टमेंट के मुताबिक़, स्थानीय समय के अनुसार शाम चार बजे के कुछ ही देर बाद ब्रुकलिन में स्थित इमारत गिरने की सूचना मिली थी.

    1930 में बनी इस इमारत में चार फ़्लैट थे. दर्जनों दमकलकर्मी और एक खोजी कुत्ता मलबे में लोगों की तलाश करते दिखे. बचावकर्मी बाल्टियों से मलबा हटा रहे थे.

    वहां मौजूद एक व्यक्ति ने डब्ल्यूएबीसी के रिपोर्टर से कहा कि उन्हें लगता है कि बचाई गई महिला उनकी पत्नी हैं, जो छह महीने की गर्भवती हैं. उन्होंने कहा, “मैं बहुत ख़ुश हूं.”

    बाद में एक और व्यक्ति को मलबे से ज़िंदा निकालते देखा गया.

    इन दोनों लोगों को निकाले जाने से पहले दमकल विभाग ने चार लोगों के गंभीर रूप से घायल होने और छह को मामूली चोटें आने की जानकारी दी थी.

    ड्रोन से ली गई तस्वीरों में इमारत के बगल में चल रहे निर्माण स्थल के गड्ढे में मलबा गिरा दिखा. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़, घायलों में निर्माण मज़दूर भी शामिल हैं.

  5. ‘93 फ़ीसदी नहीं, पूरी जीत चाहिए’, ईरान युद्ध पर ट्रंप ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध में जीत का दावा करते हुए कहा है कि अमेरिका “93 फ़ीसदी नहीं, पूरी जीत” चाहता है.

    वेटरन्स डे पर अमेरिकी सैनिकों की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे सैनिकों की बदौलत ईरान कभी परमाणु हथियार नहीं बना पाएगा.”

    ट्रंप ने कहा, “अमेरिका ने ईरान के साथ युद्ध शुरू नहीं किया. ईरान 1979 से अमेरिका के ख़िलाफ़ युद्ध छेड़े हुए है. इससे बहुत पहले निपट लिया जाना चाहिए था.”

    उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन के तहत आख़िरकार जवाब दिया गया.

    ट्रंप ने दावा किया, “हमने जवाब दिया. हम जीत गए. अब सिर्फ़ सवाल यह है कि हम इसे कब ख़त्म करना चाहते हैं.”

    उन्होंने आगे कहा, “हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारी पूरी जीत हो, 93 फ़ीसदी जीत नहीं. यह पूरी जीत होगी.”

    ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अमेरिका ने ईरान में जो तबाह किया है, उसे दोबारा बनाने में 25 साल लगेंगे.

    उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि हमें उस देश में और कुछ तबाह नहीं करना पड़ेगा. उसे दोबारा खड़ा करने के लिए उन्हें बहुत काम करना होगा.”

  6. कथित चीनी जासूस से संबंधों के बीच एनवीडिया के शेयरों में भारी गिरावट

    अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया के शेयर नियमित कारोबार की ट्रेडिंग में बुधवार को करीब 8 फ़ीसदी गिर गए.

    यह गिरावट कंपनी के सीईओ जेनसन हुआंग के एक और कथित प्रेम संबंध की रिपोर्ट सामने आने के बाद हुई.

    इससे पहले वॉल स्ट्रीट पर दिन का कारोबार कंपनी के शेयरों में बढ़त के साथ बंद हुआ था.

    न्यूयॉर्क टाइम्स ने रिपोर्ट किया है कि हुआंग का एनवीडिया की एक कर्मचारी के साथ भी प्रेम संबंध था. इससे पहले एक ऐसी महिला के साथ उनके संबंधों का मामला सामने आया था, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का आरोप है.

    वॉल स्ट्रीट जर्नल और फ़ाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्टों के मुताबिक़, कंपनी का बोर्ड अब विचार कर रहा है कि हुआंग सीईओ के पद पर बने रहेंगे या नहीं.

    एनवीडिया ने पहले मामले की जांच के लिए मंगलवार को एक बड़ी अमेरिकी लॉ फ़र्म को नियुक्त किया था. कंपनी के बोर्ड ने इससे पहले हुआंग का समर्थन किया था.

