आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जी-7 की बैठक के लिए इटली में एकजुट हुए दुनिया के नेता, मोदी भी हुए रवाना
जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.
सारांश
- नीट-यूजी में ग्रेस मार्क्स दिए गए 1,563 छात्रों के लिए दोबारा होगी परीक्षा. एनटीए ने नोटिफ़िकेशन जारी कर बताया 23 जून को होंगे एग्ज़ाम.
- पीएम नरेंद्र मोदी जी7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने इटली रवाना हुए. तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेने के बाद मोदी का यह पहला विदेश दौरा है.
- अजीत डोभाल को एक बार फिर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त कर दिया गया है.
- चीन और पाकिस्तान के संयुक्त बयान में जम्मू और कश्मीर पर की गई टिप्पणी पर भारत के विदेश मंत्रालय ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
- पेमा खांडू ने लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है. चोओना मीन ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली.
लाइव कवरेज
दीपक मंडल
इंडिया गठबंधन के मार्च के बीच बीजेपी की प्रेस कॉन्फ़्रेंस, अनुराग ठाकुर ने क्या कहा
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया.
सोमवार को विपक्षी दलों का इंडिया गठबंधन ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की कोशिश की. इसमें भारी संख्या में लोग शामिल भी हुए.
विपक्ष के मार्च के दौरान बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा, "राहुल गांधी और कांग्रेस का फंडा साफ है, सत्ता नहीं मिले तो अराजकता फैला दो. देश की जनता को अदालत के सामने अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है."
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भी अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन राहुल गांधी और कांग्रेस खुद को एक "एक्स्ट्रा-कॉन्स्टिट्यूशनल बॉडी" मानते हैं.
अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस खुद को नियम-कानून से ऊपर समझते हैं.
उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस पर संविधान को कुचलने का भी आरोप लगाया.
उन्होंने कहा, "जिन लोगों ने खुद धांधली करके चुनाव जीता हो, वही आज चुनावों में धांधली की बात कर रहे हैं."
दिल्ली में विपक्ष का विरोध प्रदर्शन, कैसा है माहौल?
इंडिया ब्लॉक के मार्च में शामिल हुए शशि थरूर, क्या कहा?
इंडिया ब्लॉक के सुप्रीम कोर्ट मार्च में कांग्रेस सांसद शशि थरूर भी शामिल हुए.
उन्होंने मार्च के दौरान न्यूज़ एजेंसी पीटीआई से बात करते हुए कहा, "संविधान की रक्षा किसी भी राजनीति से ऊपर है. नागरिकों के वोट देने के अधिकार को उनसे छीन लिया गया है. 13 करोड़ लोग अपने वोट देने का अधिकार खो चुके हैं."
सोमवार को विपक्षी दलों के सांसदों और नेताओं ने सैकड़ों समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ "मार्च फॉर डेमोक्रेसी" की शुरुआत की. यह मार्च बाराखंबा मेट्रो स्टेशन से सुप्रीम कोर्ट तक निकाला जा रहा है.
विपक्षी दलों का कहना है कि वे अपने कथित "वोट चोरी" के आरोपों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका सौंपेंगे.
मार्च में राहुल गांधी समेत इंडिया ब्लॉक के कई वरिष्ठ नेता, सांसद और विभिन्न दलों के कार्यकर्ता शामिल हैं.
विपक्ष का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियां हुई हैं, जबकि इस मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की ओर से पहले भी आरोपों को खारिज किया जाता रहा है.
इंडिया गठबंधन के मार्च में भारी संख्या में पहुंचे लोग, देखें तस्वीरें
विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने सोमवार को बाराखंबा से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने की घोषणा की.
सोमवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अखिलेश यादव, नेहा बोरा और दूसरे विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए.
इंडिया गठबंधन के मार्च के दौरान सोशल मीडिया में जारी वीडियो और तस्वीरों में भारी भीड़ देखी जा सकती है. बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने भी पुष्टि की है कि इस मार्च में शामिल होने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं.
देखें तस्वीरें-
जंतर-मंतर पर 'ताला', कैसा रहा है यहां धरना- प्रदर्शन का इतिहास
इंडिया गठबंधन के मार्च में शामिल हुए अखिलेश यादव, क्या कहा?
इंडिया ब्लॉक के विरोध मार्च में सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी शमिल हुए.
