अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं -
आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
जी-7 देशों के राष्ट्राध्यक्षों की बैठक में रूस-यूक्रेन युद्ध, ग़ज़ा-इसराइल युद्ध, जलवायु परिवर्तन, प्रवासी मुद्दे, तकनीक और अन्य मुद्दों पर चर्चा होनी है.
दीपक मंडल
अभी तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल रात दस बजे तक आप तक ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को आप नीचे दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं -
उत्तर प्रदेश में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनने पर राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए यह घोषणा की है.
उन्होंने कहा कि कई राज्यों में यूसीसी लागू हो चुका है और उत्तर प्रदेश में भी बीजेपी की सरकार बनने पर इसे लागू किया जाएगा.
अमित शाह 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी संगठन की रणनीति पर मंथन के लिए लखनऊ पहुंचे हैं. वह बीजेपी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए.
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद हैं.
अपने संबोधन में अमित शाह ने बीजेपी के पुराने चुनावी प्रदर्शन का भी जिक्र किया है. उन्होंने कहा कि एक समय पार्टी के उत्तर प्रदेश में केवल 44 विधायक थे, लेकिन संगठन मजबूत होने के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 41 फीसदी वोट के साथ 73 सीटें जीतीं.
वहीं, नोटबंदी के बावजूद 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी को करीब 40 फ़ीसदी वोट और 312 सीटें मिली थीं.
अमित शाह के इस बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी. इस बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, "बड़ी देर कर दी मेहरबाँ आते-आते."
भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक के फटने के बाद संकोश नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए पश्चिम बंगाल और असम के कुछ इलाक़ों में हाई अलर्ट जारी किया गया है.
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री निशीथ प्रमाणिक ने कहा, "कूच बिहार, तूफानगंज और बुसीरहाट के चाय बागानों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को संकोश और ब्रह्मपुत्र नदियों में संभावित बाढ़ के ख़तरे को देखते हुए तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाना चाहिए."
सेंट्रल वाटर कमीशन ने भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी हिमनद झील के फटने से आई बाढ़ की ख़बरों के बाद पश्चिम बंगाल और असम के लिए अलर्ट जारी किया है.
संकोश नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका है. इससे अगले 6 से 8 घंटों के भीतर पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार और असम के धुबरी जिले प्रभावित हो सकते हैं.
पश्चिम बंगाल और असम में संकोश नदी के किनारे स्थित इन दोनों ज़िलों के स्थानीय अधिकारियों को सतर्क रहने, स्थिति पर लगातार नज़र रखने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई की ओर से शेयर किए गए वीडिओ में पश्चिम बंगाल में ख़तरे की आशंका वाले इलाक़ों में सिविल डिफ़ेस के लोग लाउडस्पीकर से लोगों को अलर्ट करते हुए नज़र आ रहे हैं.
इसमें कहा जा रहा है, "भूटान में बादल फटने के कारण इलाक़े में बाढ़ आने की संभावना है, इसलिए हर कोई सावधानी बरते."
भूटान की शिंटाफू झील में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के संभावित असर से निपटने की तैयारियों पर अलीपुरद्वार के एसपी अमित कुमार शॉ ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की.
उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं ज़िले के लोगों को बताना चाहता हूं कि घबराने की बिल्कुल ज़रूरत नहीं है. फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है. हमलोग भूटान के अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं. हमारी पुलिस टीम, ज़िला मजिस्ट्रेट, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर और उनकी टीमें, सभी संबंधित एजेंसियां और अन्य पक्ष आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं."
एसपी ने बताया, "हमने स्कूलों को राहत केंद्र बनाकर क़रीब 4,000 से 5,000 लोगों को सुरक्षित ठिकानों में पहुंचाया है. इसके अलावा छह हज़ार से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है."
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "हम धुबरी और कोकराझार के सभी संवेदनशील राजस्व सर्किलों में भूटान में ग्लेशियल झील के फटने से पड़ने वाले संभावित असर पर लगातार नज़र रख रहे हैं."
