आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
प्रेस रिव्यू: 'जीएसटी को टालने का समय नहीं है'
'हिंदुस्तान टाइम्स' में छपी एक ख़बर के अनुसार भारत के वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि भारत में नया गुड्स ऐंड सर्विस टैक्स यानी जीएसटी 30 जून की आधी रात से ही लागू होगा.
रविवार को उन्होंने कहा कि भारत के पास आज़ादी के बाद के अब तक के सबसे बड़े टेक्स सुधारों के क्रियान्वयन को टालने का समय नहीं है.
हालांकि जेटली ने कहा कि पहले दो महीने तक टैक्स रिटर्न दाखिल करने के नियमों में थोड़ी ढील दी जाएगी ताकि व्यापारी इस नई प्रणाली को अपनाने से जुड़ी शुरुआती परेशानियों से निपट सकें.
'इंडियन एक्सप्रेस' में छपी एक ख़बर के अनुसार भारतीय वायुसेना के एयर चीफ़ मार्शल बीएस धनोआ ने कहा है कि वायुसेना में लड़ाकू दस्तों की कमी है.
अख़बार के मुताबिक उन्होंने ये भी कहा कि इसका असर आमने-सामने से होने वाली लड़ाई पर पड़ सकता है.
अख़बार को दिए एक इंटरव्यू में वायुसेना प्रमुख ने कहा कि वायुसेना में आधिकारिक तौर पर 42 दस्ते होने चाहिए लेकिन फिलहाल उसके पास मात्र 32 दस्ते हैं.
उन्होंने कहा कि ये ठीक उसी तरह है जैसे क्रिकेट मैच में ग्यारह खिलाड़ियों की बजाय सात खिलाड़ियों का खेलना.
उन्होंने अख़बार को बताया कि चरमपंथी हमले के जवाब में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अपनी हवाई शक्ति के इस्तेमाल के लिए वायुसेना तैयार है, लेकिन इस विकल्प का इस्तेमाल सरकार को करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना सरकार के आदेश पर माओवादियों के ख़िलाफ़ भी कार्रवाई करने में समर्थ है लेकिन वो भारत की सरहद के भीतर इस तरह के हवाई हमले के पक्ष में नहीं हैं.
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ई पलनीसामी, एआईएडीएमके नेता टीटीवी दिनाकरण के ख़िलाफ़ चुनाव आयोग ने अफ़आईआर करने के निर्देश दिए हैं. ये ख़बर छापी है 'डेली पायोनियर' ने.
अख़बार के अनुसार आयोग ने उपचुनाव में पैसा बांटने के मामले में पलनीसामी समेत कई अन्य मंत्रियों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का आदेश दिया है.
अख़बार लिखता है कि जनसूचना अधिकार के तहत मांगी गई सूचना के जवाब में आयोग ने कहा है कि उन्हें आयकर विभाग की ओर से ऐसे दस्तावेज़ मिले हैं जिनमें आरके नगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मतदाताओं को पैसे दिए जाने की पुष्टि होती है.
आरटीआई दाखिल करने वाले व्यक्ति ने चुनाव आयोग से पूछा था कि उपचुनाव क्यों रद्द किया गया और उसके बाद क्या कार्रवाई की गई.
आईआईटी में पढ़ेंगे एक मज़दूर. 'दैनिक भास्कर' में छपी एक ख़बर के अनुसार राजस्थान के पाली में रहने वाले महावीर कुमार मौर्य घर चलाने के लिए अपना परिवार के साथ मिल कर मज़दूरी का काम करते हैं.
महावीर बिना कोचिंग लिए ही पिछले साल आईआईटी परीक्षा में पास हो गए थे. लेकिन बारहवीं में 70 प्रतिशत से कम नंबर होने के कारण उन्हें प्रवेश नहीं मिल सका.
बाद में उन्होंने कोचिंग कर जेईई एडवांस्ड परीक्षा पास कर ली और अब वो जल्द ही आईआईटी में पढ़ाई करने के लिए जाएंगे.
'जनसत्ता' में छपी एक ख़बर के अनुसार डिजिटल इंडिया पर सरकार के ज़ोर के बावजूद राष्ट्रपति पद के चुनाव में कार्ड या डिजिटल मनी नहीं चलेगी. उम्मीदवारों को नामांकन के लिए 15000 रुपये को नोटों की शक्ल में ही जमा कराने होंगे.
नामांकन पत्र दाखिल करते समय उम्मीदवारों को चुनाव अधिकारी को ये नकद रकम देनी होगी. अख़बार ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि एक बैंक अधिकारी नोटों की जांच करेगा और उन्हें गिनेगा.
'दैनिक जागरण' में छपी एक ख़बर के अनुसार ड्यूटी के दौरान घायल होने के बाद 100 फ़ीसदी तक दिव्यांग होने वाले अर्द्धसैनिक बल के जवानों को दिए जाने वाले मुआवज़े को नौ लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपए कर दिया गया है.
बढ़ा हुआ मुआवजा सभी केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के लिए 1 जनवरी, 2016 से लागू होगा.
गृह मंत्रालय के अनुसार 100 फ़ीसदी से कम दिव्यांगता की स्थिति में दिया जाने वाला मुआवज़ा दिव्यांगता के स्तर के हिसाब से होगा. गृह मंत्रालय के तहत आठ बलों के करीब 10 लाख जवान आते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)