    बोर्ड का कहना था कि उसके पास ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि उस मामले में कंपनी की गोपनीय जानकारी या राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हुआ है.

    बुधवार देर शाम तक बोर्ड ने कोई नया बयान जारी नहीं किया था. कंपनी के कई प्रतिनिधियों और बोर्ड सदस्यों से संपर्क करने की कोशिशों पर भी जवाब नहीं मिला था.

    एनवीडिया की चिप का इस्तेमाल आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस यानी एआई सिस्टम, डेटा सेंटर, वीडियो गेम और बिना ड्राइवर वाली गाड़ियों जैसी तकनीकों में होता है.

    एआई के क्षेत्र में चीन से आगे रहने की अमेरिकी कोशिशों में इन चिप की अहम भूमिका है.

    अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए 2022 से एनवीडिया की सबसे उन्नत चिप के चीन को निर्यात पर पाबंदियां लगाई हैं. हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप के कार्यकाल में कुछ पाबंदियों में ढील दी गई है.

  7. स्पेन में हड़ताल: बार्सिलोना और मैड्रिड में प्रदर्शन के दौरान हिंसा और आगजनी

    स्पेन में घरों के बढ़ते ख़र्च और महंगाई के ख़िलाफ़ 14 साल बाद हुई पहली आम हड़ताल के दौरान बार्सिलोना में नक़ाबपोश लोगों के कुछ समूहों और पुलिस के बीच झड़पें हुई हैं.

    देश के प्रमुख मज़दूर संगठनों की अपील पर हुई हड़ताल में राजधानी मैड्रिड में करीब एक लाख 20 हज़ार और बार्सिलोना में 50 हज़ार से ज़्यादा लोग प्रदर्शन में शामिल हुए.

    बार्सिलोना में नक़ाबपोश लोग कूड़ेदानों में आग लगाते और दुकानों की खिड़कियां तोड़ते दिखे. पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी. गृह मंत्रालय के मुताबिक़, अलग-अलग घटनाओं में दर्जनों लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

    हड़ताल से पूरे स्पेन में यातायात और दूसरी सार्वजनिक सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा. मैड्रिड और बार्सिलोना की कई मुख्य सड़कों पर आवाजाही रुक गई.

    बार्सिलोना में प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बीबीसी को बताया कि प्रदर्शन का ज़्यादातर हिस्सा शांतिपूर्ण था और उसमें बच्चे और बुज़ुर्ग भी शामिल थे.

    हालांकि, शाम को उन्होंने सड़कों पर कई जगह आग लगी देखी. इस हड़ताल की पृष्ठभूमि में सस्ते घरों की मांग और बढ़ते रोज़मर्रा के ख़र्च को लेकर जारी प्रदर्शन हैं.

    मैड्रिड में 87 साल की मारीकार्मेन अबास्काल को उस फ़्लैट से निकाले जाने के बाद विरोध बढ़ा, जहां वह सात दशकों से रह रही थीं. कुछ हफ़्तों बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी.

    प्रदर्शन में शामिल 37 साल की शिक्षिका ओल्गा डोमिंगो ने कहा कि वेतन के मुक़ाबले मौजूदा ख़र्च के साथ गुज़ारा करना मुश्किल हो गया है.

    स्पेन में 29 नवंबर को संसदीय चुनाव होने हैं. प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने आवास सुधार की अपनी योजना को संसद की मंज़ूरी नहीं मिलने के बाद पिछले महीने समय से पहले चुनाव कराने का एलान किया था.

    सांचेज़ और उनके मंत्रियों ने लोगों को काम रोककर सस्ते घरों की मांग करने के लिए प्रोत्साहित किया है.

  8. बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.

    रामायण पार्ट-1 : रावण को अलग नज़रिए से पेश किया, लेकिन राम के किरदार में कहां रह गई कमी?

    इस्लाम अपनाने वाली महिला के पति ने निकाह के 5 दिन बाद ही दिया तलाक़: 'उसने धोखे से यक़ीन दिलाया कि वो प्यार करता था'