न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ दूसरे वनडे में भारत की अच्छी शुरुआत, आक़िब और गुरनूर ने लिए दो-दो विकेट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, विकेट लेने के बाद जश्न मनाते भारतीय गेंदबाज़ गुरनूर बराड़
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले जा रहे दूसरे वनडे में भारत ने अच्छी शुरुआत की है. भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए न्यूज़ीलैंड 25 ओवर में पांच विकेट के नुक़सान पर 75 रन बनाकर खेल रहा है.
बारिश की वजह से 50 ओवर के बजाय 47 ओवर का मैच खेला जा रहा है. दोनों पारियों में तीन-तीन ओवर कम किए गए हैं.
भारत की ओर से आक़िब नबी और गुरनूर बराड़ ने दो-दो विकेट लिए हैं. वहीं, अंशुल कंबोज को एक विकेट मिला है.
न्यूज़ीलैंड की ओर से डैरिल मिचेल 52 गेंदों में 25 रन बनाकर खेल रहे हैं.
पांच मैचों की सिरीज़ में भारत पहला मैच जीत चुका है.
ईरान के क़ेसम द्वीप पर मिसाइल हमला, ईरानी सेना ने किया अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईरान ने अमेरिकी ड्रोन मार गिराने का दावा किया है (सांकेतिक तस्वीर)
ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम ने शुरुआती रिपोर्टों के हवाले से बताया है कि क़ेसम द्वीप पर दो मिसाइलें गिरी हैं.
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने भी स्थानीय लोगों के हवाले से बताया कि एक विमान की आवाज़ सुनाई देने के बाद द्वीप के सोज़ा इलाक़े में दो प्रोजेक्टाइल गिरे.
तस्नीम के मुताबिक़, अब तक इन घटनाओं में हुए संभावित नुक़सान को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं दी गई है.
इस बीच, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सरकारी मीडिया के हवाले से ख़बर दी है कि ईरान की सेना ने क़ेसम द्वीप के ऊपर एक अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है.
हालांकि, अभी तक इस ड्रोन को मार गिराए जाने की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी स्पष्ट नहीं है कि ड्रोन गिराए जाने और क़शम द्वीप पर मिसाइलें गिरने की घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं.
अभिषेक बनर्जी के घर पर आधी रात को हमला, बीजेपी और कोलकाता पुलिस पर लगाए आरोप
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बीते छह महीने में उन पर सातवीं बार हमला हुआ है.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को आरोप लगाया कि शुक्रवार देर रात भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने उनके घर पर हमला किया.
टीएमसी नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में विपक्षी कार्यकर्ताओं, कोलकाता पुलिस और न्यायपालिका के उच्च संस्थानों पर गंभीर आरोप लगाए. बनर्जी के मुताबिक, शुक्रवार रात दो बजे हमला हुआ.
उन्होंने कहा, "आज सुबह मेरे घर की रेकी का वीडियो जारी करने के बाद, रात दो बजे बीजेपी के गुंडों ने मेरे घर पर हमला किया. यह सब कोलकाता पुलिस की निगरानी में हुआ."
कलकत्ता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, "इस सबके होते रहने के दौरान मूकदर्शक बने रहने के लिए कलकत्ता हाई कोर्ट और भारत के सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया. मैं जल्द ही वीडियो अपलोड करूंगा."
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि बीते छह महीने में उन पर सातवीं बार हमला हुआ है
उन्होंने कहा, "पिछले छह महीनों में मेरी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है. इसके बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही न्यायपालिका ने कोई हस्तक्षेप किया है. राज्य भर में उपद्रवी खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं, क्योंकि न्यायपालिका लगातार इस ओर से आंखें मूंदे हुए है."
इससे पहले शुक्रवार को भी बनर्जी ने आरोप लगाया था कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग उनके घर और दफ़्तर की निगरानी कर रहे हैं. उन्होंने कहा था कि पूछताछ करने पर इन लोगों ने ख़ुद को पुलिसकर्मी बताया.
