आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.

मुझे मुख्य वेबसाइट पर ले जाएं

लाइव , ईरान के साथ समझौते की ज़रूरत नहीं: ट्रंप

अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को डेमोक्रेटिक पार्टी के शासन वाले राज्यों में कथित भ्रष्टाचार पर ध्यान देने का निर्देश दिया है.

सारांश

लाइव कवरेज

अभिषेक प्रताप सिंह, शुभम गर्ग

  1. अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. मुझे यानी बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग को दीजिए इजाज़त. कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

    अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गोलीबारी, एक की मौत, चार घायल

    एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफ़ा दिया, अब किसे मिली ज़िम्मेदारी

    'अमेरिका में अरब और मुस्लिम नेताओं का बढ़ता असर': अब्दुल अल-सैयद की जीत को कैसे देख रहा है अरब और इसराइली मीडिया

    कुलगाम में सीआरपीएफ़ टीम पर हमले के बाद दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी, अब तक क्या पता है

  2. ईरान के साथ समझौते की ज़रूरत नहीं: ट्रंप

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका को ईरान के साथ किसी समझौते की ज़रूरत नहीं है.

    अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को डेमोक्रेटिक पार्टी के शासन वाले राज्यों में कथित भ्रष्टाचार पर ध्यान देने का निर्देश दिया है.

    ट्रंप ने दावा किया कि मिनेसोटा, कैलिफ़ोर्निया और इलिनोइस जैसे राज्यों का प्रशासन ख़राब है और वे भ्रष्ट हैं. उन्होंने कहा कि वहां हर महीने अरबों डॉलर की चोरी हो रही है.

    उन्होंने यह भी दावा किया कि अगर इस बड़े पैमाने की आपराधिक गतिविधि को समाप्त कर दिया जाए, तो अमेरिकी बजट को जल्दी संतुलित किया जा सकता है.

    ट्रंप ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार डेमोक्रेटिक नेताओं के ख़ून में है.

    ईरान का ज़िक्र करते हुए ट्रंप ने कहा, "हमें ईरान के साथ किसी समझौते की ज़रूरत नहीं है. वो दिन बहुत पहले बीत चुके हैं. हमारे पास उनका पैसा है और हमारे पास उनका होर्मुज़ स्ट्रेट भी है."

    एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अगर डेमोक्रेट्स वाक़ई भ्रष्टाचार ख़त्म करना चाहते हैं, तो उन्हें सबसे पहले अपने राज्यों की जांच करनी चाहिए. दिन-रात, हर घंटे, बड़े पैमाने पर पैसा चोरी हो रहा है.

  3. ईरान में परमाणु अप्रसार संधि से निकलने की मांग तेज

    ईरान के सर्वोच्च नेता की विशेषज्ञ सभा (असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स) ने एक बयान जारी कर परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने वाली संधि (एनपीटी) से बाहर निकलने की संभावना पर विचार करने की मांग की है. उसने देश की रक्षा नीति की समीक्षा करने की मांग की है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, बयान में कहा गया है कि एनपीटी से बाहर निकलने की समीक्षा और जरूरी सुरक्षा कवच तैयार करने के लिए रक्षा सिद्धांत में बदलाव अब 'एक ज़रूरत' और 'राष्ट्रीय मांग' बन गया है.

    विशेषज्ञ सभा ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर ईरान पर दोबारा हमला होता है, तो देश की सशस्त्र सेनाएं तुरंत और प्रभावी तरीके से जवाब देंगी. इस संस्था ने विभिन्न सरकारी विभागों की भागीदारी और सर्वोच्च नेतृत्व की निगरानी में युद्ध अर्थव्यवस्था मुख्यालय बनाने का आह्वान भी किया है.

    सभा ने ख़ास तौर पर संस्कृति और हिजाब से जुड़े मुद्दों का ज़िक्र किया.

    हाल के हफ़्तों में ईरान के कई अधिकारियों और सांसदों ने भी परमाणु नीति की समीक्षा की मांग की थी. कुछ नेताओं ने खुलकर यह भी कहा है कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की दिशा में बढ़ना चाहिए.

    ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दोहराया है कि ईरान अब भी परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने वाली संधि को लेकर प्रतिबद्ध है.

  4. आम आदमी पार्टी ने पंजाब चुनाव के लिए जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

    आम आदमी पार्टी (आप) ने 12 नवंबर 2026 को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 31 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की है.

    पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक के बाद राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार गुप्ता ने यह सूची जारी की. इससे पहले 31 अक्तूबर 2026 को पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी.

    दूसरी सूची के साथ आप अब तक पंजाब की 117 विधानसभा सीटों में से 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है.

    पार्टी ने दो मौजूदा लोकसभा सांसदों को भी विधानसभा चुनाव के मैदान में उतारा है. संगरूर से सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर को बरनाला सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, डॉ. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा विधानसभा सीट से मौका मिला है. चब्बेवाल अभी होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं.

    दूसरी सूची में करमजीत सिंह रिंटू को अमृतसर उत्तर सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया है. डॉ. इंदरबीर सिंह निज्जर को अमृतसर दक्षिण सीट से टिकट मिला है.

    हरमीत सिंह संधू को तरनतारन सीट से उम्मीदवार बनाया गया है. ब्रह्म शंकर शर्मा जिम्पा होशियारपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे.

  5. कार्टून: पेश है W20 मिल्क

  6. न्यूयॉर्क में इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या 8 हुई, मेयर ममदानी ने क्या कहा?

    अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में एक इमारत गिरने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है. कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. घायलों में तीन दमकलकर्मी भी शामिल हैं.

    न्यूयॉर्क सिटी के मेयर ज़ोहरान ममदानी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, "इस नुकसान को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता." मेयर ने कहा कि राहतकर्मियों ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया है. वो फंसे लोगों को खोजने और बचाने की कोशिश कर रहे हैं."

    उन्होंने कहा, "मुझे गहरा दुख है कि 8 न्यूयॉर्क निवासियों की जान जा चुकी है और कम से कम 17 लोग घायल हुए हैं. मेरी संवेदना उन परिवारों और प्रियजनों के साथ है जिन्होंने अपने लोगों को खोया है. मैं घायलों और पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं."

    मेयर ने लोगों से अपील की कि वे हादसे वाली जगह से दूर रहें और राहतकर्मियों को अपना काम करने दें.

    न्यूयॉर्क सिटी फ़ायर डिपार्टमेंट के मुताबिक़, उन्हें बुधवार को स्थानीय समय के अनुसार शाम लगभग 4 बजे ब्रुकलिन में स्थित इमारत गिरने की सूचना मिली थी.

    साल 1930 में बनी इस इमारत में चार फ़्लैट थे.

    मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने डब्ल्यूएबीसी से बातचीत में कहा कि उन्हें लगता है कि मलबे से बचाई गई महिला उनकी पत्नी हैं, जो छह महीने की गर्भवती हैं.

  7. ईरान में महिलाओं का मिलिट्री ट्रेनिंग कैंप शुरू, देखें तस्वीरें

    ईरान ने राजधानी तेहरान में महिलाओं के लिए एक नया सैन्य प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया है.

    यह क़दम ऐसे समय उठाया गया है, जब ईरानी अधिकारियों को अमेरिका और इसराइल की ओर से संभावित नए हमलों की आशंका है. साथ ही, कूटनीतिक मध्यस्थता की कोशिशें भी ठप बताई जा रही हैं.

    मंगलवार को खोले गए इस केंद्र में महिला वॉलंटियर्स को अलग-अलग सैन्य और आपात स्थितियों से निपटने की ट्रेनिंग दी जा रही है.

    जारी किए गए वीडियो में दर्जनों महिला स्वयंसेवक दिखाई देती हैं. इन्हें "जान-ए-फ़िदा" कहा जाता है.

    ईरान की ओर से जारी किए वीडियो में महिलाओं को रस्सियों के सहारे दीवारों से नीचे उतरते और ज़िप लाइन का अभ्यास करते देखा जा सकता है.

