अमेरिकी हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में विपक्ष के नेता हकीम जेफ्रीज़ ने स्पीकर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी का एलान किया है. अगर वह चुने जाते हैं, तो अमेरिकी इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाले पहले ब्लैक नेता होंगे.
जनवरी में नई कांग्रेस के गठन के साथ डेमोक्रेट्स सदन का नियंत्रण संभालेंगे. स्पीकर हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव के प्रमुख होने के साथ-साथ बहुमत वाली पार्टी का नेता भी होता है.
अपने सहयोगियों को लिखे पत्र में जेफ्रीज़ ने कहा, "तमाम मुश्किलों के बावजूद, हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में अल्पमत में रहते हुए डेमोक्रेट्स लगातार सफल रहे. अब बहुमत में रहते हुए हमें वह बड़ा बदलाव लाना होगा, जिसकी मांग अमेरिकी लोग कर रहे हैं."
उन्होंने कहा कि नई कांग्रेस को "क़िफ़ायती अमेरिका के लिए आक्रामक तरीके से लड़ना" होगा.
उन्होंने आगे कहा, "लोग परेशान हैं. आम अमेरिकी न तो आगे बढ़ पा रहे हैं और मुश्किल से अपना गुजारा कर पा रहे हैं."
जेफ्रीज़ ने कहा, "हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव अब ट्रंप प्रशासन की पूरी तरह अधीनस्थ संस्था की तरह काम नहीं करेगी. कांग्रेस नियंत्रण से बाहर हो चुकी कार्यपालिका पर निगरानी रखने और संतुलन कायम करने की अपनी भूमिका निभाएगी."
न्यूयॉर्क के रिप्रेज़ेंटेटिव जेफ्रीज़ ने 'ट्रंप कार्टेल' का जिक्र करते हुए कहा कि 'अमेरिकी लोगों से चोरी करने, उन्हें ठगने या उनके साथ ग़लत करने वाले लोग अब छिप नहीं सकेंगे.'
उन्होंने कहा, "हम इन अपराधियों को जवाबदेह ठहराएंगे."
फ़िलहाल रिपब्लिकन नेता माइक जॉनसन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव के स्पीकर हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उत्तराधिकार सूची में उपराष्ट्रपति के बाद स्पीकर का तीसरा स्थान है.
हालांकि, मौजूदा अल्पमत नेता होने के नाते जेफ्रीज़ को यह पद अपने आप नहीं मिलेगा. स्पीकर बनने के लिए उन्हें हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेंटेटिव में चुनाव जीतना होगा.