बिहार के दरभंगा स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव में राजद के अनिल कुमार झा ने बेहद दिलचस्प मुक़ाबले में बीजेपी उम्मीदवार सर्वेश कुमार को हरा दिया है.
चुनाव आयोग ने इस जीत की आधिकारिक घोषणा कर दी है.
इस चुनाव में अनिल कुमार झा को 25406 वोट मिले, जबकि सर्वेश कुमार को 21396 वोट और तीसरे नंबर पर रहे जनसुराज के मोहम्मद इम्तियाज को 12,823 वोट मिले.
इस तरह राजद ने 4,000 से ज़्यादा मतों से इस सीट पर जीत हासिल की है.
ये चुनाव दिलीप कुमार ने भी निर्दलीय लड़ा था. दिलीप बिहार में नौकरी के लिए होने वाले छात्र आंदोलनों का प्रमुख चेहरा है. उन्हें 7143 वोट मिले.
इस सीट पर लगभग 60 घंटे कांउटिंग चली जिसके बाद 29 अक्तूबर को नतीजे आए.
इस नतीजे की आधिकारिक घोषणा चुनाव आयोग ने 30 अक्तूबर यानी आज की. इस सीट से 40 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था जो बिहार विधानपरिषद के आठ सीट पर हुए चुनाव में सबसे ज़्यादा थे.
सर्वेश कुमार बीते चुनाव में इस सीट से निर्दलीय जीते थे लेकिन इस बार उन्होनें बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा.
अनिल कुमार झा की जीत के बाद सर्वेश कुमार ने उन्हें गले लगा कर बधाई दी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जनता दल यूनाइटेड के निष्कासित विधायक अनंत सिंह की ज़मानत रद्द करते हुए उन्हें 1 दिसंबर तक सरेंडर करने का निर्देश दिया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को दुलारचंद यादव हत्याकांड की जांच चार महीने के भीतर पूरी करने का भी निर्देश दिया.
बिहार के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में दुलारचंद की हत्या 30 अक्तूबर 2025 को हुई थी, जिसके बाद पूरे इलाक़े में तनाव फैला हुआ था. उस समय बिहार में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार चल रहा था.
इस हत्या के ख़िलाफ़ घोसवरी थाने में अनंत सिंह समेत पांच लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई गई थी.
इस घटना के बाद अनंत सिंह को गिरफ़्तार भी किया गया था.
उस वक़्त मीडिया से बात करते हए पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा था, "सोची-समझी साजिश के तहत दुलारचंद की हत्या की गई है. मर्डर के समय अनंत सिंह भी मौके़ पर मौजूद थे.
मुंबई इंडियंस ने भारतीय पुरुष टीम के बल्लेबाज़ रहे रॉबिन उथप्पा को आईपीएल के लिए बैटिंग कोच की ज़िम्मेदारी दी है.
मुंबई इंडियंस ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "हमारे पहले सीजन का हिस्सा बनने से लेकर अनुभव के लंबे सफर के बाद वापसी करने तक. रॉबी को खेल की गहरी समझ है."
"उनकी कम्युनिकेशन स्किल अच्छी है और उनमें युवा खिलाड़ियों को सही दिशा देने की क्षमता है. पलटन में आपका फिर से स्वागत है, रॉबिन. आप हमारे नए बैटिंग कोच हैं."
इसके साथ ही टीम ने न्यूज़ीलैंड के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ मिचेल मैक्लेनघन को बॉलिंग कोच बनाया है. वह मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल भी खेल चुके हैं.
मुंबई इंडियंस ने एक्स पर लिखा, "वह फैंस के पसंदीदा खिलाड़ियों में से एक रहे हैं, जिन्होंने हमेशा टीम के प्रति अपना समर्पण दिखाया और मुंबई इंडियंस की भावना को अपने खेल में उतारा. मिचेल मैक्लेनघन, घर वापसी पर आपका स्वागत है."
चुनाव आयोग ने कई राज्यों के वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी स्पेशल इंटेसिव रिवीज़न (एसआईआर) प्रक्रिया के कार्यक्रम में बदलाव किया है.
इनमें दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और नगालैंड शामिल हैं.