    ईरान इससे पहले पुरुषों और महिलाओं, दोनों के लिए ऐसे तीन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर चुका है. अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के तहत 10 लाख स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है.

    कुछ महिलाओं को हथियारों के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में हिस्सा लेते हुए भी दिखाया गया है.

    ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, इन केंद्रों में नागरिक सुरक्षा, वायु रक्षा और राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े कोर्स भी कराए जा रहे हैं.

  8. भारत आने के लिए वीज़ा नियमों में फ़ेरबदल, गृह मंत्रालय ने बताए बदलाव

    भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीज़ा व्यवस्था में बदलाव किए हैं. वीज़ा की मुख्य श्रेणियों की संख्या 13 से घटाकर नौ और उपश्रेणियों की संख्या 49 से घटाकर 23 कर दी गई है.

    गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज़ के मुताबिक़, ये बदलाव 27 अगस्त, 2026 को किए गए थे.

    मंत्रालय ने बताया कि सभी 23 उपश्रेणियों के आवेदन फ़ॉर्म में भरी जाने वाली जानकारियों की संख्या भी 65 से 70 फ़ीसदी तक कम की गई है. सरकार का कहना है कि इससे आवेदन की प्रक्रिया आसान और तेज़ होगी.

    इन बदलावों का मक़सद भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों, इलाज कराने वाले लोगों और छात्रों की संख्या बढ़ाना है.

    मंत्रालय के मुताबिक़, अलग-अलग वीज़ा श्रेणियों के बीच दोहराव कम किया गया है. इससे पर्यटकों, मरीज़ों, छात्रों, शोधकर्ताओं, निवेशकों और कारोबारी पेशेवरों को अपनी यात्रा के मक़सद के हिसाब से वीज़ा का विकल्प चुनने में आसानी होगी.

    इससे पहले अक्टूबर, 2025 में भी वीज़ा व्यवस्था में बदलाव हुए थे. तब मुख्य श्रेणियों की संख्या 22 से घटाकर 13 और उपश्रेणियों की संख्या 63 से घटाकर 49 की गई थी.

    गृह मंत्रालय का कहना है कि व्यवस्था को आसान बनाने के लिए विकसित देशों के वीज़ा सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों का अध्ययन किया गया.

  9. अंडर-19 एशिया कप: अफ़ग़ानिस्तान को हराकर भारत फ़ाइनल में, पाकिस्तान से होगी टक्कर

    अंडर-19 एशिया कप 2026 के दूसरे सेमीफ़ाइनल में टीम इंडिया ने अफ़ग़ानिस्तान को हराकर फ़ाइनल में जगह बना ली है.

    ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.

    हालांकि अफ़ग़ानिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को 29 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा. इसके बाद नोमान सालारज़ई और शाह फ़ैज़ल रहीमी ने पारी को संभाला.

    नोमान सालारज़ई और शाह फ़ैज़ल रहीमी ने 51-51 रन बनाए. वहीं कप्तान सोहेल ख़ान 36 रन बनाकर नाबाद रहे.

    अफ़ग़ानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 8 विकेट के नुक़सान पर 227 रन बनाए. भारत की ओर से ईशान सूद ने सबसे ज़्यादा 3 विकेट लिए. आर्यन को 2 विकेट मिला.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की. पहले विकेट के लिए लक्ष्य राजेश और आर्यवीर सहवाग के बीच शतकीय साझेदारी हुई.

    लक्ष्य राजेश ने 93 रन की शानदार पारी खेली. उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 1 छक्का लगाया.

    वहीं, आर्यवीर सहवाग ने 51 रन बनाए. वीके विनीत ने 57 रन की पारी खेली.

    भारतीय टीम ने 8 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही टीम ने फ़ाइनल का टिकट भी पक्का कर लिया.

    अब 14 नवंबर को फ़ाइनल में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा. पहले सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में जगह बनाई थी.

