नेहा सिंह राठौर को लेकर फ़ेक न्यूज़ पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया स्वतः संज्ञान, गायिका ने क्या कहा

इमेज स्रोत, ANI
लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राष्ट्रीय महिला आयोग का शुक्रिया अदा किया.
दरअसल, एक निजी न्यूज़ चैनल ने अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नेहा सिंह राठौर को लेकर ग़लत ख़बर प्रकाशित की थी.
इस ख़बर में उन्हें कथित सेक्स रैकेट से जोड़ा गया था. सार्वजनिक आलोचना के बाद चैनल ने ख़बर को तथ्यात्मक रूप से ग़लत माना और नेहा सिंह राठौर से माफ़ी मांगी.
इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है.
आयोग ने एक्स पर लिखा कि लोक गायिका नेहा सिंह राठौर को कथित सेक्स रैकेट से जोड़ने वाली ख़बरों के प्रकाशन को लेकर आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है.
आयोग के मुताबिक, सार्वजनिक आलोचना के बाद संबंधित न्यूज़ नेटवर्क ने स्वीकार किया कि ख़बर तथ्यात्मक रूप से ग़लत थी और उसने माफ़ी भी मांगी.
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय से कहा है कि वह संबंधित नियामक संस्थाओं, प्रशासनिक निकायों और मीडिया उद्योग की स्व-नियामक संस्थाओं को इस मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दे.