नए कार्यक्रम के मुताबिक़ दिल्ली में अब वोटर अपने दावे और आपत्ति 25 नवंबर तक फ़ाइल कर सकते हैं, जबकि इनके निपटारे के लिए 15 दिसंबर को अंतिम तारीख़ तय की गई है.
यहां संशोधित वोटर लिस्ट 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
हरियाणा में अब तक फ़ाइल किए गए दावों का निपटारा 20 नवंबर तक तक किया जाएगा और अंतिम वोटर लिस्ट 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी.
महाराष्ट्र में अब वोटर 13 नवंबर तक अपने दावे और आपत्ति दर्ज करा सकते हैं और इनका निपटारा 25 नवंबर तक किया जाएगा.
महाराष्ट्र में अंतिम वोटर लिस्ट 30 नवंबर को प्रकाशित की जाएगी.
वहीं आंध्र प्रदेश में दर्ज किए गए दावों और आपत्तियों का निपटारा 20 नवंबर तक तक किया जाएगा.
इस राज्य की अंतिम वोटर लिस्ट 30 नवंबर को प्रकाशित होगी.
जबकि तेलंगाना में दावों और आपत्तियों का निपटारा 26 नवंबर तक होगा और नगालैंड में यह प्रक्रिया 25 नवंबर तक चलाई जाएगी.
इन दोनों राज्यों में भी अंतिम मतदाता सूची 30 नवंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राज़ील के चुनाव को 'शर्मनाक' और 'ब्राज़ील के लोगों के लिए 'अपमानजनक' बताया.
वॉशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ट्रंप ने कहा, "मैंने चुनावों में किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन जब मैंने ब्राज़ील में जो कुछ हुआ, उसे देखा तो उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल था."
ब्राज़ील के नेता लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने शानदार वापसी करते हुए राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल की है.
इस जीत के साथ वर्कर्स पार्टी के 80 साल के नेता लूला को चौथी बार राष्ट्रपति बनने का मौक़ा मिला है.
उन्होंने देश के राष्ट्रपति चुनाव में कट्टर दक्षिणपंथी प्रतिद्वंद्वी और लिबरल पार्टी के नेता फ्लावियो बोल्सोनारो को मामूली अंतर से हराया.
लगभग सभी वोटों की गिनती पूरी होने के बाद, रविवार को लैटिन अमेरिका के सबसे बड़े लोकतंत्र में हुए चुनाव के दूसरे दौर में लूला को 51.76 फ़ीसदी वोट मिले.
जबकि जेल में बंद पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो को 48.24 फ़ीसदी वोट मिले.
लूला की जीत कई चुनावी सर्वे के अनुमानों के उलट रही. इन सर्वे में बोल्सोनारो को मामूली बढ़त दी गई थी.
इस महीने की शुरुआत में पहले दौर के मतदान में 45 वर्षीय सीनेटर फ्लावियो बोल्सोनारो ने लगभग दो प्रतिशत अंकों की बढ़त हासिल की थी.
दिल्ली और एनसीआर के कई इलाक़ों में लगातार बारिश जारी है. गुरुवार रात से हो रही बारिश की वजह से इलाक़े के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है.
शुक्रवार सुबह भी एनसीआर के कई इलाक़े में बारिश हो रही है और आसमान में बादल नज़र आ रहे हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में बारिश की वजह से कई इलाक़ों में सकड़ों पर पानी भरा नज़र आ रहा है.
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक़ इस बारिश से दिल्ली में हवा की गुणवत्ता (एयर क्वालिटी इंडेक्स) बेहतर हुई है.
सीपीसीबी के मुताबिक़ दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट और आनंद विहार समेत कई इलाक़ों में एक्यूआई 80 के आसपास है, जो ‘संतोषजनक’ की श्रेणी में है.
वहीं मौसम विभाग के गुरुवार के आंकड़ों के मुताबिक़ दिल्ली के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है.
मौसम विभाग ने बताया है कि गुरुवार को दर्ज किए गए आंकड़ों के मुताबिक़ बीते 24 घंटों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री सेल्सियस रहा.