  10. फ़्रांस ने क्यों की ईरान पर प्रतिबंध और कड़े करने की तैयारी

    फ़्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने कहा है कि हालिया साइबर हमले के बाद ईरान के ख़िलाफ़ प्रतिबंध और कड़े किए जाएंगे.

    11 और 12 अक्तूबर को हुए साइबर हमलों का असर फ़्रांस के सैकड़ों स्टोरों पर पड़ा था. इन हमलों के कारण रेफ़्रिजरेटर और फ़्रीज़र का तापमान बढ़ गया था.

    इसके चलते लाखों रुपये कीमत का खाने का सामान ख़राब हो गया था. इससे कारोबारियों को भारी नुक़सान हुआ.

    फ़्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो ने इस हमले को आक्रामकता के लिहाज़ से ख़तरनाक बताया. उन्होंने कहा कि हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा.

    फ़्रांसीसी सरकार ने 9 नवंबर को कहा कि इन साइबर हमलों के पीछे रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) का हाथ है. इसके बाद फ़्रांस ने 10 नवंबर की सुबह ईरानी राजदूत को तलब किया.

    फ़्रांस ने कहा कि यह क़दम "ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के साइबर हमले" के जवाब में उठाया गया है.

    वहीं, ईरान ने इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है. ईरान का कहना है कि यह आरोप फ़्रांस में जनता को गुमराह करने के लिए गढ़ी गई मनगढ़ंत कहानी का हिस्सा है.

  11. 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल ले जा रहे दो टैंकरों के साथ होर्मुज़ में क्या हुआ?

    ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) की नौसेना ने कहा है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य के दक्षिणी रास्ते से गुज़र रहे दो तेल टैंकरों को विस्फोट के बाद रुकना पड़ा.

    बीबीसी पर्शियन से मिली जानकारी के मुताबिक, नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने बताया, यह घटना बुधवार रात हुई. बयान में इसे 'भयानक विस्फोट' बताया गया है.

    आईआरजीसी के अनुसार, दोनों जहाज़ ‘सुपर टैंकर’ थे और उनमें कुल मिलाकर 40 लाख बैरल से ज़्यादा तेल था.

    बयान में दावा किया गया है कि टैंकरों ने दक्षिणी रास्ते को लेकर बार-बार दी गई चेतावनियों को अनदेखा किया था. आईआरजीसी ने इस रास्ते को ''अवैध और असुरक्षित'' बताया है.

    ईरान का कहना है कि जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने के लिए उसके तय किए हुए रास्ते का इस्तेमाल करना होगा.

    रिपोर्टों के मुताबिक़, कुछ जहाज़ और टैंकर ईरान की ओर से घोषित पाबंदियों से बचने के लिए एक वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कर रहे हैं.

  12. अंडर-19 एशिया कप में बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में पहुंचा पाकिस्तान

    अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट 2026 के पहले सेमीफ़ाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को हराकर फ़ाइनल में एंट्री कर ली है.

    ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया.

    हालांकि बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम को दूसरे ही ओवर में पहला झटका लगा. 100 रन से पहले ही उसके पांच विकेट गिर गए थे.

    बांग्लादेश की ओर से अब्दुल्लाह अल मुही ने सबसे ज़्यादा 50 रन बनाए. टीम 10 विकेट पर 138 रन ही बना सकी.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शानदार शुरुआत की. पहले विकेट के लिए उस्मान ख़ान और हयाम ख़ान के बीच 123 रन की साझेदारी हुई.

    हयाम ख़ान ने एक छक्के और आठ चौकों की मदद से 69 रन बनाए. वहीं उस्मान ख़ान ने 64 रन की पारी खेली.

    पाकिस्तान ने 22वें ओवर में 9 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया. इसके साथ ही टीम ने फ़ाइनल में जगह पक्की कर ली.

  13. सैम पित्रोदा ने की पीएम की तारीफ़, जवाब में मोदी क्या बोले

    इंडियन ओवरसीज़ कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टिप्पणी की है.

    न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में सैम पित्रोदा ने कहा कि पीएम मोदी उनके दोस्त हैं और दोनों के बीच कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है.