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आंदोलन और धरना-प्रदर्शन जारी रहेंगे. लोकतंत्र को बचाना हमारी ज़िम्मेदारी है. भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग के साथ मिलकर संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है. वे हमेशा सत्ता में बने रहना चाहते हैं."
उन्होंने आरोप लगाया, "फर्जी मतदाता सूचियां बनाई जाती हैं, फर्जी वोट डाले जाते हैं और चुनावी नतीजों में गड़बड़ी की जाती है. हम कानूनी और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे."
उन्होंने कहा, "सरकार को हमारी बात सुननी चाहिए और चुनाव आयोग को हटाना चाहिए. भाजपा को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए."
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल विरोध प्रदर्शन की जगह बदल देने से समस्या का समाधान नहीं होगा.
धरना स्थल बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा, "अगर सरकार लोकतंत्र को मज़बूत करना चाहती है तो उसे विरोध प्रदर्शनों के लिए और जगहें उपलब्ध करानी चाहिए. प्रदर्शन स्थल बदल देने से सरकार की कथित गलतियां छिप नहीं सकतीं."
उन्होंने कहा, "हम लोकतंत्र के लिए अपनी आवाज़ उठाते रहेंगे. यह लड़ाई जारी रहेगी."
विपक्ष के सुप्रीम कोर्ट मार्च से पहले अभिषेक मनु सिंघवी ने क्या कहा
वरिष्ठ वकील और कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने सोमवार को राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन से पहले सुप्रीम कोर्ट से बाराखंबा तक वकीलों के साथ मार्च निकाला.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "चलो दिल्ली, लोकतंत्र के लिए सुप्रीम कोर्ट से बाराखंबा तक मार्च में."
इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "आप देख रहे होंगे कि हम सिर्फ़ एक शांतिपूर्ण मार्च निकालना चाहते हैं, लेकिन इस पर पाबंदियां लगा दी गई हैं. हाल ही में मेट्रो, ट्रेन और इंटरनेट सेवाएं बंद की गईं, जिससे आम लोग प्रभावित हुए."
"यह पहले से ही लगाया गया एक व्यापक प्रतिबंध था. अगर कोई तोड़फोड़ हुई होती तो हम समझ सकते थे, लेकिन किसी ने कुछ नहीं किया है. दरअसल, आप डरे हुए हैं. संविधान हमें विरोध करने का अधिकार देता है."
सोमवार को विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बाराखंबा मेट्रो स्टेशन से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का ऐलान किया है.
इस मार्च में शामिल होने के लिए विपक्षी दलों के कई नेता बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पहुंच चुके हैं.
सीजेपी अब आगे क्या करेगी, सौरव दास ने बताया
अभिजीत दीपके बोले- 'अब बहुत हो चुका'
सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को क्या जवाब दिया
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) जस्टिस सूर्यकांत ने 11 अक्तूबर को राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को पत्र लिखा है.
पत्र में कहा गया है कि किसी लंबित मामले पर चर्चा के लिए बैठक बुलाना संविधान में तय शक्तियों के बंटवारे के सिद्धांत के ख़िलाफ़ होगा.
रविवार को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया (सीजेआई) से मिलने का वक्त मांगा था. हालांकि, जस्टिस सूर्यकांत ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था.
कांग्रेस ने जस्टिस सूर्यकांत के जवाब को एक्स पर पोस्ट किया है.
पत्र के मुताबिक,सीजेआई ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के लिए ऐसा कदम न्यायिक मर्यादा और स्थापित परंपराओं के अनुरूप नहीं है. सीजेआई ने यह भी स्पष्ट किया कि संविधान के तहत सुप्रीम कोर्ट को उन मुद्दों पर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है, जिनका जिक्र विपक्षी नेताओं के पत्र में किया गया है.
हालांकि, उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 32 और न्यायिक समीक्षा जैसी शक्तियों के तहत सुप्रीम कोर्ट नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मामलों पर सुनवाई करने और फ़ैसला देने के लिए बाध्य है.
सूर्यकांत ने पत्र में कहा कि सुप्रीम कोर्ट हर नागरिक के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और नागरिक क़ानूनी प्रक्रिया के तहत कभी भी अपने अधिकारों के संरक्षण के लिए अदालत का दरवाज़ा खटखटा सकते हैं.