पंजाब के अमृतसर में गुरुवार देर शाम को दो युवकों को हमलावरों ने गोली मार दी. इस गोलीबारी में दोनों ही युवक घायल हो गए. हालांकि पुलिस ने दावा किया है कि यह गोलीबारी गैंगवार की वजह से नहीं हुई है.
अमृतसर के एसीपी रविंदर सिंह ने कहा, "तारां वाला पुल पर फ़ायरिंग हुई है. इस घटना में शामिल दोनों युवक शरणजीत सिंह और आकाशदीप सिंह हैं. दोनों अजनाला पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले कोटली सक्का गांव के रहने वाले हैं. आज वे पुल के पास स्थित एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए मोटरसाइकिल से आए थे."
रविंदर सिंह ने बताया कि इन दोनों के मुताबिक़, "वहां चार लोग मौजूद थे. इनमें से दो को वे नहीं जानते थे, जबकि बाक़ी दो उनके परिचित थे. इन लोगों के पहुंचते ही उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी. शरणजीत को एक गोली लगी, जबकि आकाशदीप को दो गोलियां लगीं. आकाशदीप मौक़े पर ही गिर गया, जबकि शरणजीत वहां से भागने में कामयाब रहा."
रविंदर सिंह ने बताया, "हमारे मौक़े पर पहुंचने के बाद दोनों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती जानकारी के मुताबिक़, क़रीब तीन से चार राउंड फायरिंग हुई. घटनास्थल से तीन खाली कारतूस बरामद किए गए हैं."
हालांकि पुलिस ने कहा कि यह गोलीबारी किसी गैंगवार का मामला नहीं है.
रविंदर सिंह ने कहा, "उनके बीच आपसी विवाद है. सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं और इस घटना में शामिल दूसरे व्यक्ति के रिश्तेदार भी उसी इलाक़े में रहते हैं."
अमेरिका में मध्यावधि चुनाव होने में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है. इन चुनावों से तय होगा कि अगले दो साल तक अमेरिकी संसद (कांग्रेस) में किस पार्टी का नियंत्रण रहेगा. इससे पहले ही 4.3 करोड़ से ज़्यादा अमेरिकी नागरिक मतदान कर चुके हैं.
यूनिवर्सिटी ऑफ फ्लोरिडा की इलेक्शन लैब के आंकड़ों के मुताबिक, हर दिन 40 से 50 लाख लोग समय से पहले मतदान कर रहे हैं. यह आंकड़ा पिछले ज़्यादातर चुनावों की तुलना में काफी ज़्यादा है.
इलेक्शन लैब के डेटाबेस का संचालन करने वाले प्रोफेसर माइक मैकडोनाल्ड के मुताबिक, अब तक टेक्सास में औसत से काफ़ी ज़्यादा मतदान हुआ है. हिस्पैनिक समुदायों में भी सामान्य से कहीं अधिक मतदान देखा जा रहा है.
कुल मिलाकर, इस बार मतदान का आंकड़ा साल 2020 या 2018 के चुनावों से भी आगे निकल सकता है. साल 2018 में मध्यावधि चुनाव के दौरान मतदान का रिकॉर्ड बना था, जिसने साल 1914 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था.
मैकडोनाल्ड के मुताबिक़, टेक्सस में 2022 के चुनावों की तुलना में अब तक करीब 17.5 लाख ज़्यादा लोग मतदान कर चुके हैं. इस राज्य में 58 लाख से ज़्यादा बैलेट डाले जा चुके हैं.
टेक्सस एक अहम चुनावी राज्य बनकर उभरा है. यहां के नतीजे तय कर सकते हैं कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के बाक़ी समय में सीनेट पर किस पार्टी का नियंत्रण रहेगा.
जिन राज्यों में मतदाताओं को रजिस्ट्रेशन के दौरान अपनी राजनीतिक पार्टी की जानकारी देनी होती है, वहां के आंकड़े बताते हैं कि डेमोक्रेटिक पार्टी के मतदाताओं के वोट बढ़े हैं. वहीं, रिपब्लिकन पार्टी के शुरुआती मतदान के आंकड़े साल 2022 के आसपास ही बने हुए हैं.
