आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
राहुल गांधी कुत्तों के योग की फोटो ट्वीट कर कहना क्या चाहते हैं - सोशल
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्विटर पर कुछ ऐसी तस्वीरें पोस्ट कर दीं, जिन पर बहस छिड़ गई है.
राहुल ने शाम 4 बजे के लगभग दो तस्वीरें ट्वीट कीं जिनमें सेना के जवान और आर्मी यूनिट के कुत्ते एक साथ योग करते नज़र आ रहे हैं.
राहुल ने ये तस्वीरें ट्विटर पर पोस्ट कीं और साथ में कैप्शन लिखा- New India
उनका ये ट्वीट आते ही लोगों ने इस पर धड़ाधड़ प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दीं और ट्विटर पर #Dogs ट्रेंड करने लगा.
ट्वीट करने के एक घंटे के भीतर ही इसके 1,800 रिट्वीट्स हो गए.
कई लोगों को तो ये समझ ही नहीं आया कि इस ट्वीट के जरिए राहुल कहना क्या चाहते हैं तो कुछ को ये 'भद्दा' और 'ग़ैरज़रूरी' लगा. कुछ लोगों ने इसे भारतीय सेना का अपमान भी बताया.
कइयों को ये समझ नहीं आया कि इन तस्वीरों के साथ New India लिखने का क्या तुक है?
भाजपा अध्यक्ष और भारत के गृहमंत्री अमित शाह ने इसे कांग्रेस पार्टी की नकारात्मकता बताते हुए लिखा, "कांग्रेस का मतलब ही है नकारात्मकता. आज मध्ययुगीन तीन तलाक़ को उनके समर्थन में ये नकारात्मकता स्पष्ट दिखी. अब उन्होंने योग दिवस का मज़ाक बनाया और हमारी सेनाओं का अपमान किया (फिर से!). उम्मीद है कि सकारात्मकता की भावना रहेगी. इससे मुश्किल से मुश्किल चुनौती से भी उबरा जा सकता है."
आदित्य मेनन ने पूछा, "कहना क्या चाह रहे हैं सर?"
रूपा सुब्रमण्यम ने लिखा, "शायद ये योग दिवस की सबसे प्यारी तस्वीर थी लेकिन राहुल गांधी ने इसका मज़ाक उड़ा दिया. ये ट्वीट काफ़ी हद तक आपके चुनावी अभियान को दर्शाता है. होपलेस!"
आरती टिक्कू सिंह ने लिखा, "ये तस्वीरें तो ख़ूबसूरत हैं लेकिन ये ट्वीट भद्दे हैं. अद्भुत जानवर, बहादुर भारतीय सैनिक लेकिन तुच्छ कमेंट.'
अमृता भिंडर ने ट्वीट किया, "आप सिर्फ़ ग़लतियां पर ग़लतियां करते हैं लेकिन अक्सर मज़ाक आपका ही उड़ जाता है."
विकास सिंह ने लिखा, "कम से कम भाषा की मर्यादा तो बनाओ भाई."
प्रतीक शुक्ला ने कहा, "आप 2024 भी बीजेपी को थाली में सजाकर देना चाहते हैं? आपने इस बार की हार से कोई सीख नहीं ली."
योगेश नाम के ट्विट यूज़र ने ट्वीट किया, "राहुल गांधी इतने मेहनती और समर्पित हैं कि उन्होंने 2024 में बीजेपी की जीत के लिए अभी से काम शुरू कर दिया है."
गणेश सिंह ने लिखा, "डियर राहुल गांधी, आप सबसे पुरानी पार्टी के कांग्रेस अध्यक्ष हैं. इस ट्वीट से आप किसका अपमान कर रहे हैं? देश का, जवानों का या महान भारतीय संस्कृति का? सोचिएगा ज़रूर."
इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में राहुल गांधी का भविष्य अनिश्चित है. वो पद छोड़ना चाहते हैं, कांग्रेस उन्हें पद पर रखना चाहती है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)