आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
नोटबंदी पर यूटर्न लेना चाहते है नीतीश: रघुवंश
राष्ट्रीय जनता दल के नेता रघुवंश प्रसाद सिंह का कहना है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहले नोटबंदी के समर्थन में थे लेकिन अब वह अपने बयान से पलटना चाहते हैं.
बिहार में बुधवार को राजद ने नोटबंदी के ख़िलाफ़ धरना दिया था, जिसमें राज्य में महागठबंधन में शामिल जद(यू) इसमें शामिल नहीं हुई.
रघुवंश प्रसाद सिंह का कहना था कि जनता दल (यू) में केवल एक व्यक्ति नोटबंदी के समर्थन में खड़ा है जबकि दिल्ली में शरद यादव नोटबंदी का विरोध कर रहे हैं.
उनका कहना था, ''नीतीश पहले नोटबंदी के पक्ष में बोल गए लेकिन अब उन्हें यू-टर्न लेने में कठिनाई हो रही है. वह कह रहे हैं कि 50 दिनों की समीक्षा करेंगे कि नोटबंदी के बाद लोगों की कितनी तकलीफ़ हुई है उसके बाद आंदोलन में शामिल होंगे. इसलिए मुझे समझ में आता है कि वह समीक्षा करने के बाद नोटबंदी के ख़िलाफ़ आएंगे.''
बुधवार को हुए धरना में राजद अध्यक्ष ने फिर दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने लिए 'चौराहा' चुन लें.
रघुवंश प्रसाद सिंह का कहना था कि महागठबंधन का नेता होने के नाते नीतीश कुमार को नरेंद्र मोदी या नोटबंदी के समर्थन में नहीं बोलना चाहिए था, मुझे लगता है वह बयान दे गए लेकिन अब पलटी मारना चाहते हैं.
इस बयान का समर्थन करते हुए रघुवंश प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वंय बयान दिया था कि नोटबंदी के बाद 50 दिन में हालात नहीं सुधरे तो उन्हें जो सज़ा दी जाएगी उसे स्वीकार होगी.
उनका कहना था कि नोटबंदी के ख़िलाफ़ गांधी मैदान में विस्तार रैली की जाएगी और उनका दावा था कि इस रैली में सभी धर्मनिरपेक्ष पार्टियां शामिल होंगी. उनका कहना था कि तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी से बातचीत हो चुकी है और इसमें जद(यू) भी शामिल होगी.
(बीबीसी संवाददाता सुशीला सिंह से बातचीत पर आधारित)