बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित प्रमुख ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं-
जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.
दीपक मंडल
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर अभी तक बीबीसी संवाददाता संदीप राय आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
हमारी वेबसाइट पर प्रकाशित प्रमुख ख़बरों को यहां पढ़ सकते हैं-

इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को आयोजित होने वाली रैली से पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हम आपसे प्यार करते हैं, आपकी बात सुन रहे हैं."
उन्होंने एक्स पर लिखा, "मेट्रो सरकार ने बंद की, सड़कें सरकार ने सील की, राजधानी पर ताला सरकार ने लगाया. जब वोट ही चोरी हो जाए, तो कुछ भी सुरक्षित नहीं - न आपकी दुकान, न आपकी बचत, न आपके बच्चों का भविष्य."
राहुल गांधी ने अपने बयान में यह भी लिखा कि अगर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटा दिया जाता है, तो आंदोलन 30 सेकंड में रुक जाएगा.
व्यापारियों के एक संगठन चैंबर ऑफ़ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने रामलीला मैदान की रैली को लेकर आपत्ति जताई थी और कारोबार पर असर पड़ने की आशंका व्यक्त की थी.
सीटीआई चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि सीटीआई ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली को टालने की मांग की है. संगठन ने इस संबंध में रैली के आयोजकों को पत्र लिखा है.
सीटीआई का कहना है कि धनतेरस और दिवाली के लिए खरीदारी का सीज़न आमतौर पर त्योहारों से कम से कम एक सप्ताह पहले शुरू हो जाता है. ऐसे में किसी बड़ी रैली या विरोध प्रदर्शन का असर सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहता, बल्कि तीन से चार दिन पहले ही दिखने लगता है.
संगठन के मुताबिक, हर दिन करीब 3 से 4 लाख लोग दिल्ली के बाहर से खरीदारी करने आते हैं. रैली के चलते कारोबार और त्योहारों की खरीदारी पर असर पड़ने की आशंका है.
उधर, कांग्रेस और विपक्ष के नेताओं ने बड़ी रैली का दावा किया है.
समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने कहा है कि 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक बड़ी रैली होगी.
उन्होंने दावा किया कि इसमें 25 लाख लोग शामिल होंगे.
रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि रैली के दौरान कहीं भी बैरिकेडिंग नहीं की जाएगी और न ही सड़कें रोकी जाएंगी. इतने लोगों के आने से स्थानीय कारोबार और बिक्री को बढ़ावा मिलेगा.

सुप्रीम कोर्ट ने लखीमपुर खीरी में किसानों को गाड़ी से कुचलने के मामले में पूर्व गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे आशीष मिश्रा को परिवार के साथ दिवाली मनाने की अनुमति दी है.
बार एंड बेंच के अनुसार, लखनऊ में अपने पैतृक घर जाने की यह अनुमति 24 मार्च 2025 के आदेश में तय शर्तों के अधीन दी गई है.
मुकदमे की प्रगति की समीक्षा करते हुए चीफ़ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत ने कहा कि अभियोजन पक्ष को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गवाह अदालत में पेश हों और सुनवाई में लंबे समय तक देरी न हो.
उन्होंने यह भी कहा कि जिरह जल्दबाज़ी में नहीं होनी चाहिए और न ही किसी अहम सबूत को दर्ज किए बिना छोड़ा जाना चाहिए.
9 अक्तूबर 2021 को क़रीब 12 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ़्तार किया था.
आशीष मिश्रा लखीमपुर खीरी के तिकुनिया किसान हत्या कांड के मुख्य अभियुक्त हैं और उनपर हत्या, गैर इरादतन हत्या और हत्या की साज़िश के साथ अन्य कठोर क़ानूनों के तहत मुक़दमा दर्ज किया गया था.