    उन्होंने कहा, "वह मेरे एक गुजराती दोस्त हैं. एक इंसान के तौर पर मैं उनका सम्मान करता हूं. मेरी पत्नी और मैं उनसे मिल चुके हैं. व्यक्तिगत रूप से वह बेहद स्नेहपूर्ण, दयालु और ख़्याल रखने वाले रहे हैं. वह अच्छे वक्ता हैं और कड़ी मेहनत करते हैं. हमारे बीच अच्छी बनती है. कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है."

    सैम पित्रोदा ने आगे कहा, "एक गुजराती नेता, दोस्त या शुभचिंतक के रूप में मुझे पीएम मोदी से कोई दिक्कत नहीं है. उन्होंने हमेशा मेरे प्रति स्नेह दिखाया है और मैं इसकी क़द्र करता हूं. मैं गुजरात में उनके घर भी कई बार जा चुका हूं."

    हालांकि, पित्रोदा ने वैचारिक मतभेद की बात स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें पीएम मोदी की विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन इससे उनके व्यक्तिगत रिश्तों पर असर नहीं पड़ता.

    उन्होंने कहा, "वह पीएम मोदी से असहमत होने के बावजूद उनके साथ बैठकर खाना खा सकते हैं और हंसी-मज़ाक कर सकते हैं."

    पित्रोदा के इस बयान पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा, "सैम भाई, आपको और अंजना बेन को दिवाली और नूतन वर्ष अभिनंदन की शुभकामनाएं. आने वाले वर्ष में सुख, स्वास्थ्य और आनंद के लिए प्रार्थना करता हूं. जय जगन्नाथ!"

  14. क्रिकेट : एशिया कप अंडर-19 मैच में अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ भारत को 228 रनों का लक्ष्य

    एशिया कप क्रिकेट में अंडर-19 के सेमीफ़ाइनल मैच में आज भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच मुकाबला हो रहा है.

    अफ़ग़ानिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारत को जीत के लिए 228 रनों का लक्ष्य दिया है.

    इस मुक़ाबले को जीतने वाली टीम 14 नवंबर को होने वाले फ़ाइनल में जगह बनाएगी.

    अफ़ग़ानिस्तान की ओर से नोमान सलारजई ने 51 रन और शाह फैसल रहीमी ने 51 रन की अर्द्धशतकीय पारियां खेलीं.

    बात भारत की गेंदबाज़ी की करें तो ईशान धीरज सूद ने 9 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

    आर्यन सवसानी को 2 विकेट मिले, जबकि यशवर्द्धन चौहान, अर्जुन राजपूत और काव्य पटेल ने 1-1 विकेट हासिल किया.

  15. अभी तक बीबीसी संवाददाता अभिषेक प्रताप सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता शुभम गर्ग रात दस बजे तक आपतक ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर पढ़ सकते हैं.

    काव्या मारन कौन हैं, जिनकी संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर से शादी चर्चा में है?

    एनवीडिया सीईओ जेनसन हुआंग के दूसरे अफ़ेयर का दावा, कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट

    जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में ग़ायब हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफ़िसरों के शव मिले, अब तक क्या पता है?

    फ़ुल क्रीम दूध 4 और टोंड 2 रुपये महंगा, बार-बार क्यों बढ़ते हैं दाम?

  16. यूपी विधानसभा चुनाव से पहले चंद्रशेखर आज़ाद को लेकर ओवैसी ने क्या एलान किया?, प्रेरणा, बीबीसी संवाददाता

    उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव से पहले गुरुवार को लखनऊ में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का एलान किया. दोनों नेताओं ने इसे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है.

    चंद्रशेखर और ओवैसी ने साफ़ किया कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के लिए बनाया गया गठबंधन है.

    फिलहाल इसमें दो प्रमुख पार्टियां शामिल हैं. दोनों नेताओं ने कहा कि वे उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगे.

    चंद्रशेखर ने कहा कि उनका दिल बहुत बड़ा है. उन्होंने 2014, 2017 और 2019 के राजनीतिक गठबंधन का ज़िक्र करते हुए कहा कि ये गठबंधन बीजेपी को नहीं हरा पाए. उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी अपने साथ आने का न्योता दिया.

    उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी भी उनके साथ मिलकर चुनाव लड़ें. चंद्रशेखर ने 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रैली करने का भी ऐलान किया.

    असदुद्दीन ओवैसी ने गठबंधन का ऐलान करते हुए कहा कि इस गठबंधन का मकसद सिर्फ बीजेपी को रोकना नहीं है, बल्कि प्रदेश में शिक्षा की बदहाली और किसानों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर भी काम करना है.

    ओवैसी ने कहा, ‘‘मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि इस गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार चंद्रशेखर होंगे.”

    2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज़ाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था. एआईएमआईएम ने 95 सीटों पर और आज़ाद समाज पार्टी ने 111 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे. हालांकि, दोनों में से कोई भी पार्टी एक भी सीट जीतने में कामयाब नहीं हुई थी.

  17. बेगूसराय: सामूहिक बलात्कार की सर्वाइवर से फिर मारपीट, छत से नीचे फेंकने का आरोप

    बिहार के बेगूसराय में सामूहिक बलात्कार की सर्वाइवर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 नवंबर की है.

    पुलिस ने बताया कि महिला के साथ मारपीट के बाद उसे छत से नीचे फेंक दिया गया. इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.

    बेगूसराय पुलिस ने प्रेस रिलीज़ जारी कर बताया कि इलाज के बाद महिला को घर भेज दिया गया है.

    इस मामले में एक नामज़द और एक अज्ञात व्यक्ति के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.

    इससे पहले, जून महीने में इसी महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया था.

    पीड़िता ने पेट दर्द की शिकायत की थी, जिसके बाद बेगूसराय के सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने लकड़ी का टुकड़ा निकाला था.

    महिला ने इससे पहले मार्च 2026 में भी यौन हिंसा की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराई थी. यानी इस साल पीड़िता के साथ यह तीसरी घटना है.

    बेगूसराय मुख्यालय के डीएसपी निखिल कुमार ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, "पीड़िता के बयान के आधार पर एक नामज़द और एक अज्ञात व्यक्ति को अभियुक्त बनाया गया है. नामज़द अभियुक्त भोगल कुमार को गिरफ़्तार कर लिया गया है. दूसरे अभियुक्त की तलाश की जा रही है."

    महिला के परिवार का आरोप है कि भोगल कुमार पुराने मामले (सामूहिक बलात्कार) में नामज़द अभियुक्तों के रिश्तेदार हैं.

  18. मिसिसिपी के 140 साल के इतिहास में पहले ब्लैक सीनेटर बने स्कॉट कोलोम

    अमेरिका के मिसिसिपी में डेमोक्रेट उम्मीदवार स्कॉट कोलोम ने सीनेट चुनाव जीत लिया है.

    दशकों से रिपब्लिकन उम्मीदवारों को चुनते आए इस राज्य में उनकी जीत पार्टी के लिए बड़ी कामयाबी है.

    कोलोम 140 साल में मिसिसिपी से अमेरिकी सीनेट के लिए चुने जाने वाले पहले ब्लैक सीनेटर बन गए हैं.

    उन्होंने मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर सिंडी हाइड-स्मिथ को कुछ हज़ार वोटों के अंतर से हराया.

    सीबीएस के आंकड़ों के मुताबिक़, कोलोम को 49.2 फ़ीसदी और हाइड-स्मिथ को 48.7 फ़ीसदी वोट मिले. एक निर्दलीय उम्मीदवार के हिस्से में 2.1 फ़ीसदी वोट आए.

    इस नतीजे के साथ 100 सदस्यों वाली सीनेट में डेमोक्रेट्स की 55 सीटें हो गई हैं. अलास्का में कांटे की टक्कर का नतीजा अभी घोषित नहीं हुआ है.