उन्होंने विपक्षी नेताओं को सलाह दी कि वे प्रशासनिक स्तर पर ज्ञापन देने के बजाय न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लें और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करें.
उन्होंने भरोसा दिलाया कि क़ानून के अनुसार ऐसी किसी भी याचिका पर जल्द से जल्द सुनवाई की जाएगी.
'सोना गिरवी रखकर पैसे दिए': तीन गुजरातियों के इथियोपिया में 'अपहरण' का क्या था मामला
इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन से पहले दिल्ली में कैसा है माहौल: देखें तस्वीरें
सोमवार को इंडिया गठबंधन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफ़े की मांग को लेकर बाराखंबा से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने का अह्वान किया है.
विपक्ष के इस अह्वान के बाद दिल्ली में प्रदर्शनकारी जुटने लगे हैं.
इससे पहले राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया (सीजेआई) से मिलने का वक्त मांगा था. हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था.
इस बीच दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया गया है.
देखें तस्वीरें-
अभी तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक करें.
दिल्ली पुलिस ने कहा- जंतर मंतर पर नहीं कर सकेंगे प्रोटेस्ट, ये तीन नई जगहें की तय
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया गया है.
केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफ़ारिशों के आधार पर यह फ़ैसला लिया गया है.
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से सोमवार को जारी नोटिस में कहा गया है कि अब इसके विकल्प के तौर पर रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली स्थित सीबीडी मैदान को निर्धारित किया गया है.
नोटिस के मुताबिक़, "गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति को नागरिकों के विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के अधिकार को ध्यान में रखते हुए मौजूदा निर्धारित स्थलों के विकल्पों की समीक्षा करने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी."
नोटिस में कहा गया है कि इन तीनों स्थलों पर विरोध प्रदर्शन और धरना आयोजित करने के लिए एसओपी अलग से जारी की जाएगी.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा- हमने फ़ॉर्म-6 को न तो मंज़ूरी दी है और न ही ख़ारिज किया
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को स्पष्ट किया कि उसने नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े नए फ़ॉर्म-6 को न तो मंज़ूरी दी है और न ही ख़ारिज किया है.
लाइव लॉ के अनुसार, कोर्ट ने कहा कि इस फ़ॉर्म की वैधता पर अभी तक कोई न्यायिक निर्णय नहीं दिया गया है.
मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने यह टिप्पणी निर्वाचन आयोग से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान की.
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील नरेंद्र मिश्रा ने कहा, “5 अक्तूबर को इस कोर्ट ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि फ़ॉर्म-6 को मंज़ूरी नहीं दी गई है. लेकिन निर्वाचन आयोग ने कहा कि इसे सुप्रीम कोर्ट ने मंज़ूरी दी है.”
इस पर जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने कहा, “नए फ़ॉर्म-6 पर कोई न्यायिक निर्णय नहीं हुआ है.”
इसके बाद चीफ़ जस्टिस ने वकीलों को टोकते हुए कहा, “कृपया इस तरह ख़बर बनाने के लिए शब्दों को चुनकर पेश न करें.”
जस्टिस बागची ने मामले पर आगे स्पष्ट किया कि चीफ़ जस्टिस की टिप्पणी का आशय केवल इतना था कि मई 2026 में बिहार के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मामले में जब फ़ैसला सुनाया गया था, तब नया फ़ॉर्म-6 अस्तित्व में नहीं था.
उन्होंने कहा कि इस टिप्पणी का अर्थ यह नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट ने नए फ़ॉर्म-6 को मंज़ूरी दी है या ख़ारिज किया है. कोर्ट इस मुद्दे की जांच करेगा.
पीठ ने याचिका पर नोटिस जारी करने पर सहमति जताई और मामले को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दायर संबंधित याचिकाओं के साथ 27 अक्तूबर को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया.
कैंसर, कम उम्र में मेनोपॉज़ और 23 साल तक फ्रीज़ रहे एग्स से यूं हुआ स्वस्थ बच्चे का जन्म
राहुल गांधी ने कहा- हम ज्ञानेश कुमार को छोड़ेंगे नहीं, बस इंतज़ार कर रहे हैं
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा है उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के भ्रष्टाचार के बारे में पता है.
राहुल गांधी ने सोमवार को एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा, "हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था. ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा क्यों नहीं दे रहे हैं? ज्ञानेश कुमार जी हम जानते हैं कि आपकी क्या हालत है, आपको नींद नहीं आती. हम आपको छोड़ेंगे नहीं, आप बचेंगे नहीं. हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है, हम बस इंतज़ार कर रहे हैं."