मैकडोनाल्ड के मुताबिक़, उन मतदाताओं में भी शुरुआती मतदान बढ़ा है, जिन्होंने किसी खास राजनीतिक पार्टी के साथ अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है. हालांकि, इन आंकड़ों से यह पता नहीं चलता कि उन्होंने किन उम्मीदवारों को वोट दिया है.
गुरुवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक़, शुरुआती मतदान में 44 फीसदी वोट डेमोक्रेटिक पार्टी के मतदाताओं ने डाले हैं, जबकि 31.2 फीसदी वोट रिपब्लिकन पार्टी के मतदाताओं ने डाले हैं.
वहीं, 24.7 फीसदी वोट उन मतदाताओं के हैं, जिन्होंने किसी राजनीतिक पार्टी से जुड़ाव दर्ज नहीं कराया है. हालांकि, ये आंकड़े सिर्फ उन क़रीब आधे राज्यों के हैं, जहां मतदाताओं के लिए राजनीतिक पार्टी से जुड़ाव बताना जरूरी है.
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 'अर्नब' चक्रवात से हुए नुक़सान पर चिंता ज़ाहिर की है.
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब से हुई तबाही और ओडिशा में भारी बारिश और बाढ़ से पैदा हुए हालात को लेकर मैं बेहद चिंतित हूं.”
“जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं. मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस आपदा से प्रभावित हुए हैं, जिन्होंने अपने घर, आजीविका और सुरक्षा का एहसास खो दिया है.”
राहुल गांधी ने मांग की, “मैं सरकारों से अपील करता हूं कि इस मुश्किल समय में हर प्रभावित परिवार तक जल्द से जल्द राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें.”
साइक्लोन अर्नब के कारण तेज़ हवाएं और भारी के चलते आंध्र प्रदेश में बड़े पैमाने पर फसलों को नुक़सान पहुंचा है.
अधिकारियों के अनुमान के अनुसार, इस खरीफ सीजन में राज्य में धान की कुल खेती का रकबा 37.53 लाख एकड़ है. इनमें से 26 लाख एकड़ साइक्लोन प्रभावित क्षेत्र में आते हैं.
बीबीसी तेलुगू के मुताबिक़, कोनसीमा ज़िले में धान और केले की खेती को काफ़ी नुक़सान हुआ है. भार संख्या में नारियल के पेड़ और बिजली के खंभे गिरे हैं. कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है.
आंध्र प्रदेश के बिजली विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ एक समीक्षा बैठक में बताया कि अर्नब के प्रभाव से कोनासीमा ज़िले में करीब 6,000 बिजली के खंभे गिर गए हैं.
चक्रवात का तटीय ज़िलों में धान, कोनासीमा में नारियल और गोदावरी घाटी में केले और जलीय कृषि सहित प्रमुख फसलों की खेती पर गंभीर असर पड़ा है.
भारी बारिश, तेज़ हवाओं और बाढ़ से हज़ारों एकड़ में फैली फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं.
समाचार एजेंसी एएनआई ने एक वीडियो जारी किया है, जिसके मुताबिक़ चक्रवात अर्नब के कारण हुई भारी बारिश से ओडिशा में मोहना के पास तप्तपानी घाट पर गजपति-गंजाम सीमा पर बड़ा भूस्खलन हुआ है.
एएनआई के मुताबिक़ पहाड़ियों से बड़ी मात्रा में मिट्टी और विशाल चट्टानें खिसककर सड़क पर जमा हो गई हैं, जबकि बहता पानी अब भी आवाजाही में बाधा डाल रहा है. वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.
एक अन्य घटना में, गजपति जिले के मोहना के तहत लेडबांध के पास नेशनल हाईवे 326 को भारी नुकसान पहुंचा है.
यह हाईवे ब्रह्मपुर को दक्षिणी ओडिशा से जोड़ने वाला एक अहम रास्ता है. हाईवे के कुछ हिस्से बह गए हैं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है. रास्ता बंद होने के कारण यात्रियों को वापस लौटते देखा गया.