    हाइड-स्मिथ ने बुधवार शाम एक्स पर एक वीडियो में कोलोम को बधाई दी. उन्होंने कहा, “यह वह नतीजा नहीं है जिसके लिए हमने काम किया या जिसकी उम्मीद की थी, लेकिन मैं मिसिसिपी के मतदाताओं के फ़ैसले का सम्मान करती हूं.”

    इस नतीजे ने मिसिसिपी में 1982 से जारी रिपब्लिकन पार्टी की जीत का सिलसिला तोड़ दिया है. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2024 के चुनाव में इस राज्य में 22 प्रतिशत अंकों से ज़्यादा के अंतर से जीत हासिल की थी.

  19. अपने घर के बाहर हुए बुलडोज़र कार्रवाई पर क्या बोले अभिषेक बनर्जी

    पश्चिम बंगाल के कालीघाट में टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के घर के बाहर फ़ुटपाथ पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नगर निगम ने वहां बना अस्थायी सुरक्षा ढांचा हटा दिया है. इसके लिए जेसीबी मशीन लगाई गई थी और मौक़े पर भारी पुलिस बल तैनात था.

    इस कार्रवाई पर अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “कितने भी बुलडोज़र आ जाएं, वे मेरी आवाज़ नहीं दबा सकते और न ही मेरा इरादा तोड़ सकते हैं.”

    उन्होंने कहा, “मैं बांग्ला विरोधियों के ख़िलाफ़ अपनी लड़ाई जारी रखूंगा. अपनी आख़िरी सांस तक न पीछे हटूंगा और न एक इंच डिगूंगा.”

    वहीं समाचार एजेंसी एनएनआई से बातचीत के दौरान बताया कि दिलीप घोष ने ममता बनर्जी के परिवार पर सरकारी सुविधाओं का दुरुपयोग करने और फ़ुटपाथ समेत सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया.

    घोष ने कहा कि कई दूसरे नेताओं ने भी ऐसा किया है और इस तरह के अतिक्रमण के ख़िलाफ़ पहले भी बुलडोज़र कार्रवाई हुई है.

  20. दक्षिणी ग़ज़ा के सबसे बड़े अस्पताल पर इसराइल का हमला, कम से कम छह लोगों की मौत

    दक्षिणी ग़ज़ा के नासिर अस्पताल की एक इमारत पर इसराइली हवाई हमले में कम से कम छह लोग मारे गए.

    हमास के नियंत्रण वाली सिविल डिफ़ेंस एजेंसी के एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि हमले में 20 लोग घायल भी हुए हैं.

    चश्मदीदों के मुताबिक़, इलाक़े के ऊपर कुछ देर के लिए आए एक लड़ाकू विमान से दागी गई मिसाइल अस्पताल की उस इमारत पर गिरी, जहां सर्जरी वार्ड और आईसीयू हैं.

    गुरुवार तड़के हुए इस हमले में मारे गए लोगों में एक सर्जन के भी शामिल होने की ख़बर है.

    इसराइली सेना की ओर से फ़िलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. बीबीसी ने उससे टिप्पणी मांगी है.

    इसराइल ने बीबीसी को ग़ज़ा पट्टी के अंदर से स्वतंत्र रूप से रिपोर्टिंग करने की अनुमति नहीं दी है. इसलिए बीबीसी घटना से जुड़ी जानकारियों की पुष्टि नहीं कर सकता.

    नासिर अस्पताल दक्षिणी ग़ज़ा का सबसे बड़ा अस्पताल है. अगस्त, 2025 में यहां हुए दोहरे इसराइली हमले में पत्रकारों और स्वास्थ्यकर्मियों समेत कम से कम 20 लोग मारे गए थे.

    पिछले साल अक्टूबर में हुए युद्धविराम समझौते के बावजूद ग़ज़ा में इसराइली हमले जारी हैं. ग़ज़ा के हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, तब से 1,600 से ज़्यादा लोग मारे गए हैं. संयुक्त राष्ट्र इस मंत्रालय के आंकड़ों को भरोसेमंद मानता है.

    इसराइल और हमास एक-दूसरे पर युद्धविराम तोड़ने का आरोप लगाते रहे हैं.