उन्होंने दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनकारियों पर हो रही पुलिस कार्रवाई को लेकर कहा कि सरकार बहुत बड़ी ग़लती कर रही है.
राहुल गांधी ने कहा, "दिल्ली में कई दिनों से वोटों की चोरी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन चल रहा है, सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है, ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है."
उन्होंने कहा, "सरकार बहुत बड़ी ग़लती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं. उन्हें जितनी ज़्यादा सुरक्षा मिलेगी, हम आख़िरकार उनके कंट्रोलर तक उतनी ही आसानी से पहुंच पाएंगे. हमें ऐसी ख़बरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं की पिटाई करने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि आरएसएस सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं."
गौरतलब है कि राहुल गांधी सोमवार को विपक्ष के अन्य नेताओं के साथ दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस बाराखंबा जंक्शन से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालने वाले हैं.
इससे पहले राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने चीफ़ जस्टिस ऑफ़ इंडिया (सीजेआई) से मिलने का वक्त मांगा था. हालांकि, सीजेआई सूर्यकांत ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया था.
सीजेआई ने कहा- हर वकील को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार
भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने सोमवार को कहा कि हर वकील को शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल होने का अधिकार है.
उन्होंने यह टिप्पणी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के ख़िलाफ़ दिल्ली में हुए प्रदर्शनों के दौरान वकीलों को हिरासत में लिए जाने और पुलिस की कथित ज्यादतियों से जुड़े मामले की सुनवाई के दौरान की.
वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष इस मामले का उल्लेख किया.
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान वकीलों के ख़िलाफ़ पुलिस ने कार्रवाई की. साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी कोई आदेश सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है.
लाइव लॉ के मुताबिक़, शंकरनारायणन ने पीठ से पुलिस को संयम बरतने का निर्देश देने की मांग की.
उन्होंने कहा, "वरिष्ठ वकीलों को सड़कों पर घसीटा जा रहा है, वकील फरासत को सड़कों पर घसीटा गया. यह बहुत ग़लत और शर्मनाक था. ऐसा नहीं होना चाहिए था. आपने हमसे संयम बरतने के लिए कहा. मुझे उम्मीद है कि एक बार आप पुलिस से भी यही कहेंगे. अब तक इस पीठ की ओर से ऐसा नहीं कहा गया है. मुझे उम्मीद है कि ऐसा होगा. क्योंकि पुलिस जिस तरह की ज्यादतियों को होने दे रही है... गुंडे खुलेआम घूम रहे हैं और बच्चों पर हमला कर रहे हैं."
शंकरनारायणन ने अदालत से इस मामले को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के ख़िलाफ़ प्रदर्शन से जुड़े अन्य मामले के साथ मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का अनुरोध किया.
वरिष्ठ अधिवक्ता ने आगे आरोप लगाया कि कुछ निजी तत्व प्रदर्शनकारियों पर हमले कर रहे हैं और पुलिस उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई नहीं कर रही है.
इस पर सीजेआई ने मामले को मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने पर सहमति जताई.
भारतीय क्रू वाले टैंकर पर ड्रोन हमला, नौ नाविक बचाए गए, दो लापता
ओमान के पास भारतीय क्रू वाले एक टैंकर पर रविवार को ड्रोन से हमला हुआ. जहाज़ पर सवार 11 भारतीय नाविकों में से नौ को बचा लिया गया, जबकि दो अब भी लापता हैं.
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने रविवार रात को मामले की जानकारी साझा करते हुए दो नागरिकों के लापता होने की पुष्टि की.
उन्होंने बताया, "11 अक्तूबर को सोहार एंकरेज में भारतीय टैंकर एमटी पेट्रो डॉल्फिन पर ड्रोन से हमला किया गया. टैंकर पर 11 भारतीय नाविक सवार थे. नौ सदस्यों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया है और वे सुरक्षित हैं, जबकि दो भारतीय नागरिक अभी भी लापता हैं.
"स्थानीय तटरक्षक बल की ओर से खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है."
सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, "हम बचाव कार्यों में पूरी मदद देने और अपने लापता लोगों को सुरक्षित ढूंढने के लिए हर संभव क़दम उठाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं."