उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को लखनऊ में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का एलान किया. दोनों नेताओं ने इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है.
चंद्रशेखर और ओवैसी ने साफ़ किया कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के लिए बनाया गया गठबंधन है.
फिलहाल इसमें दो प्रमुख पार्टियां शामिल हैं. दोनों नेताओं ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे.
चंद्रशेखर ने कहा कि उनका दिल बहुत बड़ा है. उन्होंने 2014, 2017 और 2019 के राजनीतिक गठबंधन का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये गठबंधन बीजेपी को नहीं हरा पाए. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी अपने साथ आने का न्योता दिया.
उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी भी उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ें. चंद्रशेखर ने 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रैली करने का भी ऐलान किया.
असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि इस गठबंधन का मकसद सिर्फ बीजेपी को रोकना नहीं है, बल्कि प्रदेश में शिक्षा की बदहाली और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर भी काम करना है.
ओवैसी ने कहा, ‘‘मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि इस गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर होंगे.”
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज़ाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर और आज़ाद समाज पार्टी ने 111 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. हालांकि, दोनों में से कोई भी पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हुई थी.