उन्होंने सवाल उठाया कि कोलकाता पुलिस एक निर्वाचित सांसद के घर के आसपास जासूसी क्यों कर रही है.
वैभव सूर्यवंशी बने बिहार की सीनियर क्रिकेट टीम के कप्तान
इमेज स्रोत, Getty Images
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) ने शुक्रवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफ़ी के शुरुआती दो मैचों के लिए 17 सदस्यीय टीम का एलान किया.
15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि सूरज कश्यप उप-कप्तान होंगे.
यह पहली बार है जब वैभव बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे. उनकी अगुवाई में टीम आगामी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
बीसीए के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने इस फ़ैसले पर कहा कि वैभव ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और परिपक्वता दिखाई है. कप्तानी की ज़िम्मेदारी उन्हें एक क्रिकेटर और लीडर के तौर पर आगे बढ़ने का मौक़ा देगी.
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की सीनियर चयन समिति की बैठक 6 नवंबर को हुई थी. इसमें खिलाड़ियों के ट्रायल और उनके पिछले प्रदर्शन की समीक्षा के बाद टीम चुनी गई. खिलाड़ियों के ट्रायल 4 से 6 नवंबर तक हुए थे.
बिहार की 17 सदस्यीय टीम:
वैभव सूर्यवंशी (कप्तान), आलोक कुमार, आयुष लोहारुका (विकेटकीपर), अल्तमश अशरफ़, परम कुमार सिंह, अनमोल कुमार (विकेटकीपर), रित्विक राज, सूरज कश्यप (उप-कप्तान), मयंक कुमार, राघवेंद्र प्रताप, आशीष कुमार, वासुदेव प्रताप सिंह, मोहम्मद इज़हार, अमोद यादव, प्रशांत सिंह, नवाज़ ख़ान और हिमांशु सिंह.
इसके अलावा मंगल महौर और शाकिब हुसैन का टीम में चयन उनकी फ़िटनेस पर निर्भर करेगा. पहले दो मैचों के बाद उनकी फ़िटनेस का आकलन किया जाएगा और फिर उनकी उपलब्धता पर अंतिम फ़ैसला लिया जाएगा.
पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना महाभियोग के बाद गिरफ़्तार, डिज़िटल बैंक बंद होने से बढ़ा ग़ुस्सा, विक्टोरिया बॉर्न और विल ग्रांट
इमेज स्रोत, Michael Nagle/Bloomberg via Getty Images
इमेज कैप्शन, सैंटियागो पेना
पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना को महाभियोग के ज़रिए पद से हटा दिया गया है और उन्हें घर में नज़रबंद कर दिया गया है.
शुक्रवार को अपनी ही पार्टी के कुछ सांसदों समेत कई सांसदों ने उन्हें पद से हटाने के पक्ष में वोट दिया. इसके कुछ मिनट बाद पेना को गिरफ़्तार कर लिया गया.
इस पूरे घटनाक्रम की वजह इसी हफ़्ते की शुरुआत में यूएनो बैंक के बंद होने से पैदा हुआ संकट बताया जा रहा है.
पेना ने गुरुवार को ही अपने पद से इस्तीफ़ा देने की पेशकश की थी. हालांकि, सांसदों ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार करने के बजाय महाभियोग चलाने और उन पर ग़लत काम करने के आरोप लगाने का फ़ैसला किया.
इसके चलते उन्हें सीनेट की आजीवन सदस्यता और पूर्व राष्ट्रपतियों को मिलने वाली क़ानूनी छूट भी गंवानी पड़ी.
पेना के पास पिछले साल तक उस कंपनी के शेयर थे, जिसके पास यूएनो बैंक का मालिकाना हक़ था. हालांकि, उन्होंने किसी भी ग़लत काम में शामिल होने से इनकार किया है.
