आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
'मसाला डोसा बर्गर' पर लोगों के चटखारे
अंतरराष्ट्रीय फ़ास्ट फूड कंपनी मैकडोनल्ड्स पहले से कहीं ज़्यादा देसी होने जा रही है. वो जल्द ही अपने ब्रेकफ़ास्ट मेन्यू में मसाला डोसा बर्गर और अंडे की भुजिया को शामिल करने जा रही है.
और ये ख़बर सामने आते ही सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई.
निकिता दत्ता ने लिखा, ''मैं पिछले पांच साल से मैकडोनल्ड्स नहीं गई हूं, इसलिए जज नहीं करना चाहिए. लेकिन मसाला डोसा बर्गर? मैकडोनल्ड्स की रचनात्मकता को क्या हो गया है?''
नितीश ने ट्वीट किया, ''क्या हमें मसाला डोसा बर्गर डुबोने के लिए सांभर मिलेगा? एक दोस्त के लिए पूछ रहा हूं.''
कंपनी के मुताबिक सबसे पहले ये उत्पाद मुंबई में शुरू किया जाएगा और इनका उद्देश्य कम कीमत पर ऐसे प्रोडक्ट मुहैया कराना है, जिससे और ग्राहकों को जोड़ा जा सके.
हालांकि कई लोग चटखारे लेने के साथ-साथ इस कदम को स्मार्ट भी बता रहे हैं.
आदर्श निगम ने लिखा है, ''मसाला डोसा बर्गर बड़ा स्मार्ट विचार है. ये वैश्विक फ़ास्ट फ़ूड उद्योग में उलट टेकओवर की शुरुआत हो सकती है.''
फ़िनिक्स हैंडल से लिखा गया है, ''मैकडोनल्ड्स ने मसाला डोसा बर्गर लॉन्च किया है. अब वो केचप सेशे की जगह चटनी सेशे और कोक की जगह फ़िल्टर कॉफ़ी देगा.''
उत्पादों को भारतीय चोगा पहनाने की मैकडोनल्ड्स की ये पहली कोशिश नहीं है. इससे पहले उसने मैकआलू टिक्की बर्गर और पनीर बर्गर लॉन्च किया था.