आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
सोशल: बाबा रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बताया 'राष्ट्रऋषि'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को हरिद्वार के पतंजलि रिसर्च सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे. उन्होंने अपने दौरे की जानकारी ट्विटर पर दी जिसके जवाब में बाबा रामदेव ने उन्हें 'राष्ट्रऋषि' करार दिया.
रामदेव ने ट्विटर पर लिखा,''राष्ट्र के गौरव, भारत को ऋषि के रूप में भगवान का वरदान मिले, राष्ट्र ऋषि श्री नरेंद्र मोदी जी के पतंजलि आगमन से आयुर्वेद को गौरव मिलेगा''.
पीएम मोदी के मंच पर पहुंचने पर भी रामदेव ने उन्हें एक बार फिर 'महामानव' और 'राष्ट्रऋषि' बताया. इसके बाद ट्विटर पर हैशटैग राष्ट्रऋषि ट्रेंड करने लगा. कुछ लोगों ने इसकी तारीफ़ की तो कुछ को यह हजम नहीं हुआ.
चेतन ने लिखा,''मोदी जी, आप यक़ीनन राष्ट्रऋषि की उपाधि के पात्र हैं.'' वहीं, अशोक ने इस पर ऐतराज जताया. उन्होंने कहा,''भारत को इस वक्त किसी साधु की नहीं बल्कि योद्धा की जरूरत है.
शरद ने हैशटैग राष्ट्रऋषि के साथ लिखा,''मेरे प्रधानमंत्री.''
एक ट्विटर यूजर को समझ में ही नहीं आया कि आखिर 'राष्ट्रऋषि' नाम की बला है क्या! संतोष को लगता है कि राष्ट्रऋषि की उपाधि नरेंद्र मोदी को पूरी तरह मैच करती है.
अमिताभ अरुण ने एक दिलचस्प सवाल पूछा. उन्होंने लिखा,''सवाल यह है कि क्या बाबा रामदेव ने राष्ट्रपति बनने के लिए मोदी जी को राष्ट्रऋषि कहा?''
लगे हाथ यह भी पूछ लिया गया कि अच्छे दिन कब आएंगे. वी कुमार स्वामी ने कहा,''हां में हां मिलाने का बेहतरीन उदाहरण. 'राष्ट्रगुरु' 'राष्ट्रऋषि' की तारीफ़ कर रहे हैं.''