इमेज स्रोत, @milinddeora
सोमवार को सुबह संसद के नजदीक नॉर्थ ब्लॉक के पास एक घना धुआं देखा गया है.
बीजेपी सांसद मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर लिखा, “संसद जाते समय नॉर्थ ब्लॉक के पीछे से घना धुआं उठता देखा. ऐसा लग रहा है कि वहां आग लगी हो सकती है. उम्मीद है कि सभी लोग सुरक्षित होंगे और आपातकालीन सेवाएं तेजी से कार्रवाई कर रही होंगी.”
द हिंदू के मुताबिक़, “दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में मामूली आग लग गई. इमारत के चिलर प्लांट में लगा कूलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाला फ़ाइबर टैंक आग की चपेट में आ गया. इमारत से काला धुआं उठता देख आसपास के लोगों में कुछ देर के लिए घबराहट फैल गई.”
समाचार एजेंसी एआईएनएस के अनुसार, नॉर्थ ब्लॉक में वेल्डिंग का काम चलने के दौरान मामूली आग लग गई. बताया जा रहा है कि वेल्डिंग से निकली चिंगारी पास में रखे एक टैंक तक पहुंच गई, जिससे उसमें आग लग गई.
आग पर काबू पा लिया गया है. मौके पर इमारत के अंदर कुछ हिस्सों को खोलने का काम भी चल रहा था. घटना में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
आग लगने की सूचना सोमवार की सुबह 11 बजे के क़रीब मिली.
दिल्ली फ़ायर डिपार्टमेंट ने कहा कि दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया.

इमेज स्रोत, Getty Images
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर की विशेष एमपी/एमएलए कोर्ट ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ख़िलाफ़ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में बरी कर दिया है.
कोर्ट के जज शुभम वर्मा ने सोमवार, 26 अक्टूबर को यह फैसला सुनाया. राहुल गांधी फैसले के वक़्त अदालत में ही मौजूद थे.
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद ने राहुल गांधी को बरी किए जाने की जानकारी दी है.
शिकायतकर्ता विजय मिश्रा के वक़ील संतोष कुमार पांडे ने बताया कि राहुल गांधी को कोर्ट ने बरी कर दिया है. लेकिन कोर्ट ने हमारे द्वारा दाखिल की गई सीडी को सही माना है और उनके स्टेटमेंट को भी माना है लेकिन उनके बयान को मानहानि नहीं माना है.
यह मामला साल 2018 का है, जब कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी.
शिकायतकर्ता का आरोप था कि राहुल गांधी की टिप्पणी से अमित शाह की छवि को नुकसान पहुंचा. इसी आधार पर उनके ख़िलाफ़ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई गई.

इमेज स्रोत, ANI
2018 में दर्ज हुई थी शिकायत
इस मामले में स्थानीय बीजेपी नेता और सुल्तानपुर ज़िला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के ख़िलाफ़ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी.
मामले में अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को पेश होने के लिए समन जारी किया था. इसके बाद राहुल गांधी अदालत में पेश हुए और उन्हें ज़मानत मिल गई थी.
वॉयस सैंपल को लेकर भी हुई थी क़ानूनी लड़ाई
समाचार एजेंसी पीटीाई और द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़, शिकायतकर्ता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के वॉयस सैंपल का फ़ॉरेंसिक टेस्ट कराने की मांग भी की थी, ताकि उसका मिलान कर्नाटक चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए भाषण की ऑडियो रिकॉर्डिंग से किया जा सके.
हालांकि, ट्रायल कोर्ट ने इस मांग को ख़ारिज कर दिया था. इसके बाद सेशन कोर्ट ने भी शिकायतकर्ता की याचिका ख़ारिज कर दी.
बाद में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी निचली अदालतों के फैसलों को चुनौती देने वाली याचिका ख़ारिज कर दी.
मामले में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद अदालत ने फैसले के लिए 26 अक्तूबर की तारीख तय की थी.

इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काफ़िले की कुछ गाड़ियां उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आपस में टकरा गईं.
पवन खेड़ा ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया कि 'सभी सुरक्षित' हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हादसा मामूली था और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है.

इमेज स्रोत, Dilip Yadav
काफ़िले में शामिल कांग्रेस नेता ने क्या बताया
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सेक्रेटरी और उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अब्दुल हनन ने बीबीसी हिन्दी न्यूज़ को बताया कि वह भी उस काफ़िले का हिस्सा थे और कई गाड़ियां थीं.
हनन ने बताया, "एक गाड़ी रुक गई थी, जिससे पीछे की कुछ गाड़ियां आकर टकरा गईं. एक एंबुलेंस भी इसकी चपेट में आ गई थी. लेकिन यह हादसा बहुत मामूली था. किसी को कोई चोट नहीं आई है. सब सुरक्षित हैं."
हादसा सुलतानपुर ज़िले के हलियापुर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 90 के पास हुआ.
दुर्घटना में चार कारें और एक एंबुलेंस शामिल थीं.
हलियापुर के थाना अध्यक्ष अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक़, राहुल गांधी के वाहन के पीछे चल रही चार कारें और एक एंबुलेंस आपस में टकरा गईं.
प्रारंभिक जानकारी में अचानक ब्रेक लगने को वाहनों की टक्कर की संभावित वजह बताया जा रहा है. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक़, इस हादसे में एक कार का बोनट क्षतिग्रस्त हो गया. राहुल गांधी सुरक्षित हैं और सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए.
राहुल गांधी सोमवार को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में पेश हो रहे हैं. अदालत 2018 के एक आपराधिक मानहानि मामले में फैसला सुनाने वाली है.
इससे पहले राहुल गांधी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे. वहां से वे सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हुए थे.
एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में इकट्ठा हुए थे.