इस डिज़िटल बैंक के बंद होने और पराग्वे के केंद्रीय बैंक की ओर से इसे अपने नियंत्रण में लिए जाने के बाद देश की आधी से ज़्यादा आबादी अपने ही पैसे को नहीं निकाल पा रही है.
पेना को पद से हटाने वाले महाभियोग के आरोपों में कहा गया है कि उनके हितों का टकराव था, उन्होंने नियामक निगरानी में हेरफेर किया, पेंशन फंड के पैसे का इस्तेमाल दूसरी जगह किया और केंद्रीय बैंक से जुड़े मामले में संस्थागत स्तर पर सच्चाई छिपाने की कोशिश में शामिल रहे.
इसराइल में कब बनेगी नई सरकार, विपक्षी नेता आइज़नकोट ने बताया
इमेज स्रोत, Reuters / Getty Images
इमेज कैप्शन, विपक्ष के नेता गादी आइज़नकोट और इसराइली राष्ट्रपति बिन्यामिन नेतन्याहू
इसराइल के नेता गादी आइज़नकोट ने केयर टेकर प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू पर निशाना साधते हुए कहा है कि देश को एक 'स्थिर और ज़िम्मेदार नेतृत्व' की ज़रूरत है.
उन्होंने कहा कि नेतन्याहू को प्रधानमंत्री पद पर बने रहने से रोकने और देश में एक बार फिर चुनाव कराने की नौबत से बचने के लिए जल्द से जल्द राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाई जानी चाहिए.
यहूदी त्योहार शबात शुरू होने से पहले इज़राइल के नागरिकों को संबोधित करते हुए आइज़नकोट ने कहा कि 'देश इस समय गंभीर और ख़तरनाक आपातकाल' से गुज़र रहा है.
उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार इज़राइल के लोकतंत्र के अस्तित्व के लिए ख़तरा बन गई है. उन्होंने कहा कि युद्ध के कई मोर्चे अब भी खुले हैं और 'देश ख़तरनाक राजनीतिक संकट' का सामना कर रहा है.
आइज़नकोट ने दावा किया कि कनेसेट (संसद) के सदस्यों के बीच हुए विचार-विमर्श से साफ़ है कि बहुमत बदलाव और उनके प्रधानमंत्री बनने का समर्थन करता है.
उन्होंने कहा कि केवल 46 सांसद नेतन्याहू के कार्यकाल को जारी रखने के पक्ष में हैं, जबकि 74 सांसदों ने उन पर भरोसा नहीं जताया है.
उन्होंने कहा कि अल्पमत में चल रही कार्यवाहक सरकार का सुरक्षा व्यवस्था और क़ानून लागू करने वाली एजेंसियों पर नियंत्रण बनाए रखना ख़तरनाक है और इसे एक दिन भी जारी नहीं रहना चाहिए.
उन्होंने बताया कि वह अपने सहयोगियों के साथ राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने के लिए बातचीत कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस दिशा में काफ़ी प्रगति हुई है और अगले हफ़्ते की शुरुआत में उन्हें सरकार बनाने का न्योता मिलने की उम्मीद है.
उन्होंने प्रस्तावित सरकार के लिए चार बुनियादी सिद्धांत भी रखे हैं. इनमें इसराइल को यहूदी और लोकतांत्रिक देश के रूप में मान्यता देना, स्वतंत्रता की घोषणा के मूल्यों को स्वीकार करना, सभी के लिए सैन्य या राष्ट्रीय सेवा अनिवार्य करना और हमास को चरमपंथी संगठन मानते हुए उसकी सैन्य और राजनीतिक ताक़त ख़त्म करने की प्रतिबद्धता शामिल है.
उन्होंने कहा कि इन सिद्धांतों से सहमत सभी दलों और सांसदों को उनकी अगुवाई में सरकार में शामिल होने का न्योता दिया जाएगा.
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास, क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है. शमी ने 6 नवंबर की रात एक वीडियो जारी कर अपने संन्यास का एलान किया.
साथ ही उन्होंने इस सफ़र में साथ देने वाले सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया.
मोहम्मद शमी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "सफ़ेद जर्सी को अलविदा कह रहा हूं, लेकिन उससे जुड़ी यादों को कभी नहीं."
शमी ने आगे लिखा, "जब पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तब सिर्फ़ एक सपना था, अपने देश के लिए कुछ कर दिखाने का. इसके बाद हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर बार वापसी ने मुझे कुछ न कुछ सिखाया."
"टेस्ट क्रिकेट मेरे लिए सिर्फ़ एक फ़ॉर्मेट नहीं, बल्कि मेरी ज़िंदगी का एक बेहद ख़ास हिस्सा रहा है. आज भारी मन और अनगिनत ख़ूबसूरत यादों के साथ मैंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फ़ैसला किया है."
उन्होंने सभी साथियों, कोच, परिवार के सदस्यों और उन करोड़ों भारतीयों को शुक्रिया कहा जो अच्छे और मुश्किल दौर में उनके साथ खड़े रहे और भरोसा बनाए रखा.
उन्होंने बीसीसीआई और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल का भी शुक्रिया किया.
शमी ने कहा, "उन्होंने मेरी प्रतिभा पर भरोसा किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट करियर में अहम भूमिका निभाई. आपका साथ और भरोसा हमेशा मेरे लिए खास रहेगा. मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में मेरी आखिरी गेंद भले ही पहले ही फेंकी जा चुकी हो, लेकिन भारत का प्रतिनिधित्व करने का गर्व हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहेगा."
मोहम्मद शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले हैं और इस दौरान 229 विकेट अपने नाम किए हैं.
36 वर्षीय शमी 2025 चैंपियंस ट्रॉफ़ी के बाद से भारतीय टीम से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे.
मिडटर्म में झटका मिलने बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस प्रशासन में किया ये फेरबदल, मैडलीन हेल्पर्ट
इमेज स्रोत, Alex Wong/Getty Images
इमेज कैप्शन, स्टीफ़न मिलर ट्रंप की सख़्त इमिग्रेशन नीति तैयार करने वाले प्रमुख लोगों में शामिल हैं
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की ऐतिहासिक हार के बाद स्टीफ़न मिलर को अपना नया चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ नियुक्त किया है.
मिलर ट्रंप की सख़्त इमिग्रेशन नीति तैयार करने वाले प्रमुख लोगों में से एक हैं.
मिलर की नियुक्ति के साथ ही सूज़ी वाइल्स की जगह एक नया चेहरा व्हाइट हाउस में इस अहम पद की ज़िम्मेदारी संभालेगा.
रिपब्लिकन पार्टी के कांग्रेस के दोनों सदनों में नियंत्रण खोने के बाद वाइल्स ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया था. इस हार से व्हाइट हाउस में ट्रंप के कार्यकाल के आख़िरी दो साल के एजेंडे को झटका लगा है.
पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि वाइल्स ने "बहुत अच्छा काम किया है", लेकिन "कभी-कभी हमें बदलाव करने पड़ते हैं".
ट्रंप के क़रीबी सहयोगी और डिप्टी चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ मिलर सोमवार से नई ज़िम्मेदारी संभालेंगे. 41 साल के मिलर ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर काम कर चुके हैं.
मिलर उन चुनिंदा सहयोगियों में शामिल हैं जिन्होंने 2020 के राष्ट्रपति चुनाव में हार के बाद भी ट्रंप का साथ नहीं छोड़ा था. पिछले साल ट्रंप की सत्ता में वापसी के बाद वह फिर उनके साथ काम करने लगे.
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर मिलर ने ट्रंप को "अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव लाने वाला राजनीतिक नेता" बताया. उन्होंने कहा कि ट्रंप ने अकेले ही अमेरिका को उन लोगों से बचाया है जो उसे बर्बाद करना चाहते थे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहांक्लिक करें
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक करें.