इमेज स्रोत, ANI
जम्मू रेलवे स्टेशन के पास शिव मार्केट में रविवार रात भीषण आग लगने से करीब 40 दुकानें जलकर राख हो गईं.
अधिकारियों के मुताबिक़, रविवार रात करीब 10.30 बजे लगी आग लगभग पांच घंटे तक जलती रही. इस घटना में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
अधिकारियों ने बताया कि आग से प्रभावित ज़्यादातर दुकानों में खाने-पीने का सामान, सूखे मेवे और कंबल बेचे जाते थे.
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एक दुकान में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है. तेज़ हवाओं के कारण आग तेज़ी से पूरे बाज़ार में फैल गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया, "नुक़सान बहुत ज़्यादा हुआ है. दमकल की गाड़ियां एक या डेढ़ घंटे बाद पहुंचीं, तबतक सबकुछ जल चुका था."
एक दुकानदार ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "पूरा बाजार जलकर राख हो गया है. कम से कम 25 से 30 दुकानों को पूरी तरह नुकसान पहुंचा है. यह पूरी तरह से बर्बादी है. हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि सभी को इस मुश्किल घड़ी से उबरने की ताकत मिले."
"नुक़सान बहुत बड़ा है. मैं प्रशासन से भी अपील करता हूं कि वह जल्द से जल्द हस्तक्षेप करे और बिना देरी के मुआवज़ा सुनिश्चित करे."

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय क्रिकेटर ईशान किशन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ 27 अक्तूबर को वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 मैच में नहीं खेलेंगे.
बीसीसीआई के मुताबिक़, ईशान दाएं पैर की मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे हैं, लेकिन अभी मैच खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं हैं.
ईशान को यह चोट सीरीज़ के पहले टी20 मैच के दौरान लगी थी. बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी स्थिति पर नजर रख रही है.
विकेटकीपर-बल्लेबाज कुमार कुशाग्र तीसरे टी20 मैच के लिए टीम के साथ बने रहेंगे.
पहले मैच में ईशान किशन का प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा था, पांचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करते हुए उन्होंने सिर्फ़ एक रन ही बनाया था.
पाँच टी20 मैचों की सिरीज़ में भारत 2-0 से आगे है.

इमेज स्रोत, ANI
दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रों के कई दिनों के प्रदर्शन के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रों की मांगें मान ली हैं.
यूनिवर्सिटी ने छात्रसंघ चुनाव कराने और विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों को जारी निलंबन और कारण बताओ नोटिस वापस लेने का आदेश दिया है.
26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक़, विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के संविधान को मंजूरी मिलने के 15 दिन बाद चुनाव कराए जाएंगे.
विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों की कार्रवाई की जांच के लिए एक समिति बनाई जाएगी.
आदेश के मुताबिक़, प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के ख़िलाफ़ दिए गए बयानों और सोशल मीडिया पोस्ट के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने पर सहमति जताई है. संबंधित पोस्ट हटाने के लिए भी कहा गया है.
आदेश जारी होने के साथ ही छात्रों से विरोध प्रदर्शन तत्काल समाप्त करने को कहा गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
सर्बिया के लंबे समय से सत्ता में रहे नेता अलेक्जेंडर वुचिच ने समय से पहले हुए संसदीय चुनावों में छात्र आंदोलन के हाथों अपनी हार स्वीकार कर ली है.
रविवार देर रात उन्होंने कहा, "हमारे पास अभी अंतिम नतीजे नहीं हैं, लेकिन यह साफ है कि हम ये चुनाव हार गए हैं."
दक्षिणपंथी लोकलुभावन नेता वुचिच के हार स्वीकार करने के बाद देश में जश्न मनाया गया.
चुनाव जीतने वाली पार्टी 'स्टूडेंट लिस्ट' के नेता इलिजा स्रदानोविच ने बीबीसी सर्बियन से कहा, "सर्बिया अब फ्री स्टेट बनेगा."

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
सर्बिया के चुनाव आयोग के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस बार रिकॉर्ड संख्या में लोगों ने मतदान किया. टिप्पणीकारों का मानना था कि अधिक मतदान से छात्र आंदोलन को फ़ायदा हो सकता है.
भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ दो साल से चल रहे थे प्रदर्शन
वुचिच ने दो साल से जारी विरोध प्रदर्शनों के बाद समय से पहले चुनाव कराने का फैसला किया था.
ये प्रदर्शन नोवी साद शहर में एक रेलवे स्टेशन की छतरी गिरने की घटना के बाद शुरू हुए थे. इस हादसे में 16 लोगों की मौत हुई थी. इसे भ्रष्टाचार और लापरवाही का प्रतीक माना गया.

इमेज स्रोत, Getty Images
वुचिच दो बार राष्ट्रपति रह चुके हैं. तीसरी बार राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं होने के कारण वह अपनी पार्टी सर्बियन प्रोग्रेसिव पार्टी (एसएनएस) का नेतृत्व कर रहे थे. उनका लक्ष्य फिर से प्रधानमंत्री बनना था. उन्होंने 2017 में यह पद छोड़ दिया था.

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज स्रोत, Getty Images
छात्र आंदोलन की पार्टी की ओर से प्रमुख उम्मीदवार इलिया स्रदानोविच ने बीबीसी सर्बियन से कहा, "यह एक आज़ाद देश होगा."
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी इस आंदोलन को सर्बिया भर में सरकार के विरोध में मतदान करने वाले लोगों का समर्थन मिला है. आंदोलन का लक्ष्य "देश को तानाशाही से मुक्त कराना" है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ब्राज़ील आम चुनावों में हार के बाद पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो ने नतीजों को मानने से मना कर दिया है.
फ्लावियो बोल्सोनारो नतीजों से साफ तौर पर नाराज़ दिखे, उन्होंने कहा कि जो हुआ, वह 'असंभव' और 'समझ से परे' है.
उनके पिता पूर्व राष्ट्रपति जाएर बोल्सोनारो फ़िलहाल हाउस अरेस्ट में हैं. फ्लावियो ने लूला की जीत को स्वीकार करने से इनकार किया और चुनाव नतीजे रद्द करने की मांग की.
अपनी ताज़ा टिप्पणियों के साथ फ्लावियो ने अपने पिता जाएर बोल्सोनारो का रास्ता अपनाया है. जाएर बोल्सोनारो ने भी 2022 में चुनाव में अपनी हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया था.

इमेज स्रोत, ANI
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इसराइली पीएम बिन्यामिन नेतन्याहू की दोस्ती पर टिप्पणी की है.
रविवार को उत्तर प्रदेश के कैराना में एक सभा के दौरान ओवैसी ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी आपको बिन्यामिन नेतन्याहू के साथ अपनी करीबी दोस्ती को कम करना चाहिए, क्योंकि अंत में यह आपके लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है."
उन्होंने कहा, "अगर यह जंग छिड़ती है, तो भारत को नुकसान होगा. हमें खुलकर बोलना चाहिए और ट्रंप से कहना चाहिए कि वे जंग न करें, क्योंकि इससे भारत को नुकसान पहुंचेगा. पेट्रोल और गैस की कीमतें बढ़ेंगी. भगवान न करे, अगर यह संघर्ष और बढ़ता है, तो बीच में फंसे भारतीयों का क्या होगा?"
"हम पहले से ही उमरा करने गए अपने 4,000 जायरीन को वापस लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. मोदी जी, आपको कदम उठाना चाहिए. खुलकर अपनी बात कहिए और ट्रंप से कहिए कि हम युद्ध नहीं चाहते, हम शांति चाहते हैं. भारत का असली हित इसी में है."
उन्होंने कहा कि अगर उमरा करने गए लोगों को अगर वापस नहीं लाया गया तो तीन चार दिन में उनके 'भीख मांगने की नौबत' आ सकती है. उन्होंने विशेष विमान भेजकर फंसे हुए लोगों को वापस लाने का इंतज़ाम करने की मांग की.

इमेज स्रोत, ANI
अरुणाचल प्रदेश में सियांग नदी पर प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की बहुउद्देश्यीय परियोजना के ख़िलाफ़ प्रदर्शन हिंसक होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक़, केंद्र सरकार ने हालात संभालने के लिए रैपिड एक्शन फ़ोर्स (आरएएफ़) की दो कंपनियां पासीघाट भेजी हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक़, पूर्वी सियांग ज़िले के पासीघाट में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आने के बाद ये ख़बर आई है.
गृह मंत्रालय के निर्देश पर नवी मुंबई से आरएएफ़ के करीब 250 जवानों को भारतीय वायुसेना के परिवहन विमान से अरुणाचल प्रदेश भेजा गया है.
परियोजना को लेकर लोगों में आशंकाएं
सियांग नदी पर प्रस्तावित इस बड़ी बांध परियोजना का स्थानीय स्तर पर विरोध हो रहा है. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा है कि परियोजना को लेकर ग़लत जानकारी और भ्रांतियों की वजह से लोगों में आशंकाएं पैदा हो रही हैं.
खांडू ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने अरुणाचल इंडिजिनस ट्राइब्स फोरम (एआईटीएफ़) और सामुदायिक संगठनों के साथ बैठक की. इस बैठक में परियोजना को लेकर लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और सही जानकारी पहुंचाने पर चर्चा हुई.
पेमा खांडू के मुताबिक़, लोगों को परियोजना, उसके रणनीतिक महत्व और उससे जुड़ी चिंताओं को समझने के लिए सही जानकारी मिलना ज़रूरी है.
उन्होंने तथ्यों, पारदर्शिता और खुली बातचीत के ज़रिए लोगों की आशंकाएं दूर करने पर ज़ोर दिया.
समाचार एजेंसी पीटीआई से दो दिन पहले उन्होंने कहा था, "मैं लोगों को सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट पर चर्चा के लिए ईटानगर आने या मुझे पासीघाट बुलाने का न्योता देता हूं. बंद या हिंसा से समस्याओं का समाधान नहीं होता. यह परियोजना जनता की सहमति से आगे बढ़ेगी."

इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसराइल में आम चुनावों से ठीक पहले प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू को वोट देने की अपील की है.
उन्होंने कहा, “नेतन्याहू को वोट दें. हमें उस काम को पूरा करना है, जिसकी शुरुआत हमने की थी.”
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक लंबी पोस्ट करते हुए लिखा, “हर कोई जानता है, यहां तक कि दुश्मन भी, बीबी (नेतन्याहू) और मेरे बीच मिलकर जीत हासिल करने का शानदार रिश्ता रहा है. मैंने वेनेज़ुएला पर हमला किया, जो इतिहास के सबसे सफल सैन्य अभियानों में से एक था. लेकिन इससे पहले हमने 'ऑपरेशन मिडनाइट हैमर' चलाया था, जिसके जरिए दुनिया में आतंकवाद को समर्थन देने वाले नंबर एक देश को परमाणु हथियार हासिल करने से रोका गया.”
“इसके बाद हमने 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' चलाया. अब ईरान के पास न तो नौसेना है और न ही वायुसेना. उसकी सेना और अर्थव्यवस्था, दोनों बुरी तरह बिखर चुकी हैं. ईरान में महंगाई दर 301 प्रतिशत तक पहुंच गई है. नौसैनिक नाकेबंदी के कारण ईरान तेल हासिल नहीं कर पा रहा है. उसके नेतृत्व के दो स्तर, जिनमें सैन्य और अन्य नेतृत्व शामिल हैं, खत्म हो चुके हैं.”
एक दिन पहले ही ट्रंप ने ईरान पर हमले को लेकर कहा था कि उन्होंने अभी तय नहीं किया है कि वो समझौता करेंगे या जंग छेड़ेंगे.
ट्रंप ने नेतन्याहू को वोट देने की अपील करते हुए कहा, “जब आप मतदान करने जाएं, तो कृपया याद रखें कि बीबी एक असाधारण लड़ाकू प्रधानमंत्री रहे हैं.”
“कुछ बेहद बुरे लोगों ने इसराइल को 'छोटा शैतान' और अमेरिका को 'बड़ा शैतान' कहा था. अब दुनिया भर में 'अमेरिका की मौत हो, इसराइल की मौत हो' जैसे नारे नहीं सुनाई देने चाहिए और न ही ऐसे नारे फिर सुनाई देंगे.”
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता संदीप राय अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.